Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Skincare Decoded: क्या रोज कर सकते हैं Glycolic Acid का यूज? एक्सपर्ट ने दिए 10 जरूरी सवालों के जवाब

    Updated: Mon, 04 May 2026 06:00 PM (IST)

    बेदाग, मुलायम और निखरी त्वचा की चाहत किसे नहीं होती? इसके लिए 'ग्लाइकोलिक एसिड' का इस्तेमाल काफी कारगर माना जाता है। ...और पढ़ें

    Skincare Decoded: स्किनकेयर रूटीन में शामिल करें 'ग्लाइकॉलिक एसिड' (Image Source: AI-Generated)

    Skincare Decoded: स्किनकेयर रूटीन में शामिल करें 'ग्लाइकॉलिक एसिड' (Image Source: AI-Generated) 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हमारी स्किनकेयर एक्टिव्स सीरीज के चौथे भाग में आज हम बात करेंगे एक बेहद खास और पॉपुलर इंग्रीडिएंट- ग्लाइकॉलिक एसिड (Glycolic Acid) के बारे में।

    कैलाश दीपक हॉस्पिटल की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. जैसमीन कौर कोहली ने इसके बारे में कई अहम जानकारियां शेयर की हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि यह क्या है, इसके क्या फायदे हैं और इसका इस्तेमाल करते समय आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

    glycolic acid uses

    (Image Source: Freepik) 

    सवाल 1: ग्लाइकॉलिक एसिड क्या है और यह दूसरे एसिड्स से कैसे अलग है?

    जवाब: ग्लाइकॉलिक एसिड एक अल्फा हाइड्रॉक्सी एसिड (AHA) है। इसके मॉलिक्यूल्स का साइज बहुत छोटा होता है, जिससे यह अन्य एसिड्स के मुकाबले त्वचा के अंदर बहुत आसानी से समा जाता है। यह डेड स्किन के बीच के बॉन्ड को ढीला करके त्वचा को बेहतरीन तरीके से एक्सफोलिएट करता है। लैक्टिक एसिड या मैंडेलिक एसिड जैसे AHAs की तुलना में यह बहुत तेजी से असर दिखाता है, इसलिए इसका इस्तेमाल स्किन को चमकदार और मुलायम बनाने के लिए किया जाता है।

    सवाल 2: त्वचा के लिए इसके मुख्य फायदे क्या हैं?

    जवाब: इसका मुख्य काम स्किन से डेड स्किन को हटाना और उसके टेक्सचर में सुधार करना है। इसके नियमित इस्तेमाल से त्वचा मुलायम, बेदाग और एकसमान दिखती है। यह पोर्स को गहराई से साफ रखता है, जिससे हल्के मुहांसों को दूर करने और डल व खुरदरी त्वचा को ठीक करने में मदद मिलती है।

    सवाल 3: क्या ग्लाइकॉलिक एसिड का इस्तेमाल हर रोज किया जा सकता है?

    जवाब: इसका रोजाना इस्तेमाल प्रोडक्ट की कंसंट्रेशन और आपकी स्किन पर निर्भर करता है। हालांकि, कम स्ट्रेंथ वाले कुछ प्रोडक्ट रोज लगाने के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन ज्यादा इस्तेमाल करने से स्किन में रेडनेस, रूखापन या जलन हो सकती है। इसलिए इसे रोज लगाने के बजाय हफ्ते में कुछ ही दिन लगाना शुरू करें और देखें कि आपकी त्वचा इसे कितना सह पाती है।

    खबरें और भी

    सवाल 4: इसे लगाने का सही समय क्या है - सुबह या रात?

    जवाब: इसे आमतौर पर रात में लगाने की सलाह दी जाती है। चूंकि, यह स्किन को एक्सफोलिएट करता है, इसलिए धूप के प्रति स्किन संवेदनशील हो जाती है। रात में लगाने से त्वचा सीधे धूप से बची रहती है और उसे रातभर में रिकवर होने का समय मिल जाता है। सबसे जरूरी बात है कि आप इसे कभी भी लगाएं, लेकिन दिन में सनस्क्रीन लगाना बहुत जरूरी है।

    सवाल 5: क्या यह सभी स्किन टाइप्स के लिए सेफ है?

