यहां पढ़ें रेस्टोरेंट जैसा चिकन कोरमा बनाने का सीक्रेट, नोट कर लें ये शानदार रेसिपी
घर पर रेस्टोरेंट जैसा चिकन कोरमा बनाने के लिए इस आसान रेसिपी को फॉलो करें। ...और पढ़ें

कैसे बनाएं स्वादिष्ट चिकन कोरमा? (AI Generated Image)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय खान-पान में चिकन कोरमा अपनी खास पहचान रखता है। मुगलई रसोई से निकलकर यह डिश आज हर खास मौके की जान बन चुकी है। इसकी खासियत है इसका गाढ़ा, दानेदार और खुशबूदार शोरबा, जो दही, तले हुए प्याज और चुनिंदा मसालों के मेल से तैयार होता है।
अक्सर लोग सोचते हैं कि रेस्टोरेंट जैसा चिकन कोरमा घर पर बनाना मुश्किल है, लेकिन सही रेसिपी के साथ आप इसे अपनी रसोई में भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं स्टेप-बाय-स्टेप चिकन कोरमा बनाने की सबसे आसान और लाजवाब रेसिपी।
सामग्री
- चिकन- 500 ग्राम
- प्याज- 3 मध्यम आकार के
- दही- 1 कप (अच्छी तरह फेंटा हुआ)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट- 2 बड़े चम्मच
- खड़े मसाले- तेजपत्ता, दालचीनी, छोटी इलायची, बड़ी इलायची और लौंग
- पिसे मसाले- लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर (2 चम्मच), हल्दी और गरम मसाला
- तेल/घी- पकाने के लिए
- नमक- स्वादानुसार
- सजावट के लिए- बारीक कटा हरा धनिया
बनाने की विधि
- कोरमे के असली स्वाद और रंग का राज भुने हुए प्याज में छिपा है। इसलिए सबसे पहले एक कड़ाही में तेल या घी गरम करें और कटे हुए प्याज को गोल्डन ब्राउन होने तक तलें। जब प्याज कुरकुरे हो जाएं, तो इन्हें निकाल लें और ठंडा होने पर दरदरा पीस लें या हाथों से क्रश कर लें।
- अब एक बड़े बर्तन में चिकन लें। इसमें फेंटा हुआ दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, हल्दी और नमक डालें। इसे अच्छी तरह मिलाकर कम से कम 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे मसाले चिकन के अंदर तक समा जाएंगे।
- अब उसी कड़ाही में, जिसमें प्याज तला था, खड़े मसाले डालें। जब मसालों की खुशबू आने लगे, तो मैरीनेट किया हुआ चिकन डालें। चिकन को मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक कि तेल मसालों से अलग न होने लगे।
- जब चिकन आधा पक जाए, तब इसमें पिसा हुआ तला हुआ प्याज डालें। प्याज डालते ही ग्रेवी गाढ़ी और दानेदार होने लगेगी। अगर जरूरत हो तो थोड़ा गुनगुना पानी डालें और ढककर धीमी आंच पर चिकन के पूरी तरह गलने तक पकाएं।
- लास्ट में गरम मसाला और एक चम्मच केवड़ा वॉटर डालें। इससे कोरमे में रेस्टोरेंट जैसी खुशबू आएगी। ऊपर से हरा धनिया डालकर गार्निश।
यह भी पढ़ें- शाम की चाय के साथ चाहिए कुछ चटपटा और कुरकुरा, तो इस आसान रेसिपी से बनाएं स्वादिष्ट ब्रेड रोल