सब्जियों में चाहिए ढाबे जैसा स्वाद? बाजार का नहीं, घर पर इस तरीके से बनाएं एकदम परफेक्ट 'गरम मसाला'
गरम मसाला खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाता है। इसे आप आसानी से घर पर भी बना सकते हैं। ...और पढ़ें

घर पर बनाएं शुद्ध गरम मसाला (AI Generated Image)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय रसोई में गरम मसाले की खास जगह है। चाहे कोई सब्जी हो या पुलाव, गरम मसाला खाने का स्वाद और खुशबू दोगुना कर देता है। वैसे तो बाजार में कई ब्रांड्स के गरम मसाले के डिब्बे और पैकेट आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन आप घर पर भी गरम मसाला बना सकते हैं।
दरअसल, कई बार बाजार के गरम मसाले में मिलावट होती है, जिससे खाने में वो स्वाद नहीं आ पाता। साथ ही, सेहत को भी नुकसान पहुंचता है। वहीं घर पर पिसा गरम मसाला शुद्ध भी होता है और खाने के खुशबू और स्वाद को भी बढ़ाता है। आइए जानें घर पर कैसे आप बिल्कुल परफेक्ट गरम मसाला पाउडर बना सकते हैं।
सामग्री
- साबुत धनिया- 4 बड़ा चम्मच
- जीरा- 2 बड़ा चम्मच
- शाही जीरा- 1 बड़ा चम्मच
- काली मिर्च- 1 बड़ा चम्मच
- लौंग- 1 छोटा चम्मच
- बड़ी इलायची- 5-6 पीस
- हरी इलायची- 10-12 पीस
- दालचीनी- 3 से 4 बड़े टुकड़े
- जावित्री- 2 फूल
- जायफल- आधा टुकड़ा
- चक्रफूल- 2 पीस
- तेजपत्ता- 3-4 पीस
बनाने की विधि
- सबसे पहले सभी साबुत मसालों को अच्छी तरह देख लें, ताकि उनमें कोई कंकड़ या गंदगी न हो। तेजपत्ता और दालचीनी को हाथों से छोटे टुकड़ों में तोड़ लें ताकि वे आसानी से भुन और पिस सकें।
- अब एक भारी तले वाली कड़ाही या पैन को गैस पर धीमी आंच पर गर्म करें। अब इसमें सबसे पहले धनिया, जीरा, बड़ी इलायची और दालचीनी जैसी बड़ी सामग्रियां डालें। इसके बाद बाकी बचे हुए मसाले भी डाल दें। मसालों को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 2 से 3 मिनट तक भूनें।
- ध्यान रहे, हमें इनका रंग नहीं बदलना है, बस इनकी नमी को दूर करना है, ताकि मसालों से खुशबू रिलीज हो सके।
- जैसे ही मसालों से खुशबू आने लगे, गैस बंद कर दें। मसालों को तुरंत एक सूखी और साफ प्लेट में निकाल लें। इन्हें कड़ाही में न छोड़ें और मसालों को पूरी तरह से ठंडा होने दें।
- जब मसाले पूरी तरह ठंडे हो जाएं, तो उन्हें मिक्सर को रुक-रुक कर चलाते हुए मसालों को थोड़ा दरदरा या अपनी पसंद के अनुसार बारीक पीस लें। लगातार मिक्सी चलाने से मसाला गर्म हो सकता है, जिससे उसकी महक कम हो जाती है।
स्टोर करने का सही तरीका
तैयार गरम मसाला पाउडर को पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद इसे कांच के एक साफ, सूखे और एयर-टाइट जार में भरकर रखें। हवा और नमी से बचाकर रखने पर यह मसाला 4 से 6 महीने तक बिल्कुल फ्रेश रहता है।