    जवाब: ज्यादातर लोग इसका इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन यह हर किसी को सूट नहीं करता। खासकर सेंसिटिव स्किन वालों को ज्यादा स्ट्रेंथ वाले प्रोडक्ट से जलन हो सकती है। इसलिए हमेशा कम स्ट्रेंथ वाले प्रोडक्ट से शुरुआत करें और पहले स्किन पर थोड़ा-सा लगाकर 'पैच टेस्ट' जरूर कर लें ताकि स्किन ज्यादा एक्सफोलिएट न हो।

    glycolic acid

    (Image Source: Freepik)

    सवाल 6: क्या ग्लाइकॉलिक एसिड को रेटिनॉल या विटामिन-सी के साथ मिला सकते हैं?

    जवाब: इन एक्टिव इंग्रीडिएंट्स को एक साथ एक ही स्किनकेयर रूटीन में इस्तेमाल करने से त्वचा में जलन का खतरा काफी बढ़ सकता है। हालांकि, यह पूरी तरह असुरक्षित नहीं है, फिर भी अपनी स्किन के बैरियर को सिक्योर रखने के लिए इन्हें दिन के अलग-अलग समय पर या अलग-अलग दिनों में लगाना बेहतर होता है।

    सवाल 7: क्या इसके इस्तेमाल से 'पर्जिंग' होती है?

    जवाब: ग्लाइकॉलिक एसिड एक्सफोलिएशन के प्रोसेस को तेज कर देता है, जिससे त्वचा के अंदर बंद पोर्स की गंदगी तेजी से बाहर आने लगती है। इससे शुरुआत में कुछ अस्थायी मुहांसे निकल सकते हैं, जिसे 'पर्जिंग' कहते हैं। हालांकि, यह अनुभव सबको नहीं होता। अगर मुहांसे बहुत ज्यादा या लंबे समय तक रहें, तो यह पर्जिंग नहीं बल्कि त्वचा में जलन का संकेत हो सकता है।

    सवाल 8: प्रोडक्ट में ग्लाइकॉलिक एसिड का कितना परसेंटेज होना चाहिए?

    जवाब: अगर आप पहली बार इसका इस्तेमाल कर रहे हैं, तो कम परसेंटेज वाले प्रोडक्ट ही चुनें क्योंकि इनसे जलन होने का डर कम रहता है। ज्यादा स्ट्रेंथ वाले प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल इंटेंसिव ट्रीटमेंट के लिए होता है और इन्हें बहुत सावधानी से इस्तेमाल करना चाहिए। सही रेशियो आपकी स्किन टाइप और आपकी त्वचा की सहनशक्ति पर निर्भर करता है।

    सवाल 9: क्या ग्लाइकॉलिक एसिड के साथ सनस्क्रीन लगाना जरूरी है?

    जवाब: जी हां, सनस्क्रीन लगाना बेहद जरूरी है। ग्लाइकॉलिक एसिड त्वचा की सबसे ऊपरी परत को हटा देता है, जिससे आपकी स्किन सूरज की UV किरणों के प्रति बहुत ज्यादा संवेदनशील हो जाती है। बिना सनस्क्रीन लगाए धूप में जाने से सनबर्न और स्किन डैमेज होने का खतरा बहुत ज्यादा रहता है।

    सवाल 10: क्या इसे बॉडी पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है?

    जवाब: बिल्कुल! चेहरे की तरह आप इसे शरीर पर भी लगा सकते हैं। इसे अक्सर शरीर के उन हिस्सों पर लगाया जाता है जहां की स्किन खुरदरी या असमान होती है। हालांकि, चेहरे की ही तरह शरीर पर भी आपको इसका इस्तेमाल धीरे-धीरे शुरू करना चाहिए और किसी भी तरह की जलन पर नजर रखनी चाहिए।

    यह भी पढ़ें- Skincare Decoded: अल्टीमेट ग्लो के लिए बेस्ट है Niacinamide, बस लगाने से पहले याद रखें 10 बातें

    यह भी पढ़ें- सेंसिटिव स्किन वाले भी कर सकते हैं ग्लाइकॉलिक एसिड का इस्तेमाल, बस इन 5 बातों का रखना होगा ध्यान