Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिना तंदूर के घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसा 'अमृतसरी पनीर टिक्का', उंगलियां चाटते रह जाएंगे लोग

    Updated: Sat, 14 Mar 2026 05:33 PM (GMT+05:30)

    घर पर भी एक सिंपल रेसिपी को फॉलो करके आसानी से अमृतसरी पनीर टिक्का बना सकते हैं, जिसका स्वाद लाजवाब होता है। ...और पढ़ें

    कैसे बनाएं अमृतसरी पनीर टिक्का? (Picture Courtesy: Freepik)

    कैसे बनाएं अमृतसरी पनीर टिक्का? (Picture Courtesy: Freepik)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पनीर टिक्का एक ऐसा स्टार्टर है जिसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन जब बात 'अमृतसरी पनीर टिक्का' की हो, तो स्वाद का पैमाना थोड़ा और बढ़ जाता है। आप चाहें, तो इसे तंदूर के बिना भी घर पर तवे या ओवन में बड़े आसानी से बना सकते हैं। आइए जानें घर पर अमृतसरी पनीर टिक्का बनाने की आसान रेसिपी। 

    सामग्री 

    • पनीर- 250-300 ग्राम (बड़े चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ)
    • शिमला मिर्च- 1 बड़ी (टुकड़ों में कटी हुई)
    • प्याज- 1 बड़ा (परतों में खुला हुआ)
    • मैरिनेशन (मसाले के घोल) के लिए-
    • गाढ़ा दही- आधा कप
    • भुना हुआ बेसन- 2 बड़े चम्मच 
    • अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 बड़ा चम्मच
    • अजवाइन- आधा छोटा चम्मच 
    • लाल मिर्च पाउडर (कश्मीरी)- 1 चम्मच 
    • हल्दी पाउडर- चौथाई चम्मच
    • कसूरी मेथी- 1 चम्मच
    • चाट मसाला- आधा चम्मच
    • नींबू का रस- 1 बड़ा चम्मच
    • सरसों का तेल- 2 बड़े चम्मच 
    • नमक- स्वादानुसार

    बनाने की विधि 

    • एक बड़े मिक्सिंग बाउल में दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें। अब इसमें भुना हुआ बेसन, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च, हल्दी, नमक, चाट मसाला और नींबू का रस मिलाएं। इन सबको मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें।
    • अब तैयार मसाले में पनीर के टुकड़े, कटी हुई शिमला मिर्च और प्याज डालें। हल्के हाथों से मिलाएं ताकि मसाले की एक परत पनीर और सब्जियों पर अच्छी तरह चढ़ जाए। अब इसे ढककर कम से कम 30 से 45 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। जितना ज्यादा मैरिनेट होगा, स्वाद उतना ही अंदर तक जाएगा।
    • तवे पर बनाने के लिए- एक नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा तेल या मक्खन फैलाएं। मैरिनेट किए हुए पनीर और सब्जियों को तवे पर रखें और मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक सेकें। हर तरफ से पलट-पलट कर पकाएं।
    • ओवन/ग्रिल में- स्क्यूअर्स में एक-एक करके प्याज, शिमला मिर्च और पनीर लगाएं। ओवन को 200°C पर प्रीहीट करें और इसे 15-20 मिनट के लिए ग्रिल करें जब तक कि किनारे हल्के भूरे न हो जाएं।
    • अगर आप रेस्टोरेंट जैसा स्मोकी फ्लेवर चाहते हैं, तो एक जलता हुआ कोयला एक छोटी कटोरी में रखकर पनीर के बीच में रखें। कोयले पर थोड़ा घी डालें और तुरंत ढक्कन बंद कर दें। 2 मिनट बाद ढक्कन हटाएं, टिक्के में तंदूरी खुशबू बस जाएगी।
    • तैयार अमृतसरी पनीर टिक्का के ऊपर थोड़ा सा चाट मसाला और हरा धनिया छिड़कें। इसे लच्छेदार प्याज और पुदीने की तीखी हरी चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें।