Skincare Decoded: क्या 30 की उम्र में 20 जैसा दिखा सकता है Retinol? एक्सपर्ट ने दिए 10 सवालों के जवाब
स्किनकेयर एक्सपर्ट डॉ. जैस्मीन कौर कोहली ने रेटिनॉल से जुड़े 10 अहम सवालों के जवाब दिए हैं। ...और पढ़ें

Skincare Decoded: क्या है रेटिनॉल लगाने का सही समय और तरीका? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। इन दिनों स्किनकेयर की दुनिया में 'रेटिनॉल' की काफी चर्चा है। लोग इसे जवां और बेदाग त्वचा का जादुई नुस्खा मान रहे हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसका सही इस्तेमाल कैसे किया जाता है?
हमारी 'स्किनकेयर एक्टिव्स' सीरीज के तीसरे भाग में, हम रेटिनॉल पर विस्तार से बात कर रहे हैं। कैलाश दीपक अस्पताल की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. जैस्मीन कौर कोहली से की गई खास बातचीत के आधार पर, आइए जानते हैं कि रेटिनॉल क्या है, इसे कब और कैसे लगाना चाहिए, और किन लोगों को इससे बचना चाहिए।

(Image Source: AI-Generated)
सवाल 1: रेटिनॉल आखिर क्या है और यह कैसे काम करता है?
जवाब: रेटिनॉल मुख्य रूप से विटामिन ए का ही एक रूप है, जो आज स्किनकेयर का बहुत अहम हिस्सा बन चुका है। यह हमारी त्वचा की पुरानी और बेजान कोशिकाओं को हटाकर नई कोशिकाओं को तेजी से ऊपर लाने का काम करता है। इस प्रक्रिया को 'स्किन सेल टर्नओवर' कहते हैं। समय के साथ यह त्वचा की बनावट को सुधारता है, झुर्रियां कम करता है, बंद पोर्स खोलता है और स्किन टोन को एक समान बनाता है। साथ ही, यह कोलेजन भी बढ़ाता है जिससे त्वचा कसी हुई और मुलायम बनी रहती है।
सवाल 2: रेटिनॉल का इस्तेमाल किस उम्र में शुरू करना चाहिए?
जवाब: इसे शुरू करने की कोई एक "सही उम्र" तय नहीं है। यह पूरी तरह से आपकी त्वचा की जरूरतों पर निर्भर करता है। ज्यादातर लोग 20 के दशक के आखिरी सालों या 30 की उम्र की शुरुआत में इसे लगाना शुरू करते हैं, जब चेहरे पर झुर्रियां या जिद्दी मुहांसे दिखने लगते हैं। अगर आपको बहुत ज्यादा ब्रेकआउट्स होते हैं, तो आप विशेषज्ञ की सलाह से इसे जल्दी भी शुरू कर सकते हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि हमेशा शुरुआत बहुत कम मात्रा और एक माइल्ड फॉर्मूले से करें।
खबरें और भी
सवाल 3: क्या रेटिनॉल का इस्तेमाल रोजाना कर सकते हैं?
जवाब: रेटिनॉल का इस्तेमाल आपको कभी भी रोज नहीं करना चाहिए। यह काफी स्ट्रॉन्ग स्किनकेयर एक्टिव है, इसलिए शुरुआत में इसे हफ्ते में केवल 2 से 3 बार ही लगाएं। जब आपकी त्वचा इसकी आदी हो जाए, तब धीरे-धीरे इसका इस्तेमाल बढ़ाएं। अगर आप शुरू से ही इसे रोज लगाएंगे, तो त्वचा रूखी होकर छिल सकती है या उसमें जलन हो सकती है। हमेशा अपनी त्वचा की जरूरत को समझें और परेशानी होने पर इसका इस्तेमाल कम कर दें।
सवाल 4: 'रेटिनॉल पर्ज' क्या होता है और यह कितने समय तक रहता है?
जवाब: जब आप रेटिनॉल लगाना शुरू करते हैं, तो शुरुआत में आपके मुहांसे अचानक बढ़ सकते हैं, इसे 'पर्ज' कहते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि त्वचा की कोशिकाएं तेजी से बदल रही होती हैं, जिससे अंदर छिपी गंदगी और बंद पोर्स तेजी से बाहर आ जाते हैं। यह स्थिति आमतौर पर कुछ हफ्तों तक चलती है। हालांकि, अगर यह हफ्तों से ज्यादा चले या त्वचा में बहुत दर्द और जलन महसूस हो, तो यह 'पर्ज' नहीं बल्कि इरिटेशन हो सकता है। ऐसे में आपको इसका इस्तेमाल कम करना चाहिए।
सवाल 5: रेटिनॉल को हमेशा रात में ही क्यों लगाना चाहिए?
