कड़ाही या तवे पर कैसे बनाएं पिज्जा? नोट करें ये झटपट बनने वाली रेसिपी, हर कोई करेगा तारीफ
बिना ओवन के घर पर बाजार जैसा क्रिस्पी और टेस्टी पिज्जा बनाना अब बहुत आसान है। अगर आप भी पिज्जा लवर हैं और घर पर इसे ट्राई करना चाहते हैं, तो इस आर्टिक ...और पढ़ें

बिना ओवन के घर पर ऐसे तैयार करें क्रिस्पी पिज्जा (Image Source: AI-Generated)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कल्पना कीजिए... बाहर सुहाना मौसम है, आपका मन कुछ चटपटा खाने का है और अचानक आंखों के सामने 'चीज' से लबालब भरे एक गरम पिज्जा की तस्वीर आ जाती है। अब आप सोचेंगे कि "यार, पिज्जा के लिए तो ओवन चाहिए और बाहर से मंगाने में बटुआ ढीला हो जाता है।"
बता दें, आज आपकी वही पुरानी कड़ाही और लोहे का तवा एक ऐसा जादू करने वाले हैं, जिसे देखकर घर के सभी मेंबर्स हैरान रह जाएंगे। बिना किसी तामझाम के, घर की साधारण चीजों से तैयार यह पिज्जा इतना क्रिस्पी और चीजी होगा कि पहली बाइट लेते ही आप कहेंगे- "बाजार वाला पिज्जा तो अब भूल ही जाओ!"

(Image Source: AI-Generated)
बिना ओवन पिज्जा बनाने के लिए सामग्री
सबसे पहले ये चीजें अपनी रसोई में इकट्ठा कर लें:
- पिज्जा बेस के लिए: 2 कप मैदा, आधा कप दही, 1 चम्मच चीनी, नमक (स्वादानुसार), 1 चम्मच बेकिंग पाउडर और आधा चम्मच बेकिंग सोडा
- टॉपिंग्स के लिए: पिज्जा सॉस, मोजेरेला चीज, बारीक कटी शिमला मिर्च, प्याज, स्वीट कॉर्न और पनीर के टुकड़े
- सीजनिंग: चिली फ्लेक्स और ऑरिगेनो
बिना ओवन पिज्जा बनाने की विधि
- एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें नमक, चीनी, बेकिंग पाउडर और सोडा मिलाएं। अब इसमें दही डालकर नरम आटा गूंथ लें। याद रखें, आटा ज्यादा सख्त नहीं होना चाहिए। हल्का-सा तेल लगाकर इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें। इससे आपका पिज्जा बेस एकदम फूला हुआ और सॉफ्ट बनेगा।
- जब तक आटा सेट हो रहा है, एक गहरी कड़ाही लें। उसमें नीचे नमक की एक परत बिछा दें (यह नमक गर्मी को समान रूप से फैलाता है)। इसके ऊपर एक स्टैंड या छोटी कटोरी रखें। कड़ाही को ढक्कन से ढक दें और मध्यम आंच पर 10 मिनट के लिए गरम होने दें।
- आटे की लोई लेकर उसे थोड़ा मोटा बेल लें। अब एक कांटे की मदद से उसमें छोटे-छोटे छेद कर दें ताकि पिज्जा बीच से फूले नहीं। अब इस पर पिज्जा सॉस फैलाएं, फिर ढेर सारा चीज डालें और ऊपर से अपनी पसंद की सब्जियां सजा दें।
- एक प्लेट पर थोड़ा तेल लगाएं और उस पर तैयार पिज्जा रख दें। अब इस प्लेट को सावधानी से कड़ाही के अंदर रखे स्टैंड पर रख दें। कड़ाही को कसकर ढक्कन से बंद कर दें।
- मध्यम आंच पर 12-15 मिनट तक पकाएं। जब चीज पूरी तरह पिघल जाए और किनारे सुनहरे दिखने लगें, तो समझ जाइए आपका मास्टरपीस तैयार है।
- अगर आप तवे पर बना रहे हैं, तो धीमी आंच का इस्तेमाल करें और पिज्जा को एक गहरे बर्तन से ढक दें ताकि ऊपर का चीज भाप से अच्छी तरह मेल्ट हो जाए।
- आखिर में, पिज्जा को कड़ाही से बाहर निकालें, ऊपर से चिली फ्लेक्स और ऑरिगेनो छिड़कें। इसकी खुशबू इतनी लाजवाब होगी कि आपके पड़ोसी भी पूछने चले आएंगे कि "आज घर में क्या बन रहा है?"
यह भी पढ़ें- ब्रेकफास्ट में शामिल करें प्रोटीन से भरपूर 4 तरह के डोसा, वजन घटाने और मसल्स बनाने में मिलेगी मदद