भूल जाएंगे काजू कतली का स्वाद! जब घर पर बनाएंगे बाजार जैसी परफेक्ट पीनट बर्फी, नोट करें रेसिपी
काजू कतली तो हर त्योहार पर खाते होंगे इस बार रक्षाबंधन पर बनाएं स्वादिष्ट मूंगफली की बर्फी।

त्योहार की मिठास बढ़ाएगी मूंगफली की बर्फी (Image Source: AI-Generated)
HighLights
रक्षाबंधन के लिए घर पर बनाएं स्वादिष्ट पीनट बर्फी
यह बर्फी काजू कतली जैसी मुंह में घुल जाती है
बनाने में आसान और कम खर्चीली मिठाई का विकल्प
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। इन दिनों मिठाइयों में मिलावट के बढ़ते मामले लोगों को बाजार से मिठाइयां न खरीदने पर मजबूर कर रहे हैं, उन्हें ड्राई फ्रूट्स का विकल्प ज्यादा सही लग रहा है। ऐसे में क्यों न इस बार घर पर ही हेल्दी मिठाई तैयार कर ली जाए।
आज हम आपके लिए 'पीनट बर्फी' की एक ऐसी शानदार रेसिपी लाए हैं, जिसे खाकर आपके मेहमान भी तारीफ करते नहीं थकेंगे। यह बर्फी मुंह में जाते ही मक्खन की तरह घुल जाती है और इसका स्वाद बिल्कुल काजू कतली जैसा लगता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में समय और खर्च दोनों बहुत कम लगते हैं।
बर्फी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस स्वादिष्ट मिठाई को बनाने के लिए आपको अपनी रसोई में मौजूद कुछ ही चीजों की जरूरत पड़ेगी:
- कच्ची मूंगफली - 2 कप
- चीनी - 1 कप
- पानी - आधा कप
- देसी घी - 2 से 3 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- मिल्क पाउडर - 2 बड़े चम्मच (स्वाद बढ़ाने के लिए, यह ऑप्शनल है)
पीनट बर्फी बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक कड़ाही लें और उसमें कच्ची मूंगफली को धीमी आंच पर भून लें। ध्यान रखें कि मूंगफली जले नहीं, बस उसका कच्चापन दूर हो जाए।
- जब मूंगफली भुन जाए, तो उसे ठंडा होने दें। फिर हाथों से रगड़कर उसका छिलका उतार लें। अब इन साफ मूंगफलियों को मिक्सर में डालें और रुक-रुक कर चलाते हुए एक बारीक पाउडर तैयार कर लें।
- एक दूसरी कड़ाही में चीनी और पानी डालकर गैस पर रखें। इसे तब तक पकाएं जब तक कि चीनी पिघलकर 'एक तार' की चाशनी न बन जाए।
- अब गैस को बिल्कुल धीमा कर दें और चाशनी में मूंगफली का पाउडर डाल दें। साथ ही इसमें मिल्क पाउडर और इलायची पाउडर भी मिला लें। इसे लगातार चलाते रहें ताकि इसमें कोई गांठ न पड़े।
- जब मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगे और एक साथ इकट्ठा होने लगे, तो उसमें देसी घी डाल दें। इसे 1-2 मिनट और पकाएं और फिर गैस बंद कर दें।
- एक प्लेट या ट्रे पर थोड़ा सा घी लगाकर उसे चिकना कर लें। अब तैयार मिश्रण को ट्रे में डालें और ऊपर से चम्मच की मदद से एक समान फैला लें।
- कुछ घंटों के लिए इसे ठंडा होने दें। जब बर्फी अच्छी तरह सेट हो जाए, तो चाकू की मदद से इसे अपनी मनपसंद शेप में काट लें। लीजिए, तैयार है आपकी स्वादिष्ट और मुंह में घुल जाने वाली पीनट बर्फी।
यह भी पढ़ें- तारीफ करते नहीं थकेंगे घरवाले, जब रक्षाबंधन पर बनाएंगे गुजरात की स्पेशल मलाईदार बासुंदी, नोट करें सीक्रेट रेसिपी
