कम तेल में तैयार करें टेस्टी 'ब्रेड उपमा', सुबह की भागदौड़ में झटपट बनकर हो जाएगा तैयार
समझ नहीं आ रहा बची हुई ब्रेड का क्या करें? मिनटों में तैयार करें ये लाजवाब ब्रेड उपमा... ...और पढ़ें

सुबह की भागदौड़ में मात्र 10 मिनट में बनाएं चटपटा 'ब्रेड उपमा' (Image Source: AI-Generated)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सुबह-सुबह घर में अक्सर यही सवाल गूंजता है- "आज नाश्ते में क्या बनाएं?" ऑफिस जाने की जल्दी, बच्चों को स्कूल भेजने की भागदौड़, और इन सबके बीच एक ऐसा नाश्ता तैयार करना जो हेल्दी भी हो और टेस्टी भी, किसी चुनौती से कम नहीं है।
अगर आप भी इस रोज-रोज की टेंशन से बचना चाहते हैं, तो 'ब्रेड उपमा' आपके लिए एकदम परफेक्ट रेसिपी है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में तेल का इस्तेमाल ना के बराबर होता है और यह मिनटों में बनकर तैयार हो जाता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका।

(Image Source: AI-Generated)
ब्रेड उपमा बनाने के लिए सामग्री
- ब्रेड स्लाइस: 4-5 (ब्राउन या वाइट, जो भी आपको पसंद हो)
- तेल: सिर्फ 1 या 2 छोटे चम्मच
- राई (सरसों के दाने): 1/2 छोटा चम्मच
- कढ़ी पत्ता: 7-8 पत्ते
- हरी मिर्च: 1-2 (बारीक कटी हुई)
- प्याज: 1 (बारीक कटा हुआ)
- टमाटर: 1 (बारीक कटा हुआ)
- हल्दी पाउडर: एक चौथाई छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- नींबू का रस: 1 चम्मच
- हरा धनिया: सजावट के लिए (बारीक कटा हुआ)
- मूंगफली के दाने: थोड़े से (भुने हुए, अगर आप चाहें तो)
ब्रेड उपमा बनाने की विधि
- सबसे पहले ब्रेड की स्लाइस लें और उन्हें छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें। आप चाहें तो इन्हें हाथों से रफली भी तोड़ सकते हैं।
- एक नॉन-स्टिक पैन या कड़ाही लें और उसमें थोड़ा-सा तेल गरम करें। तेल गरम होते ही उसमें राई डाल दें। जब राई चटकने लगे, तब कढ़ी पत्ता और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड तक भूनें।
- अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालें और हल्का गुलाबी होने तक भून लें। प्याज के नरम होते ही इसमें टमाटर, हल्दी और नमक मिला दें। टमाटर को जल्दी गलाने के लिए आप इसमें 2-3 चम्मच पानी के छींटे मार सकते हैं। इसे तब तक पकाएं जब तक टमाटर अच्छे से नरम न हो जाएं।
- जब आपका यह चटपटा मसाला तैयार हो जाए, तो उसमें कटे हुए ब्रेड के टुकड़े डाल दें। हल्के हाथों से इसे अच्छे से मिलाएं ताकि सारा मसाला ब्रेड पर लग जाए। अब गैस धीमी करें और इसे 1 से 2 मिनट के लिए ढककर पकने दें, ताकि ब्रेड नरम हो जाए और मसालों का स्वाद सोख ले।
- अंत में गैस बंद कर दें। ऊपर से नींबू का रस निचोड़ें, भुनी हुई मूंगफली डालें और ताजे हरे धनिये से सजाएं।
- लीजिए। आपका कम तेल वाला, सुपर टेस्टी और हेल्दी ब्रेड उपमा बनकर बिल्कुल तैयार है। इसे अपनी सुबह की चाय या कॉफी के साथ एन्जॉय करें।
यह भी पढ़ें- घर पर ऐसे बनाएं ढाबा स्टाइल चना दाल बिरयानी, स्वाद के साथ मिलेगा भरपूर प्रोटीन और इंस्टेंट एनर्जी