Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राउरकेला स्टेशन पर नारेबाजी: दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस का AC हुआ फेल, 1 घंटे खड़ी रही ट्रेन

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 08:21 PM (IST)

    दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस के एच-1 कोच का एसी फेल होने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई। राउरकेला स्टेशन पर यात्रियों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसक ...और पढ़ें

    दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस में एच-1 (H1) फर्स्ट एसी कोच के यात्रियों ने जमकर हंगामा मचाया।

    दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस में एच-1 (H1) फर्स्ट एसी कोच के यात्रियों ने जमकर हंगामा मचाया।

    HighLights

    1. यात्रियों ने राउरकेला स्टेशन पर रेलवे के खिलाफ नारेबाजी की।

    2. मरम्मत के कारण साउथ बिहार एक्सप्रेस एक घंटा रुकी रही।

    जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस में शनिवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन दो घंटे विलंब से शाम 5:15 बजे राउरकेला स्टेशन पर पहुंची।
     
    इसके बाद एच-1 (H1) फर्स्ट एसी कोच के यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। यात्री कोच से उतरकर प्लेटफॉर्म पर हंगामा और रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
     

    दुर्ग से खुलते ही आई खराबी, शिकायत के बावजूद नहीं हुई मरम्मत

    यात्रियों का आरोप है कि ट्रेन के दुर्ग स्टेशन से रवाना होने के कुछ समय बाद ही एच-1 कोच के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई थी। 
     
    इसकी सूचना तत्काल ट्रेन में मौजूद एसी मेंटेनर को दी गई, लेकिन उसने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। समय रहते मरम्मत न होने से राउरकेला पहुंचने तक पूरे कोच का एसी सिस्टम पूरी तरह ठप हो गया।
     
    बंद एसी के कारण कोच के भीतर भारी उमस और दमघोंटू स्थिति बन गई, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सांस लेने में काफी कठिनाई हुई। 
     

    राउरकेला में 1 घंटे खड़ी रही ट्रेन 

    राहत पाने के लिए जैसे ही ट्रेन राउरकेला रुकी, यात्री तुरंत प्लेटफॉर्म पर उतर आए और विरोध जताने लगे। हंगामे की जानकारी मिलते ही आरपीएफ, स्टेशन मास्टर और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। 
     
    उन्होंने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और तकनीकी टीम को तुरंत मरम्मत कार्य में लगाया। इस प्रक्रिया में साउथ बिहार एक्सप्रेस लगभग 1 घंटे तक राउरकेला स्टेशन पर रुकी रही और शाम करीब 6:30 बजे आरा के लिए रवाना हो सकी। 

    राउरकेला स्टेशन पर एसी खराब होने की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई। तकनीकी टीम को तत्काल मौके पर भेजकर राउरकेला में फर्स्ट एसी कोच की अस्थायी (टेंपरेरी) मरम्मत कराई गई और ट्रेन को टाटानगर के लिए रवाना किया गया। टाटानगर स्टेशन पर उस खराब एसी कोच को पूरी तरह बदलकर दूसरा फर्स्ट एसी कोच जोड़ा जाएगा, ताकि शेष यात्रा में यात्रियों को कोई असुविधा न हो।

    -

    आदित्य चौधरी, सीनियर डीसीएम चक्रधरपुर रेल मंडल