गुलाब की पंखुड़ियों से घर पर बनाएं 100% शुद्ध रोज वॉटर, मिलेगी एकदम बेदाग और निखरी त्वचा
गुलाब की पंखुड़ियों से घर पर शुद्ध गुलाब जल त्वचा को ठंडक, नमी और ताजगी देते हैं। ...और पढ़ें

कैसे बनाएं घर पर शुद्ध गुलाब जल? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल हर कोई ग्लोइंग और हेल्दी स्किन पाना चाहता है, लेकिन केमिकल बेस्ड प्रॉडक्ट्स कई बार त्वचा को नुकसान पहुंचा देते हैं। ऐसे में नेचुरल स्किन केयर प्रॉडक्ट्स सबसे सुरक्षित और असरदार ऑप्शन माना जाता है, जैसे कि गुलाब जल एक पुराना और भरोसेमंद उपाय है, जो त्वचा को ठंडक, नमी और ताजगी देता है।
अगर इसे घर पर शुद्ध तरीके से बनाया जाए, तो इसके फायदे और भी बढ़ जाते हैं और आप बिना किसी केमिकल के अपनी स्किन को निखार सकते हैं। आइए जानें कैसे आप घर पर भी आसानी से शुद्ध गुलाब जल बना सकते हैं।
उबालकर गुलाब जल बनाना
इसे बनाने के लिए ताजे गुलाब की पंखुड़ियां लें और उन्हें साफ पानी से धो लें। अब एक पैन में पंखुड़ियां डालकर इतना पानी डालें कि वे पूरी तरह डूब जाएं। इसे धीमी आंच पर उबलने के लिए रख दें। कुछ समय बाद पंखुड़ियां अपना रंग छोड़ देंगी और पानी हल्का गुलाबी हो जाएगा। जब ऐसा हो जाए, गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें। ठंडा होने पर इसे छानकर कांच की बोतल में भर लें। रोज के इस्तेमाल के लिए गुलाब जल तैयार है।
भाप से शुद्ध गुलाब जल बनाना
इससे बना गुलाब जल ज्यादा शुद्ध और प्रभावी होता है। इसके लिए एक बड़े बर्तन में गुलाब की पंखुड़ियां फैलाकर रखें और बीच में एक कटोरा रख दें। अब बर्तन में इतना पानी डालें कि पंखुड़ियां गीली हो जाएं, लेकिन पानी कटोरे में न जाए।
खबरें और भी
बर्तन को उल्टे ढक्कन से ढकें और ऊपर बर्फ रखें। धीमी आंच पर गर्म करने से भाप बनेगी, जो ढक्कन से टकराकर ठंडी होकर बूंदों में बदल जाएगी और कटोरे में इकट्ठा होगी,जिसे ठंडा करके स्टोर करें।
गुलाब जल के फायदे
गुलाब जल त्वचा को गहराई से हाइड्रेट कर उसे सॉफ्ट व फ्रेश बनाता है। इसमें मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण पिंपल्स और जलन को कम करते हैं।यह एक नेचुरल टोनर की तरह काम करता है, जिससे त्वचा के पोर्स टाइट होते हैं और स्किन स्मूद दिखती है। गर्मियों में यह सनबर्न और स्किन इरिटेशन से राहत देने में भी फायदेमंद होता है और चेहरे पर नेचुरल ग्लो लाता है।
इस्तेमाल करने का तरीका
इसे रोज सुबह और शाम कॉटन की मदद से चेहरे पर लगा सकते हैं। इसे फेस पैक, उबटन या क्लींजर में मिलाकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। मेकअप हटाने के बाद इसे टोनर की तरह लगाने से त्वचा साफ और ताजा महसूस करती है।