काटने के कितने देर बाद खराब हो जाते हैं फल? जान लीजिए फ्रिज में कटे फ्रूट्स स्टोर करने के सही नियम
अगर आप भी फलों को काटकर फ्रिज में रखते हैं, तो आपको इन्हें स्टोर करने के नियम जरूर जान लेने चाहिए। ...और पढ़ें

फ्रिज में रखे कटे फल हो सकते हैं खतरनाक? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप भी फलों को काटकर फ्रिज में रखते हैं? कई लोग ऐसा करते हैं कि फलों को काटकर फ्रिज में स्टोर करते हैं, खासकर पपीता या तरबूज जैसे फल। हमें लगता है कि फ्रिज में रखने से ये ताजे और ठंडे रहेंगे, लेकिन क्या आपकी यह आदत आपकी सेहत के लिए सही है?
आइए सवाल का जवाब न्यूट्रिशनिस्ट चारू दुआ (अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद) से जानते हैं कि क्या फ्रिज में कटे हुए फलों को रखना सुरक्षित है और कितनी देर के अंदर कटे हुए फल खा लेने चाहिए।
क्यों खतरनाक हो सकते हैं कटे फल?
दरअसल, जैसे ही हम किसी फल को काटते हैं, वह बाहर की हवा, नमी और कीटाणुओं के संपर्क में आने लगते हैं। इसलिए कटे हुए फल पर साल्मोनेला, लिस्टेरिया और ई. कोलाई जैसे हानिकारक बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है। फ्रिज इन बैक्टीरिया के पनपने की गति को धीमा तो करता है, लेकिन उन्हें पूरी तरह खत्म नहीं करता।
साथ ही, हवा के संपर्क में आने से फलों में ऑक्सीडाइजेशन शुरू हो जाता है, जिससे विटामिन-सी जैसे पोषक तत्व कम होने लगते हैं। आपने देखा होगा कि सेब या केला कटने के कुछ देर बाद भूरा होने लगता है, यह इसी प्रक्रिया का संकेत है।

(AI Generated Image
कितने घंटे तक ठीक रहते हैं कटे फल?
फलों की ताजगी और सुरक्षा उनके प्रकार और तापमान पर निर्भर करती है। अगर कटे हुए फल बाहर रखे हैं, तो उन्हें 4 से 6 घंटे के अंदर खा लेना चाहिए। अगर फ्रिज का तापमान 4 डिग्री सेल्सियर से नीचे है, तो कटे हुए ज्यादातर फल 24 घंटे तक सुरक्षित माने जाते हैं।
खबरें और भी
तरबूज, खरबूजा, पपीता और अनानास जैसे फल जिनमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है, वे जल्दी खराब होते हैं, क्योंकि इनमें नमी के कारण बैक्टीरिया बहुत तेजी से फैलते हैं।
स्टोर करने के दौरान होने वाली आम गलतियां
अक्सर लोग फलों को प्लेट में खुला छोड़ देते हैं या उन्हें एल्युमिनियम फॉयल में ढीला लपेटकर रख देते हैं। बार-बार फ्रिज का दरवाजा खोलने से तापमान में उतार-चढ़ाव होता है, जिससे फलों की गुणवत्ता गिरती है। हर बार जब आप कंटेनर खोलते हैं, तो दूषित हवा अंदर जाती है, जो फल को खराब करने की प्रक्रिया तेज कर देती है।
सुरक्षित रखने के सही तरीके
अगर आपको फल काटकर रखना ही है, तो इन नियमों का पालन करें-
- एयरटाइट कंटेनर- फलों को हमेशा कांच के एयरटाइट कंटेनर में रखें। यह हवा के संपर्क को कम करता है और गंध को फल में जाने से रोकता है।
- स्वच्छता- फल काटने से पहले हाथ, चाकू और कटिंग बोर्ड को अच्छी तरह धोएं। गंदे चाकू से फल काटने पर बैक्टीरिया तुरंत अंदर तक पहुंच जाते हैं।
- तुरंत रेफ्रिजरेशन- फल काटने के तुरंत बाद उन्हें फ्रिज में रख दें।
खराब फल की पहचान कैसे करें?
कभी-कभी फल 24 घंटे के भीतर भी खराब हो सकते हैं। इन संकेतों पर ध्यान दें-
- अगर फल से फर्मेंटेशन जैसी खट्टी गंध आ रही है।
- अगर फल चिपचिपा हो गया है या बहुत ज्यादा पानी छोड़ रहा है।
- अगर फल का रंग बहुत गहरा या काला पड़ गया है।