Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Skincare Decoded: ड्राई स्किन हो या फाइन लाइन्स... क्या सच में हर मर्ज की दवा है Hyaluronic Acid?

    Updated: Tue, 05 May 2026 06:00 PM (IST)

    हमारी स्किनकेयर एक्टिव्स सीरीज के पार्ट-5 में आपका स्वागत है। इस आर्टिकल में हम बात कर रहे हैं स्किनकेयर की दुनिया के एक बेहद मशहूर नाम की- जो है Hyal ...और पढ़ें

    Skincare Decoded: क्या हर स्किन टाइप के लिए जरूरी है Hyaluronic Acid? (Image Source: AI-Generated)

    Skincare Decoded: क्या हर स्किन टाइप के लिए जरूरी है Hyaluronic Acid? (Image Source: AI-Generated)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या स्किनकेयर प्रोडक्ट्स में 'एसिड' का नाम सुनते ही आपके मन में भी डर बैठ जाता है? अक्सर हमें लगता है कि कोई भी एसिड हमारी स्किन को छील देगा या नुकसान पहुंचाएगा, लेकिन क्या हो अगर हम आपसे कहें कि एक 'एसिड' ऐसा भी है, जो आपकी रूखी और बेजान स्किन के लिए किसी जादू से कम नहीं है?

    हमारी स्किनकेयर एक्टिव्स सीरीज के इस पांचवे भाग में हम बात कर रहे हैं स्किनकेयर की दुनिया के सुपरस्टार- हायलूरॉनिक एसिड (Hyaluronic Acid) की। सीधे शब्दों में कहें, तो यह स्किन की प्यास बुझाने वाला और उसे अंदर से हाइड्रेट करने वाला एक शानदार मॉइस्चर-बाइंडर है।

    क्या इसे रोज लगाना चाहिए? क्या ऑयली स्किन वाले भी इसे लगा सकते हैं? हायलूरॉनिक एसिड को लेकर मन में उठने वाले ऐसे ही ढेरों सवालों और गलतफहमियों को दूर करने के लिए हमने कैलाश दीपक अस्पताल की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. आरज़ू पाहवा से खास बातचीत की है। आइए, सीधे एक्सपर्ट से जानते हैं हायलूरॉनिक एसिड से जुड़े 10 सबसे जरूरी सवालों के जवाब।

    Hyaluronic Acid benefits

    (Image Source: AI-Generated)

    सवाल 1- हायलूरॉनिक एसिड असल में क्या है, और क्या यह सच में एक 'एसिड' है?

    जवाब: लोग 'एसिड' सुनकर अक्सर घबरा जाते हैं कि यह स्किन को छीलने वाली या कोई हार्श चीज होगी, लेकिन हायलूरॉनिक एसिड ऐसा बिल्कुल नहीं है। यह हमारे शरीर और स्किन में पहले से मौजूद एक प्राकृतिक तत्व है, जो नमी बनाए रखने में मदद करता है। इसके नाम में जुड़ा 'एसिड' सिर्फ एक रासायनिक शब्द है। यह स्किन को कोई नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसे हाइड्रेटेड रखता है।

    खबरें और भी

    सवाल 2- क्या ड्राई स्किन वाले हायलूरॉनिक एसिड का इस्तेमाल कर सकते हैं?

    जवाब: हां, ड्राई स्किन को ही इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलता है, लेकिन इसे लगाने का तरीका बहुत मायने रखता है। इसे हमेशा हल्की गीली या नम त्वचा पर लगाना चाहिए ताकि यह पानी को अच्छे से सोख सके। बहुत रूखी स्किन या सूखे मौसम में इसके ऊपर मॉइस्चराइजर लगाना बहुत जरूरी है, ताकि नमी स्किन के अंदर लॉक हो जाए।

    सवाल 3- क्या यह ऑयली और एक्ने-प्रोन स्किन के लिए भी काम करता है?

    जवाब: बिल्कुल! ऑयली स्किन में भी नमी की कमी हो सकती है। हायलूरॉनिक एसिड बिना कोई भारीपन या चिपचिपाहट लाए स्किन को नमी देता है। यह बहुत लाइटवेट होता है और लगभग हर स्किन टाइप को सूट करता है। अगर आप मुंहासों का कोई ऐसा इलाज ले रहे हैं जिससे स्किन रूखी होती है, तो यह स्किन को बैलेंस रखने में बहुत मदद करता है।

    सवाल 4- 'मॉलिक्यूलर वेट' क्या होता है और यह क्यों जरूरी है?

