Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    न तेल की झंझट, न खराब होने का डर: खट्टा-मीठा नींबू का अचार बनाने का सबसे आसान तरीका

    Updated: Tue, 10 Mar 2026 04:00 PM (IST)

    सादे से खाने में अगर थोड़ा सा अचार मिल जाए, तो खाने का स्वाद सौ गुना बढ़ जाता है। ...और पढ़ें

    खट्टा-मीठा नींबू का अचार बनाने की आसान रेसिपी (Image Source: AI-Generated)

    खट्टा-मीठा नींबू का अचार बनाने की आसान रेसिपी (Image Source: AI-Generated) 

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जब भी घर पर अचार बनाने की बात आती है, तो सबसे बड़ा डर यही होता है कि कहीं इसमें फफूंद न लग जाए या फिर ढेर सारे तेल का इस्तेमाल हमारी सेहत न बिगाड़ दे।

    अगर आप भी इन्ही कारणों से अचार बनाने से कतराते हैं, तो आज हम आपके लिए लाए हैं खट्टे-मीठे नींबू के अचार की एक ऐसी स्पेशल रेसिपी, जिसमें न तो एक बूंद तेल डलेगा और ना ही इसके सालों-साल खराब होने का कोई डर होगा। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको हफ्तों तक धूप दिखाने का इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा।

    oil free lemon pickle

    (Image Source: AI-Generated) 

    नींबू का अचार बनाने के लिए जरूरी सामग्री

    आपके किचन में मौजूद इन साधारण चीजों से ही यह शानदार अचार बनकर तैयार हो जाएगा:

    • नींबू: 10 से 12 (पतले छिलके वाले और रसभरे)
    • चीनी या गुड़: 1 कप (आप अपने स्वाद के अनुसार मीठा कम या ज्यादा कर सकते हैं)
    • सफेद नमक: 2 छोटे चम्मच
    • काला नमक: 1 छोटा चम्मच (इससे अचार में बहुत अच्छा स्वाद आता है)
    • कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच (बढ़िया रंग के लिए)
    • भुना हुआ जीरा पाउडर: 1 छोटा चम्मच
    • अजवाइन: आधा छोटा चम्मच
    • गरम मसाला या काली मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच

    नींबू का अचार बनाने की आसान विधि

    • सबसे पहले सभी नींबू को पानी से अच्छी तरह धो लें। अब एक साफ सूती कपड़े से इन्हें पोंछ लें ताकि इनमें बिल्कुल भी नमी न रहे।
    • एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसके ऊपर छलनी रखकर नींबू को 10-15 मिनट तक भाप में पका लें। आप चाहें तो कुकर में थोड़ा पानी डालकर एक सीटी भी लगा सकते हैं। ऐसा करने से नींबू का छिलका बिल्कुल नरम हो जाएगा और कड़वाहट भी खत्म हो जाएगी।
    • जब नींबू ठंडे हो जाएं, तो उन्हें अपनी पसंद के आकार (4 या 8 टुकड़ों) में काट लें। एक बात का खास ध्यान रखें कि काटते समय नींबू के सारे बीज निकाल दें, वरना अचार कड़वा हो सकता है।
    • अब एक कड़ाही (नॉन-स्टिक या स्टील की) को धीमी आंच पर गैस पर रखें। इसमें कटे हुए नींबू और चीनी (या गुड़) डाल दें। साथ ही सारे मसाले- सफेद नमक, काला नमक, लाल मिर्च, जीरा पाउडर, अजवाइन और गरम मसाला भी मिला दें।
    • इसे धीमी आंच पर धीरे-धीरे चलाते रहें। आप देखेंगे कि चीनी पिघलने लगेगी और चाशनी जैसी बन जाएगी। इसे तब तक पकाएं जब तक कि चाशनी थोड़ी गाढ़ी न हो जाए। इसमें लगभग 10 से 15 मिनट का समय लगेगा।
    • गैस बंद कर दें और अचार को पूरी तरह से ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद चाशनी और गाढ़ी हो जाएगी। लीजिए, आपका बिना तेल वाला, चटपटा और खट्टा-मीठा नींबू का अचार बिल्कुल तैयार है।

    अचार को सालों-साल ताजा रखने के टिप्स

    • अचार को हमेशा कांच के साफ और सूखे जार में ही भरकर रखें। प्लास्टिक या धातु के बर्तन का इस्तेमाल न करें।
    • जब भी अचार निकालना हो, तो हमेशा एक सूखी और साफ चम्मच का ही इस्तेमाल करें। पानी की एक बूंद भी अचार को खराब कर सकती है।
    • इस अचार को फ्रिज में रखने की कोई जरूरत नहीं है, यह बाहर भी बिल्कुल सुरक्षित रहेगा और समय के साथ इसका स्वाद और भी बेहतरीन होता जाएगा।

    यह भी पढ़ें- कभी चखी है दादी-नानी के स्टाइल वाली 'भरवां केले की सब्जी'? इस रेसिपी से करें ट्राई

    यह भी पढ़ें- घर पर आ रहे हैं मेहमान? स्टार्टर में झटपट बनाएं ये स्वादिष्ट 'हरा भरा कबाब', हर कोई पूछेगा रेसिपी

    खबरें और भी