Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मैदे की जगह आटे से बनाएं सुपर हेल्दी पनीर रैप, बच्चों के स्कूल टिफिन के लिए बेस्ट है यह रेसिपी

    Updated: Mon, 30 Mar 2026 04:03 PM (IST)

    बच्चों को लंच में कुछ हेल्दी और टेस्टी देना चाहते हैं, तो पनीर रैप एक बेहतरीन ऑप्शन है। ...और पढ़ें

    बच्चों के टिफिन के लिए परफेक्ट है पनीर रैप (Picture Courtesy: Freepik)

    बच्चों के टिफिन के लिए परफेक्ट है पनीर रैप (Picture Courtesy: Freepik)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सुबह की भागदौड़ में बच्चों के स्कूल टिफिन के लिए कुछ ऐसा सोचना जो पौष्टिक भी हो और जिसे बच्चे खुशी-खुशी पूरा खत्म करें, किसी चुनौती से कम नहीं है। पनीर रैप एक ऐसा बेहतरीन विकल्प है जो प्रोटीन से भरपूर है और दिखने में इतना आकर्षक कि बच्चे इसे देखते ही खाने के लिए उतावले हो जाएंगे।

    पनीर न केवल बच्चों की हड्डियों के विकास के लिए अच्छा है, बल्कि इसे सब्जियों के साथ मिलाकर देने से उन्हें जरूरी विटामिन्स भी मिल जाते हैं। आइए जानते हैं झटपट बनने वाले इस स्वादिष्ट पनीर रैप की रेसिपी।

    सामग्री

    • रैप के लिए- 2 गेंहू के आटे की ताजी रोटियां या परांठे
    • पनीर की फिलिंग के लिए- 150 ग्राम पनीर (छोटे क्यूब्स में कटा हुआ), 1 बारीक कटा प्याज, 1 बारीक कटी शिमला मिर्च, और थोड़ी सी कद्दूकस की हुई गाजर
    • मसाले- आधा छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, स्वादानुसार नमक, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और आधा चम्मच गरम मसाला
    • सॉस- 1 बड़ा चम्मच मेयोनीज, 1 बड़ा चम्मच टोमेटो केचप और थोड़ी सी हरी चटनी
    • अन्य- थोड़ा सा मक्खन या तेल और बारीक कटा हुआ हरा धनिया
    Paneer Wrap (1)
    (AI Generated Image)

    बनाने की विधि 

    • सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल या मक्खन गरम करें। इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर हल्का भूनें। अब कटा हुआ प्याज डालें और उसे गोल्डन ब्राउन होने तक पकाएं।
    • इसके बाद शिमला मिर्च और गाजर डालकर 2 मिनट तक तेज आंच पर भूनें। अब इसमें पनीर के क्यूब्स और सभी सूखे मसाले मिलाकर 2-3 मिनट तक अच्छे से टॉस करें और लास्ट में हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।
    • अगर आपके पास रात की बची हुई रोटियां हैं, तो उन्हें हल्का सा घी लगाकर तवे पर गरम कर लें, लेकिन ताजी रोटियां इस्तेमाल करना और भी बेहतर है। बच्चों के लिए आटे की रोटी मैदे से कहीं ज्यादा स्वस्थ विकल्प है।
    • अब रोटी को एक प्लेट पर रखें। अब इसके बीचों-बीच एक तरफ मेयोनीज और दूसरी तरफ टोमेटो केचप फैलाएं। तैयार की हुई पनीर की फिलिंग को रोटी के बीच में एक लंबी लाइन की तरह रखें। अगर आपका बच्चा तीखा पसंद करता है, तो थोड़ी सी हरी चटनी भी डाल सकते हैं।
    • रोटी के दोनों किनारों को मोड़ते हुए इसे मजबूती से रोल करें। अब तवे पर थोड़ा सा मक्खन डालें और तैयार रैप को दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेक लें। पनीर रैप बनकर तैयार है।