Couture और Silhouette सुनकर कन्फ्यूज होते हैं? आसान भाषा में समझें फैशन की दुनिया के भारी भरकम शब्दों का मतलब
फैशन की दुनिया में कुट्योर, सिलुएट और एन्सेम्बल जैसे शब्दों का खूब इस्तेमाल होता है। ये कपड़ों की गुणवत्ता, सिलाई ...और पढ़ें

महंगे कपड़ों के साथ फैशन नॉलेज भी है जरूरी (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। फैशन की दुनिया कपड़ों के मास प्रोडक्शन से कहीं ज्यादा बढ़कर है। जब हम रनवे से लेकर स्ट्रीट स्टाइल फैशन की बात करते हैं, तो अक्सर कुछ खास शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है, जो कपड़ों को बनाने की तकनीक और लग्जरी को दिखाते हैं।
अगर आप भी फैशन में रुचि रखते हैं या फैशन के बारे में जानना चाहते हैं, तो उन खास शब्दों का मतलब आपको पता होना चाहिए। ये शब्द कपड़े की क्वालिटी, सिलाई के तरीके और आपकी चॉइस को समझने में काफी मदद करते हैं। आइए जानें फैशन की दुनिया की बेसिक वोकैबुलरी के बारे में।
कुट्योर
कुट्योर (Couture) का मतलब होता है किसी फैशन डिजाइनर का डिजाइन किया हुआ हाई एंड और प्रीमियम क्वालिटी का कपड़ा। फैशन की भाषा में इसे ओट कुट्योर (Haute Couture) कहा जाता है। यानी बहुत अच्छी क्वालिटी और सिलाई वाला कपड़ा।
ये कपड़े मास-प्रोडक्शन के लिए नहीं होते। इन्हें बहुत ही काबिल कारीगर अपने हाथों से बनाते हैं और इसका कपड़ा भी काफी अच्छा क्वालिटी का होता है।
सिलुएट
इसका मतलब होता है कि किसी भी आउटफिट का शरीर पर आने वाला आकार या आउटलाइन। जब आप कोई ड्रेस पहनते हैं, तो वो आपके शरीर पर किसी तरह का स्ट्रक्चर या शेप बनाती है, उसे सिलुएट कहा जाता है, जैसे- ए लाइन, मरमेड, स्ट्रेट कट आदि। सही सिलुएट आपके बॉडी शेप को और भी अट्रैक्टिव बनाती है। इसलिए किसी भी आउटफिट की फिटिंग को बताने के लिए सिलुएट (Silhouette) चेक किया जाता है।
एन्सेम्बल
कपड़ों और एक्सेसरीज को मिलाकर तैयार किया गया पूरा आउटफिट एन्सेम्बल या ऑनसाम्बल (Ensemble) कहलाता है। जब हम किसी खास अवसर के लिए अपने कपड़ों से लेकर जूते, हैंडबैग, बेल्ट और गहनों को एक-दूसरे को कॉमप्लीमेंट करने के लिए चुनते हैं, तो उसे एन्सेम्बल कहा जाता है।
बिस्पोक
बिस्पोक (Bespoke) का मतलब होता है किसी एक व्यक्ति के लिए खासतौर से कस्टमाइज करके तैयार किया गया आउटफिट। जब कोई गारमेंट किसी ब्रांड के रेडीमेड स्टॉक से नहीं, बल्कि कस्टमर की पर्सनल चॉइस, माप, शरीर के आकार और डिजाइन को ध्यान में रखकर खासतौर से बनाया जाता है, तो उसे बिस्पोक कहते हैं।
शीक
शीक (Chic) का मतलब होता है स्टाइलिश, ट्रेंडी और एलिगेंट। फैशन की दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले शब्दों में से ये एक है। शीक उन कपड़ों या लुक्स को कहा जाता है, जो दिखने में काफी सोबर, ग्रेसफुल और क्लासी लगते हैं।
