Skincare Decoded: एक्ने और ब्लैकहेड्स साफ कर सकता है Salicylic Acid? इस्तेमाल से पहले जानें ये बातें
सैलिसिलिक एसिड त्वचा के पोर्स में छिपी गंदगी को साफ करने में मदद करता है। इससे एक्ने और ब्लैकहेड्स की समस्या कम होती है। ...और पढ़ें

सैलिसिलिक एसिड से मिलेगी क्लीयर स्किन (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बेदाग और निखरी त्वचा पाना हम सभी की चाहत होती है, लेकिन मुहांसे, ब्लैकहेड्स और ऑयली स्किन अक्सर इस सपने के आड़े आ जाते हैं। स्किन केयर की दुनिया में सैलिसिलिक एसिड एक ऐसा मैजिक इंग्रीडिएंट है, जिसे एक्सपर्ट्स त्वचा की डीप क्लींजिंग के लिए सबसे असरदार मानते हैं।
अगर आप भी इस पावरफुल इंग्रीडिएंट को अपने स्किन केयर रूटीन का हिस्सा बनाने की सोच रहे हैं, तो जाहिर है आपके मन में इसके सही इस्तेमाल, सही समय और सही मात्रा को लेकर कई सवाल होंगे। आइए इन्हीं सवालों के जवाब डॉ. चांदनी जैन गुप्ता (डर्मेटोलॉजिस्ट एंड एस्थेटिक फिजिशियन, एलांटिस हेल्थकेयर, नई दिल्ली) से जानते हैं।
सैलिसिलिक एसिड त्वचा पर कैसे काम करता है?
सैलिसिलिक एसिड एक बीटा हाइड्रोक्सी एसिड (BHA) है। यह त्वचा के पोर्स में गहराई तक जाकर एक्स्ट्रा ऑयल को घोलता है और डेड स्किन सेल्स को हटाता है। यह ऑयली और मुहांसों वाली त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद है क्योंकि यह बंद पोर्स को खोलकर ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स और सूजन को कम करता है, जिससे त्वचा की बनावट में सुधार आता है।

(AI Generated Image)
क्या सैलिसिलिक एसिड के इस्तेमाल से शुरू में मुहांसे बढ़ जाते हैं?
जी हां, इसे पर्जिंग कहते हैं। इस्तेमाल के शुरुआती हफ्तों में मुहांसे बढ़ सकते हैं क्योंकि यह स्किन सेल्स के टर्नओवर को तेज कर देता है, जिससे अंदर छिपी गंदगी सतह पर आ जाती है। आमतौर पर यह 2 से 4 हफ्तों में ठीक हो जाता है। लेकिन अगर जलन लंबे समय तक बनी रहे, तो हो सकता है कि यह आपकी स्किन को सूट नहीं कर रहा है।
खबरें और भी
क्या इससे पोर्स का आकार छोटा हो जाता है?
सैलिसिलिक एसिड असल में पोर्स को सिकोड़कर छोटा नहीं कर सकता, लेकिन यह उन्हें छोटा दिखा जरूर सकता है। जब पोर्स से तेल और गंदगी साफ हो जाती है, तो वे कम नजर आते हैं। नियमित इस्तेमाल से त्वचा साफ और चिकनी दिखने लगती है।
1% या 2%- कितना कॉन्सनट्रेशन ज्यादा बेहतर है?
मुहांसों और बंद पोर्स के लिए 2% की मात्रा ज्यादा असरदार होती है क्योंकि यह गहराई तक जाती है। हालांकि, सेंसिटिव स्किन वालों के लिए इसमें जलन का खतरा हो सकता है। ऐसे में शुरुआती लोग 1% से शुरू कर सकते हैं और धीरे-धीरे इसकी मात्रा बढ़ा सकते हैं।
इसका असर दिखने में कितना समय लगता है?
स्किन के ऑयल कंट्रोल और टेक्सचर में सुधार 1 से 2 हफ्तों में दिखने लगता है। लेकिन मुहांसों और ब्लैकहेड्स में कमी देखने के लिए 4 से 6 हफ्तों तक लगातार इस्तेमाल की जरूरत होती है।
इसे दिन में लगाना चाहिए या रात में?
सैलिसिलिक एसिड का इस्तेमाल रात में करना सबसे अच्छा माना जाता है। यह त्वचा को एक्सफोलिएट करता है, इसलिए त्वचा सूरज की किरणों के लिए सेंसिटिव हो सकती है। अगर आप इसे दिन में लगाते हैं, तो बाद में सनस्क्रीन लगाना जरूरी है।
क्या इसे विटामिन-सी या रेटिनोल के साथ इस्तेमाल कर सकते हैं?
- विटामिन-सी- इन्हें अलग-अलग समय पर इस्तेमाल करना बेहतर है। सुबह विटामिन-सी और रात में सैलिसिलिक एसिड का इस्तेमाल करें।
- रेटिनोल- दोनों को एक साथ लगाने से त्वचा में जलन हो सकती है। इन्हें अलग-अलग रातों में इस्तेमाल करना ज्यादा सुरक्षित है।
क्या यह ड्राई या सेंसिटिव स्किन के लिए सुरक्षित है?
ड्राई या संवेदनशील त्वचा वाले लोग इसे सावधानी के साथ इस्तेमाल कर सकते हैं। कम मात्रा और कम बार इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। त्वचा में नमी बनाए रखने के लिए इसके साथ एक अच्छे मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल जरूर करें ताकि जलन या ड्राईनेस की समस्या न हो।
क्या यह एक्टिव एक्ने पर काम करता है?
जी हां, सैलिसिलिक एसिड एक्टिव एक्ने और ब्लैकहेड्स दोनों के लिए बेहद असरदार है। यह पोर्स में जमा ऑयल को साफ करके सूजन कम करता है और नए मुहांसों को आने से रोकता है।