मूंग या मसूर नहीं, प्रोटीन के मामले में ये दाल है नंबर-1, कहीं आप तो नहीं करते इसे नापसंद?
क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी कटोरी में मौजूद दाल आपको असल में कितना प्रोटीन दे रही है?

किस दाल में पाया जाता है सबसे ज्यादा प्रोटीन? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। घर के सादे भोजन से लेकर दावतों तक, दाल हमारे खाने का एक बेहद अहम हिस्सा होती है। जो लोग वेजिटेरियन हैं, उनके लिए यह प्लांट-बेस्ड प्रोटीन का सबसे बड़ा सोर्स है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी कटोरी में मौजूद दाल आपको असल में कितना प्रोटीन दे रही है? आइए जानते हैं कि कौन-सी दाल प्रोटीन के मामले में सबसे आगे है और इसका पूरा फायदा उठाने का वैज्ञानिक तरीका क्या है।

(Image Source: AI-Generated)
प्रोटीन में कौन सी दाल है नंबर वन?
फ्रंटियर्स इन माइक्रोबायोलॉजी की एक स्टडी में अलग-अलग दालों की जांच की गई। अगर हम 100 ग्राम कच्ची दाल लें, तो उनमें प्रोटीन की मात्रा कुछ इस तरह होती है:
- उड़द दाल (25.21 ग्राम): यह प्रोटीन के मामले में सबसे आगे है।
- मसूर दाल (24.63 ग्राम): यह उड़द दाल को पूरी टक्कर देती है और इसके लगभग बराबर ही है।
- मूंग दाल (23.86 ग्राम): यह भी प्रोटीन के मामले में काफी अच्छी मानी जाती है।
- राजमा (22.53 ग्राम): स्वाद के साथ-साथ यह प्रोटीन से भी भरपूर है।
- चना दाल (20.47 ग्राम): हालांकि यह लिस्ट में सबसे नीचे है, फिर भी इसमें प्रोटीन की अच्छी खासी मात्रा होती है।
सिर्फ दाल खाना नहीं है काफी
भले ही किसी दाल में कितना भी ज्यादा प्रोटीन क्यों न हो, कोई भी दाल अकेले अपने आप में कम्प्लीट प्रोटीन नहीं होती। बता दें, प्रोटीन छोटे-छोटे कणों से बनता है जिन्हें 'अमीनो एसिड' कहते हैं। दालों में एक तरह का अमीनो एसिड बहुत होता है, लेकिन दूसरे तरह का कम होता है। वहीं, चावल और गेहूं में जो अमीनो एसिड होता है, वो दाल में कम होता है।
यही कारण है कि हमारे बड़े-बुजुर्ग हमेशा दाल-चावल, दाल-रोटी या खिचड़ी खाने को कहते हैं। जब आप दाल को चावल या रोटी के साथ मिलाकर खाते हैं, तो दोनों की कमियां दूर हो जाती हैं और आपके शरीर को एक कम्प्लीट प्रोटीन मिल जाता है।
आपको कौन-सी दाल चुननी चाहिए?
- अगर आपको सबसे ज्यादा प्रोटीन चाहिए और आप दाल मखनी, इडली या डोसा जैसी चीजें बनाना चाहते हैं, तो उड़द दाल चुनें।
- अगर आप चाहते हैं कि दाल जल्दी पक जाए, उसका स्वाद हल्का हो और प्रोटीन भी भरपूर मिले, तो मसूर दाल आपके लिए सबसे अच्छी है।
Source: Frontiers
