Hanuman Jayanti 2026: बजरंगबली को लगाएं अपने हाथों से बनी गोल-गोल बूंदी का भोग, नोट करें रेसिपी
Hanuman Jayanti पर हर भक्त बजरंगबली को प्रसन्न करने के लिए उन्हें तरह-तरह के भोग लगाते हैं, लेकिन हनुमान जी को मीठी और रसीली बूंदी सबसे ज्यादा प्रिय ह ...और पढ़ें

Hanuman Jayanti 2026: घर की बनी शुद्ध रसीली बूंदी से प्रसन्न होंगे बजरंगबली (Image Source: AI-Generated)
HighLights
परफेक्ट बूंदी के लिए बेसन का घोल सही बनाएं
गरम बूंदी को तुरंत चाशनी में डुबोकर रसीला करें
गोल बूंदी बनाने के लिए झारे और घोल का ध्यान रखें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हनुमान जयंती का पावन पर्व हर भक्त के लिए बेहद खास होता है, जो इस बार 2 अप्रैल के दिन मनाया जा रहा है। ऐसे में, अक्सर हम भगवान को भोग लगाने के लिए बाजार से रेडीमेड बूंदी खरीद लाते हैं, लेकिन इस हनुमान जयंती, क्यों न अपने हाथों से और पूरी श्रद्धा के साथ घर पर ही गोल-गोल और मीठी बूंदी बनाई जाए?
जी हां, साफ-सफाई और सच्ची भक्ति के साथ घर में बने प्रसाद की बात ही कुछ और होती है। आइए, बिना किसी देरी के नोट कर लीजिए हलवाई जैसी परफेक्ट रसीली बूंदी बनाने की यह आसान रेसिपी।

(Image Source: AI-Generated)
बूंदी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
बूंदी के घोल के लिए:
- बेसन: 1 कप (छना हुआ)
- पानी: आवश्यकतानुसार (घोल बनाने के लिए)
- देसी घी: तलने के लिए
चाशनी के लिए:
- चीनी: 1.5 कप
- पानी: 1 कप
- इलायची पाउडर: आधा चम्मच (खुशबू के लिए)
- केसर: कुछ धागे
- खरबूजे के बीज: 1 चम्मच (गार्निश के लिए)

(Image Source: AI-Generated)
बूंदी बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक बर्तन में छना हुआ बेसन लें। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक चिकना घोल तैयार कर लें। ध्यान रहे कि घोल में कोई लम्प्स न रहे। घोल न तो बहुत ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला। इसे 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि बेसन अच्छे से फूल जाए।
- अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर गैस पर रखें। जब चीनी पूरी तरह पिघल जाए, तो इसमें इलायची पाउडर और कुछ धागे केसर के डाल दें। हमें इसके लिए बहुत गाढ़ी चाशनी नहीं चाहिए, बस चिपचिपी चाशनी बनानी है। चाशनी तैयार होने पर गैस बंद कर दें।
- एक कड़ाही में घी गर्म करें। बूंदी बनाने के लिए आपको एक छेद वाले चम्मच (जिसे झारा कहते हैं) की जरूरत होगी। झारे को कड़ाही से थोड़ा ऊपर रखें और उस पर बेसन का घोल डालें। घोल अपने आप छोटे-छोटे मोतियों की तरह कड़ाही में गिरेगा। इन्हें हल्का क्रिस्पी होने तक तलें और फिर एक प्लेट में निकाल लें।
- तली हुई गरम बूंदी को तुरंत हल्की गरम चाशनी में डाल दें। इसे अच्छी तरह मिलाएं ताकि हर एक बूंदी के अंदर तक मिठास चली जाए। इसे 20 से 30 मिनट तक ऐसे ही चाशनी में डूबा रहने दें।
- जब बूंदी सारी चाशनी सोख ले, तो ऊपर से खरबूजे के बीज छिड़क दें। लीजिए, बजरंगबली को भोग लगाने के लिए आपकी स्वादिष्ट, रसीली और घर की शुद्ध बूंदी बिल्कुल तैयार है।
गोल और परफेक्ट बूंदी बनाने के खास टिप्स
- झारे की सफाई: हर बार कड़ाही में बूंदी तोड़ने के बाद, झारे को पीछे से साफ कपड़े से पोंछ लें। ऐसा करने से बूंदी का आकार हमेशा गोल आएगा और उसकी पूंछ नहीं निकलेगी।
- घोल की जांच: अगर बूंदी कड़ाही में चपटी हो रही है, तो मतलब घोल पतला है। इसमें थोड़ा बेसन मिला लें। अगर बूंदी लंबी निकल रही है, तो घोल गाढ़ा है, इसमें एक चम्मच पानी मिला लें।
- तेल का तापमान: बूंदी हमेशा तेज आंच और अच्छे गरम तेल में ही डालें, तभी वह एकदम गोल और फूली-फूली बनेगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में हैं, तो Hanuman Janmotsav पर इन 5 मंदिरों में जरूर टेकें माथा; मन को मिलेगी असीम शांति