बनानी है शेफ की तरह परफेक्ट कढ़ाई पनीर, तो एक बार जरूर ट्राई करें ये बेहद आसान रेसिपीज
कढ़ाई पनीर बेहद स्वादिष्ट सब्जी है, जो नान, चावल और पराठे सभी के साथ काफी अच्छी लगती है। ...और पढ़ें

घर पर कैसे बनाएं कढ़ाई पनीर? (AI Generated Image)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर कुछ स्पेशल खाने का मन है, तो कढ़ाई पनीर एक बेहतरीन ऑप्शन है। इस डिश में इस्तेमाल होने वाले मसाले, उनकी खूशबू और पनीर की सॉफ्टनेस किसी का भी दिल जीतने के लिए काफी है।
अगर आप भी घर पर ही बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसी कढ़ाई पनीर बनाना चाहते हैं, तो यहां हम दो खास रेसिपी आपके साथ शेयर कर रहे हैं। इनसे आप आसानी से घर पर बेहद स्वादिष्ट कढ़ाई पनीर बना सकते हैं। आइए जानें ये रेसिपीज।
क्लासिक कढ़ाई पनीर
सामग्री
- पनीर- 250 ग्राम (क्यूब्स में कटे हुए)
- प्याज- 3 मीडियम साइज (बारीक कटी)
- टमाटर- 3 (कद्दूकस किए या प्यूरी बनाई हुई)
- शिमला मिर्च- 1 (क्यूब्स में कटी)
- अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 बड़ा चम्मच
- कढ़ाई मसाला- 2 छोटे चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- हल्दी- ½ छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- नमक- स्वाद अनुसार
- तेल- 2 बड़े चम्मच
- हरा धनिया- सजाने के लिए
बनाने की विधि
- सबसे पहले कढ़ाई में तेल गर्म करें और प्याज डालकर सुनहरा भूनें।
- अब अदरक-लहसुन पेस्ट डालें और खुशबू आने तक भूनें।
- इसके बाद टमाटर प्यूरी, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालें।
- मसाला पकने लगे तो शिमला मिर्च डालकर 2–3 मिनट तक चलाते हुए पकाएं।
- अब पनीर क्यूब्स डालें और ऊपर से कढ़ाई मसाला मिलाएं।
- धीमी आंच पर 5 मिनट तक ढककर पकाएं जिससे मसाले आपस में अच्छे से मिल जाएं।
- लास्ट में हरा धनिया डालकर सर्व करें।
कढ़ाई पनीर विद क्रीम ट्विस्ट
सामग्री
- पनीर- 250 ग्राम
- टमाटर- 3 (प्यूरी बनाई हुई)
- प्याज- 2 (पेस्ट बनाई हुई)
- अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 छोटा चम्मच
- ताजा क्रीम- 3 बड़े चम्मच
- गरम मसाला- ½ छोटा चम्मच
- कश्मीरी लाल मिर्च- 1 छोटा चम्मच
- काजू पेस्ट- 2 बड़े चम्मच (10 काजू भिगोकर पीस लें)
- मक्खन- 2 बड़े चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- कसूरी मेथी- 1 छोटा चम्मच
बनाने की विधि
- सबसे पहले मक्खन गरम करें और इसमें प्याज का पेस्ट डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
- अब अदरक-लहसुन पेस्ट डालें, फिर टमाटर प्यूरी और सारे मसाले डालें।
- जब तेल अलग होने लगे, तब काजू पेस्ट डालें और 2–3 मिनट तक चलाएं।
- अब पनीर क्यूब्स डालें, थोड़ी क्रीम डालें और 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
- गैस बंद करें, ऊपर से बची क्रीम और कसूरी मेथी डालें।
- यह रेसिपी हल्की मीठी, क्रीमी और रिच फ्लेवर वाली है, जो पार्टी या खास मौके के लिए परफेक्ट रहती है।
सर्विंग टिप्स- दोनों रेसिपीज नान, तंदूरी रोटी या जीरा राइस के साथ सर्व करें। ऊपर से बटर और हरा धनिया डालने से स्वाद और भी बढ़ जाता है।