दिल्ली-यूपी में पारा 45°C पार: लू से बचना है तो बाहर निकलते समय बैग में जरूर रखें ये 5 चीजें
उत्तर भारत में गर्मी की मार ने हाल बेहाल कर दिया है। पारा बढ़ने के साथ लू और डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ रहा है। ...और पढ़ें

हीटवेव से बचने में मदद करेंगी ये चीजें (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पारा 45 डिग्री को पार कर चुका है, जिसके अगले कुछ दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही।
चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और स्किन बर्न जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए हीटवेव के दौरान बचाव का सबसे बेहतर तरीका है कि आप घर से बाहर न निकलें, लेकिन अगर घर से बाहर जाना आपकी मजबूरी है, तो आपको पूरी तैयारी के साथ बाहर निकलना चाहिए।
ऐसी तपती गर्मी में घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल के साथ-साथ और भी कुछ चीजें अपने साथ रखना जरूरी है, ताकि गर्मी की मार आपकी सेहत को नुकसान न पहुंचा पाए। आइए जानें इस मौसम में घर से बाहर कदम रख रहे हैं, तो अपने बैग में ये 5 चीजें रखना कभी न भूलें।

पानी की बोतल और इलेक्ट्रोल
तेज गर्मी में हमारे शरीर से पसीने के रूप में बहुत तेजी से पानी और जरूरी मिनरल्स बाहर निकल जाते हैं। इससे शरीर में अचानक कमजोरी आ सकती है। इसलिए घर से निकलते समय हमेशा पानी की एक इंसुलेटेडबोतल साथ रखें, जिसके पानी ठंडा रहे।
खबरें और भी
हालांकि, इतनी तेज गर्मी में सिर्फ सादा पानी काफी नहीं होता। पानी में ओआरएस का पाउच, ग्लूकोज या नींबू-पानी मिलाकर रखें। यह आपके शरीर में इलेक्ट्रोलाइट का संतुलन बनाए रखेगा और अचानक आने वाले चक्कर या थकान से बचाएगा।
सूती कपड़ा या स्कार्फ
जब गर्म हवाएं सीधे हमारे सिर, कान और चेहरे से टकराती हैं, तो लू लगने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। इससे बचने के लिए अपने साथ हमेशा एक हल्के रंग का सूती दुपट्टा, गमछा या स्कार्फ जरूर रखें। बाहर निकलते ही इससे अपने सिर और चेहरे को अच्छी तरह ढक लें। सूती कपड़ा पसीना सोखने में मदद करता है और सीधी धूप को त्वचा तक नहीं पहुंचने देता।
यूवी प्रोटेक्टेड सनग्लासेस
भीषण गर्मी का असर सिर्फ हमारी त्वचा पर ही नहीं, बल्कि आंखों पर भी पड़ता है। सूरज की हानिकारक अल्ट्रावायलेट किरणें आंखों को नुकसान पहुंचा सकती हैं, जिससे आंखों में जलन, सूखापन और धुंधलापन हो सकता है। इसलिए बाहर जाते समय हमेशा अच्छी क्वालिटी का सनग्लासेस पहनें। ध्यान रहे कि चश्मा सिर्फ स्टाइल के लिए न हो, बल्कि उसमें यूवी प्रोटेक्शन जरूर हो, ताकि वह आपकी आंखों को सूरज की सीधी मार से बचा सके।

सनस्क्रीन लगाना न भूलें
घर से निकलने से कम से कम 20 मिनट पहले चेहरे, हाथ और गर्दन पर 30 या उससे ज्यादा SPF वाला सनस्क्रीन जरूर लगाएं। यह आपकी त्वचा को सनबर्न और टैनिंग से बचाता है। लंबे समय तक बाहर रहने पर इसे अपने बैग में भी साथ रखें, ताकि 2-3 घंटे में इसे फिर से लगा सकें।
छाता
हीटवेव के दौरान छाता आपके लिए बड़ी राहत बन सकता है। एक छोटा, फोल्डिंग छाता हमेशा अपने बैग में रखें। जब आप पैदल चल रहे हों या बस/ऑटो का इंतजार कर रहे हों, तो छाता तान लें। यह आपके लिए छाया देता है, जिससे आपके शरीर पर सीधी धूप नहीं पड़ती।
छोटा तौलिया और मिंट/कैंडी
तपती धूप में चलते-चलते अचानक घबराहट होना या ब्लड प्रेशर लो होना एक आम समस्या है। इसलिए अपने पास कुछ वेट वाइप्स या एक छोटा सूती तौलिया रखें। जब भी बहुत ज्यादा गर्मी लगे, पानी से तौलिया गीला करके अपनी गर्दन, चेहरे और हाथों को पोंछें। इससे शरीर का तापमान तुरंत कम होता है। इसके साथ ही, बैग में कुछ पुदीने की गोलियां या खट्टी-मीठी कैंडी रखें, जो मुंह सूखने की समस्या और जी मिचलाने की स्थिति में राहत देती हैं।