जवाब: रेटिनॉल को केवल रात में ही लगाना चाहिए क्योंकि सूरज की रोशनी में यह ब्रेक हो जाता है और इसका असर कम हो जाता है। साथ ही, यह आपकी त्वचा को धूप के प्रति बहुत सेंसिटिव बना देता है। रात के समय हमारी त्वचा प्राकृतिक रूप से खुद को रिपेयर कर रही होती है, इसलिए इस समय रेटिनॉल सबसे बेहतरीन तरीके से काम करता है।
सवाल 6: क्या रेटिनॉल और विटामिन-सी को एक साथ इस्तेमाल कर सकते हैं?
जवाब: हां, आप कर सकते हैं, लेकिन इन्हें दिन के अलग-अलग समय पर लगाना सबसे सुरक्षित होता है। आप सुबह के समय विटामिन सी लगाएं और रात के समय रेटिनॉल का इस्तेमाल करें। दोनों को एक साथ लगाने से त्वचा में जलन हो सकती है, खासकर उन लोगों को जो स्किनकेयर में नए हैं। इन्हें अलग-अलग समय पर लगाने से त्वचा पर दबाव नहीं पड़ता और आपको दोनों के बेहतरीन फायदे मिलते हैं।
सवाल 7: अगर रेटिनॉल सिर्फ रात में लगाएं, क्या तब भी दिन में सनस्क्रीन की जरूरत है?
जवाब: बिल्कुल! अगर आप रात में रेटिनॉल लगाते हैं, तो दिन में सनस्क्रीन लगाना और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है। रेटिनॉल त्वचा को धूप के प्रति संवेदनशील बनाता है, जिससे दिन में सनबर्न, झाइयां या जलन होने का खतरा बढ़ जाता है। बिना ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन के आपको रेटिनॉल के पूरे फायदे नहीं मिलेंगे और आपकी त्वचा को नुकसान भी पहुंच सकता है।
सवाल 8: रेटिनॉल के साथ किन स्किनकेयर इंग्रीडिएंट्स को मिलाने से बचना चाहिए?
जवाब: रेटिनॉल के साथ स्ट्रॉन्ग एक्सफोलिएटिंग एसिड्स जैसे AHAs, BHAs या अन्य स्ट्रॉन्ग एक्टिव्स को एक साथ मिलाने से बचना चाहिए। एक ही समय में त्वचा पर बहुत सारे एक्टिव्स लगाने से त्वचा रूखी, लाल और इरिटेट हो सकती है, साथ ही उनका असर भी कम हो सकता है। अगर आप इन सबका इस्तेमाल करना ही चाहते हैं, तो इन्हें अलग-अलग रातों में लगाएं ताकि त्वचा का संतुलन न बिगड़े।
सवाल 9: रेटिनॉल के अच्छे रिजल्ट दिखने में कितना समय लगता है?
जवाब: इसके लिए आपको थोड़ा धैर्य रखना होगा। त्वचा की बाहरी बनावट में आपको जल्द ही कुछ बदलाव दिख सकते हैं, लेकिन झुर्रियों, मुहांसों और पिगमेंटेशन को पूरी तरह से ठीक होने में 8 से 12 हफ्ते या उससे भी अधिक का समय लग सकता है। लगातार और सही तरीके से इस्तेमाल करना ही सबसे अच्छे परिणाम देता है।
सवाल 10: किन लोगों को रेटिनॉल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए?
जवाब: रेटिनॉल हर टाइप की स्किन के लिए सही नहीं है। जिनकी त्वचा बहुत ज्यादा सेंसिटिव या डैमेज है, उन्हें इससे परेशानी हो सकती है, खासकर तब जब उन्हें इसे लगाने का सही तरीका न पता हो। इसके अलावा, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी इसका इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए। अगर आपको अपनी त्वचा को लेकर कोई शंका है, तो इसे शुरू करने से पहले डर्मेटोलॉजिस्ट से जरूर बात करें।