Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चिलचिलाती गर्मी में चाहिए इंस्टेंट रिफ्रेशमेंट? 5 मिनट में तैयार करें 'लेमन' और 'हनी-जिंजर' आइस टी

    Updated: Mon, 04 May 2026 05:06 PM (IST)

    गर्मी के मौसम में खुद को ठंडा रखने के लिए आइस टी अच्छा ऑप्शन है। आप घर पर आसानी से लेमन आइस टी या हनी-जिंजर आइस टी बना सकते हैं। ...और पढ़ें

    घर पर बनाएं स्वादिष्ट आइस टी (Picture Courtesy: Freepik)

    घर पर बनाएं स्वादिष्ट आइस टी (Picture Courtesy: Freepik)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मी के मौसम में खुद को हाइड्रेटेड और रिफ्रेश रखने के लिए हम अक्सर ठंडी ड्रिंक्स की तरफ भागते हैं, जिनमें आइस टी हर किसी की पसंदीदा होती है। लेकिन बाजार की रेडीमेड आइस टी में मौजूद एक्स्ट्रा शुगर और केमिकल प्रिजर्वेटिव्स फायदे की जगह हमारी सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं।

    इसलिए आज हम आपके लिए लेकर आए हैं दो बेहतरीन और सेहतमंद ऑप्शन, लेमन आइस टी और हनी-जिंजर आइस टी। ये घर पर बनी ड्रिंक्स न सिर्फ आपको तुरंत ठंडक देंगी, बल्कि आपके शरीर को डिटॉक्स भी करेंगी। आइए देखते हैं इन्हें बनाने का सबसे आसान तरीका।

    रिफ्रेशिंग लेमन आइस टी

    Lemon Ice Tea

    (Picture Courtesy: Freepik)

    यह आइस टी का सबसे क्लासिक और लोकप्रिय वर्जन है। 

    सामग्री-

    • पानी- 2 कप
    • चाय पत्ती- 1 बड़ा चम्मच 
    • चीनी या शहद- स्वादानुसार
    • नींबू का रस- 2 बड़े चम्मच
    • बर्फ के टुकड़े- ढेर सारे
    • पुदीने की पत्तियां- सजाने के लिए
    • नींबू के स्लाइस- गार्निशिंग के लिए

    बनाने की विधि-

    • सबसे पहले एक सॉसपैन में 2 कप पानी उबालें। जब पानी उबलने लगे, तो गैस बंद कर दें और इसमें चाय पत्ती डालें।
    • इसे ढककर 2-3 मिनट के लिए छोड़ दें। ध्यान रहे, चाय को ज्यादा देर न उबालें, वरना स्वाद कड़वा हो सकता है।
    • अब चाय को छान लें और इसमें चीनी या शहद मिलाकर अच्छी तरह घोल लें। इसे कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें और फिर 30 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें।
    • इसके बाद एक लंबे गिलास में ढेर सारी बर्फ डालें। अब इसमें तैयार ठंडी चाय और नींबू का रस मिलाएं।
    • पुदीने की पत्तियों और नींबू के स्लाइस से सजाकर इसे एकदम ठंडा सर्व करें।

    हेल्दी हनी-जिंजर आइस टी 

    Ginger Honey Tea

    (Picture Courtesy: Freepik)

    अगर आप साधारण आइस टी को थोड़ा ट्विस्ट देना चाहते हैं, तो शहद और अदरक का यह कॉम्बिनेशन आपके लिए बेस्ट है। 

    सामग्री-

    • पानी- 2 कप
    • अदरक- 1 इंच का टुकड़ा 
    • ग्रीन टी या ब्लैक टी- 1 बड़ा चम्मच
    • शहद- 2 बड़े चम्मच
    • नींबू का रस- 1 बड़ा चम्मच
    • बर्फ- आवश्यकतानुसार

    बनाने की विधि-

    • सबसे पहले पानी में कसा हुआ अदरक डालें और इसे 5 मिनट तक धीमी आंच पर उबालें, ताकि अदरक का पूरा फ्लेवर पानी में आ जाए।
    • अब इसमें चाय पत्ती या टी-बैग डालें और 2 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद चाय को छान लें। 
    • जब चाय थोड़ी गुनगुनी रह जाए, तब इसमें शहद और नींबू का रस मिलाएं। इसके बाद चाय को पूरी तरह ठंडा होने दें।
    • गिलास में बर्फ भरें और ऊपर से अदरक वाली चाय डालकर सर्व करें। 

    खबरें और भी