    जवाब: मॉलिक्यूलर वेट का सीधा मतलब हायलूरॉनिक एसिड के कणों के आकार से है। बड़े कण स्किन की ऊपरी सतह पर रहकर नमी को उड़ने से रोकते हैं, जबकि छोटे कण स्किन की परतों के थोड़ा अंदर जाकर गहराई से नमी देते हैं। कई प्रोडक्ट्स में छोटे-बड़े दोनों कणों का एक साथ इस्तेमाल होता है ताकि स्किन को बेहतरीन हाइड्रेशन मिल सके।

    सवाल 5- क्या हायलूरॉनिक एसिड का यूज रोज कर सकते हैं?

    जवाब: हां, आप इसे रोजाना, यहां तक कि दिन में दो बार भी लगा सकते हैं। यह बहुत ही जेंटल होता है क्योंकि यह हमारे शरीर में पहले से मौजूद होता है। स्किन को इसकी आदत पड़ने में कोई परेशानी नहीं होती। अच्छे रिजल्ट के लिए इसे रोजाना मॉइस्चराइजर के साथ इस्तेमाल करना चाहिए।

    सवाल 6- अगर हायलूरॉनिक एसिड सीरम लगाते हैं, तो क्या फिर भी मॉइस्चराइजर की जरूरत है?

    जवाब: हां, बिल्कुल। हायलूरॉनिक एसिड पानी को स्किन की तरफ खींचने का काम करता है, लेकिन उसे लॉक नहीं करता। अगर आप इसके ऊपर मॉइस्चराइजर नहीं लगाएंगे, तो वह नमी हवा में उड़ सकती है। हायलूरॉनिक एसिड नमी खींचता है और आपका मॉइस्चराइजर उस नमी को अंदर सील करके रखता है।

    सवाल 7- क्या हायलूरॉनिक एसिड सच में झुर्रियां दूर करता है?

    जवाब: यह गहरी झुर्रियों को पूरी तरह खत्म तो नहीं करता, लेकिन यह फाइन लाइन्स को काफी हद तक कम कर देता है। जब स्किन अच्छी तरह हाइड्रेट होती है, तो वह प्लंप और स्मूद दिखती है। बढ़ती उम्र वाली गहरी झुर्रियों के लिए अलग ट्रीटमेंट चाहिए होते हैं, यह मुख्य रूप से आपकी स्किन के दिखने और महसूस होने के तरीके को बेहतर बनाता है।

    सवाल 8- क्या प्रेगनेंसी के दौरान हायलूरॉनिक एसिड का यूज करना सेफ है?

    जवाब: चेहरे पर लगाया जाने वाला हायलूरॉनिक एसिड प्रेगनेंसी में आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है। यह सिर्फ स्किन की ऊपरी सतह पर काम करता है और इसके शरीर के अंदर जाने का खतरा नहीं होता है। फिर भी, अपनी रूटीन में कुछ भी नया शामिल करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए।

    सवाल 9- हायलूरॉनिक एसिड को लगाने के बाद स्किन चिपचिपी क्यों लगती है?

    जवाब: ऐसा आमतौर पर तब होता है जब आप इसे बहुत ज्यादा मात्रा में लगा लेते हैं। इसकी सिर्फ कुछ बूंदें ही काफी होती हैं। इसे लगाने के बाद स्किन में समाने के लिए थोड़ा समय दें और फिर दूसरा प्रोडक्ट लगाएं। अगर फिर भी चिपचिपाहट लगे, तो आप कोई हल्का फॉर्मूला इस्तेमाल कर सकते हैं।

    सवाल 10- क्या मौसम का असर हायलूरॉनिक एसिड पर पड़ता है?

    जवाब: हां, कुछ हद तक। यह हवा से नमी खींचकर काम करता है। इसलिए नमी वाले मौसम में यह ज्यादा हाइड्रेटिंग महसूस होता है। वहीं, सूखे मौसम में इसे सही तरीके से लगाना बहुत जरूरी हो जाता है- इसे हमेशा नम स्किन पर लगाएं और तुरंत ऊपर से मॉइस्चराइजर लगाकर नमी को लॉक कर दें।

    यह भी पढ़ें- Skincare Decoded: विटामिन-सी लगाने का बेस्ट टाइम क्या है? ग्लोइंग स्किन के लिए जान लें 10 बातें

    यह भी पढ़ें- Skincare Decoded: अल्टीमेट ग्लो के लिए बेस्ट है Niacinamide, बस लगाने से पहले याद रखें 10 बातें