West Singhbhum: उपायुक्त मनीष कुमार के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल, जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने उपायुक्त मनीष कुमार के नाम से बनी फर्जी फेसबुक प्रोफाइल को लेकर लोगों को सतर्क किया है। ...और पढ़ें

उपायुक्त मनीष कुमार।
HighLights
उपायुक्त मनीष कुमार के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल का खुलासा।
जिला प्रशासन ने साइबर ठगी से बचने के लिए अलर्ट जारी किया।
फर्जी प्रोफाइल बनाने वालों पर साइबर सेल ने कानूनी कार्रवाई शुरू की।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने उपायुक्त मनीष कुमार के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर बनाई गई फर्जी फेसबुक प्रोफाइल को लेकर आम लोगों को सतर्क किया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों ने उपायुक्त की आधिकारिक तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी आईडी बनाई है, जिसका उपयोग लोगों को गुमराह करने या साइबर ठगी के लिए किया जा सकता है।
प्रशासन ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल के माध्यम से कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आम नागरिकों से अपील की गई है कि इस फर्जी प्रोफाइल से आने वाली किसी भी फ्रेंड रिक्वेस्ट, संदेश, आर्थिक सहायता की मांग या अन्य किसी प्रकार के अनुरोध पर विश्वास न करें और न ही अपनी निजी अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा करें।
प्रशासन कि ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति को इस फर्जी फेसबुक प्रोफाइल से कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है या साइबर ठगी का प्रयास किया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा साइबर क्राइम सेल को दें। आपात स्थिति में 112 पर भी संपर्क किया जा सकता है।