Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अंडा करी खाकर हो गए हैं बोर? तो आज डिनर में ट्राई करें स्वादिष्ट और खुशबूदार ऐग कोरमा

    Updated: Sun, 29 Mar 2026 07:01 PM (IST)

    अंडा कोरमा खाने में काफी स्वादिष्ट होता है और इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है। ...और पढ़ें

    कैसे बनाएं अंडा कोरमा? (AI Generated Image)

    कैसे बनाएं अंडा कोरमा? (AI Generated Image)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप अंडा करी खाकर बोर हो चुके हैं, लेकिन अंडे की कोई शानदार डिश खाना चाहते हैं, तो ऐग कोरमा आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन है। मुगलई खानपान से प्रेरित यह डिश अपनी गाढ़ी, मखमली और खुशबूदार ग्रेवी के लिए जानी जाती है। 

    मेहमानों के लिए स्पेशल लंच बनाना हो या डिनर में कुछ लजीज बनाना हो, ऐग कोरमा हर मौके पर फिट बैठता है। आइए जानते हैं रेस्टोरेंट जैसा ऐग कोरमा बनाने की रेसिपी।

    सामग्री 

    • अंडे- 5-6 (उबले हुए)
    • प्याज- 3 बड़े (लंबे कटे हुए, तलने के लिए)
    • दही- 1 कप (अच्छी तरह फेंटा हुआ)
    • अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 बड़ा चम्मच
    • काजू का पेस्ट- 8-10 काजू (भिगोकर पीसे हुए)
    • खड़े मसाले- 1 तेजपत्ता, 2 हरी इलायची, 1 बड़ी इलायची, 3-4 लौंग, 1 दालचीनी का टुकड़ा
    • पिसे मसाले- 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 1.5 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच गरम मसाला
    • तेल/घी- 3-4 बड़े चम्मच
    • नमक- स्वादानुसार
    • बारीक कटा हरा धनिया (गार्निश के लिए)
    Egg Curry (2)
    (AI Generated Image)

    बनाने की विधि

    • सबसे पहले उबले हुए अंडों को छील लें और एक कांटे या चाकू की मदद से उनमें छोटे-छोटे छेद कर दें। एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और चुटकी भर हल्दी-मिर्च डालकर अंडों को हल्का सुनहरा होने तक तल लें।
    • इन्हें निकालकर अलग रख दें। अब उसी तेल में कटे हुए प्याज डालें और उन्हें गहरा सुनहरा होने तक तलें। तले हुए प्याज को ठंडा करके मिक्सी में दरदरा पीस लें या हाथों से क्रश कर लें।
    • अब कड़ाही में बचे हुए तेल या थोड़ा घी डालें में खड़े मसाले डालें। जब मसालों से खुशबू आने लगे, तब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कच्चापन निकलने तक भूनें।
    • अब आंच को बिल्कुल धीमा कर दें। इसमें लाल मिर्च, धनिया और हल्दी पाउडर डालें। मसालों के जलने से बचने के लिए एक चम्मच पानी डाल सकते हैं। इसके बाद फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाएं ताकि दही फटे नहीं। जब मसाले तेल छोड़ने लगें, तब इसमें काजू का पेस्ट और दरदरा पिसा हुआ तला हुआ प्याज डालें।
    • मसाले के भुन जाने पर इसमें उबले हुए अंडे और स्वादानुसार नमक मिलाएं। ग्रेवी की मोटाई के अनुसार आधा से एक कप गुनगुना पानी डालें। अब कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकने दें। लास्ट में गरम मसाला और थोड़ी सी कसूरी मेथी हाथों से रगड़कर डालें।