Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    किसने कहा घर पर नहीं बन सकती बाजार जैसी कुरकुरी जलेबी? नोट करें ये स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी

    Updated: Tue, 23 Jun 2026 02:19 PM (GMT+05:30)

    जलेबी एक ऐसी मिठाई है जिसका नाम सुनते ही किसी के भी चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। ...और पढ़ें

    घर पर हलवाई स्टाइल जलेबी बनाना नहीं है ज्यादा मुश्किल (Image Source: AI-Generated)

    घर पर हलवाई स्टाइल जलेबी बनाना नहीं है ज्यादा मुश्किल (Image Source: AI-Generated) 

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हलवाई की दुकान से आती गरमा-गरम जलेबियों की मीठी खुशबू किसे नहीं ललचाती, लेकिन जब बात इन्हें घर पर बनाने की आती है, तो अक्सर हम यह सोचकर पीछे हट जाते हैं कि यह सही आकार में नहीं बनेगी या फिर बाजार जैसी कुरकुरी नहीं होगी। अगर आपको भी यही लगता है, तो आपकी यह गलतफहमी आज दूर होने वाली है।

    घर पर हलवाई जैसी कुरकुरी और रसीली जलेबी बनाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। इसके लिए बस आपको सही माप और कुछ छोटी-छोटी ट्रिक्स का ध्यान रखना होता है। आज हम आपको जो 'इंस्टेंट जलेबी' की रेसिपी बताने जा रहे हैं, उससे आप बिना खमीर उठाए मिनटों में शानदार जलेबी तैयार कर सकते हैं।

    How to make jalebi at home

    (Image Source: AI-Generated) 

    जलेबी के लिए जरूरी सामग्री

    चाशनी के लिए:

    • 1 कप चीनी
    • 1/2 कप पानी
    • 2-3 कुटी हुई हरी इलायची
    • कुछ धागे केसर के
    • 1 छोटा चम्मच नींबू का रस

    जलेबी के बैटर के लिए:

    • 1 कप मैदा
    • 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर या चावल का आटा
    • 1/4 कप खट्टा दही
    • 1/2 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
    • 1 चुटकी ऑरेंज या पीला फूड कलर (ऑप्शनल)
    • तलने के लिए देसी घी या रिफाइंड तेल

    जलेबी बनाने की आसान विधि

    • एक बर्तन में चीनी और पानी डालकर गैस पर रखें। जब चीनी पानी में पूरी तरह घुल जाए, तो उसमें कुटी हुई इलायची और केसर डाल दें। इसे लगभग 5-7 मिनट तक पकाएं जब तक कि चाशनी हल्की चिपचिपी न हो जाए। गैस बंद करने से पहले इसमें नींबू का रस मिला दें। इससे चाशनी ठंडी होने पर जमेगी नहीं।
    • एक बड़े बाउल में मैदा, कॉर्नफ्लोर और बेकिंग पाउडर को अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें खट्टा दही और खाने वाला रंग डालें। थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए एक चिकना घोल तैयार कर लें। इसे लगातार फेंटें ताकि घोल में कोई गांठ न रहे। ध्यान रहे कि घोल न तो बहुत ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही पानी जैसा पतला।
    • इस तैयार घोल को किसी खाली सॉस की बोतल, पाइपिंग बैग या एक साफ दूध की थैली (जिसका कोना हल्का सा काट लें) में भर लें। अब एक चौड़े और चपटे पैन में घी या तेल गरम करें। याद रखें, जलेबी हमेशा चपटे पैन में ही सही बनती है।
    • तेल के मीडियम गर्म होने पर, हाथों को बीच से शुरू करते हुए बाहर की तरफ गोल-गोल घुमाएं और जलेबी का आकार बनाएं। जलेबियों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक मध्यम आंच पर तलें। तलने के तुरंत बाद गरम जलेबी को सीधे हल्की गरम चाशनी में डाल दें।
    • जलेबी को लगभग 1 से 2 मिनट तक चाशनी में डूबा रहने दें ताकि वह रस को अच्छी तरह अपने अंदर सोख ले। इसके बाद इन्हें निकाल लें। अगर आप चाहते हैं कि जलेबी लंबे समय तक कुरकुरी रहे, तो बैटर में खट्टा दही इस्तेमाल करना न भूलें और तलते समय आंच को बहुत ज्यादा तेज न रखें।
    • बस फिर, तैयार हो जाएगी आपकी बाजार जैसी एकदम कुरकुरी और रसभरी जलेबी। इसे गर्मागर्म दूध या ठंडी-ठंडी रबड़ी के साथ परोसें और अपने परिवार के साथ मजे से खाएं।

    यह भी पढ़ें- गर्मी के मौसम का असली मजा: आम और दही से घर पर बनाएं 'मैंगो श्रीखंड', भूल जाएंगे आइसक्रीम का स्वाद