Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    80% मरीज अनदेखा करते हैं कैंसर के 6 शुरुआती संकेत, डॉक्टर बोलीं- "वरना जान बचाना हो सकता है आसान"

    Updated: Fri, 03 Oct 2025 11:24 AM (GMT+05:30)

    आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर अपने शरीर के छोटे-मोटे संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं। थकान दर्द या वजन का घटना जैसी चीजों को हम नॉर्मल मान ल ...और पढ़ें

    कैंसर के 6 शुरुआती संकेत, जो 80% मरीज अनदेखा कर देते हैं (Image Source: Freepik)
    कैंसर के 6 शुरुआती संकेत, जो 80% मरीज अनदेखा कर देते हैं (Image Source: Freepik)

    HighLights

    1. समय रहते कैंसर की पहचान करना बेहद जरूरी है।
    2. वक्त पर मालूम चलने से इसे बढ़ने से रोका जा सकता है।
    3. कैंसर के कुछ लक्षणों को लोग मामूली मानकर अनदेखा कर देते हैं।

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कैंसर एक ऐसी बीमारी है, जिसका नाम सुनते ही लोग सहम जाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं, अगर इसका पता शुरुआती स्टेज में ही चल जाए तो इसका इलाज काफी हद तक संभव है? समस्या यह है कि हममें से 80% लोग इसके शुरुआती संकेतों (Early Cancer Signs) को सामान्य शारीरिक बदलाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले लेती है।

    सीनियर ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. आंचल अग्रवाल के अनुसार, लोग अक्सर इन संकेतों को थकान, उम्र बढ़ने या किसी मामूली इन्फेक्शन का लक्षण मान लेते हैं। उनका कहना है, "यह लापरवाही ही अक्सर जानलेवा साबित होती है। अगर लोग इन संकेतों को पहचानकर समय पर डॉक्टर से मिलें, तो कई जानें बचाई जा सकती हैं।"

    आइए, जानते हैं उन 6 शुरुआती संकेतों (Cancer Symptoms Everyone Ignores) के बारे में, जिन्हें कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए।

    View this post on Instagram

    A post shared by Dr. Anchal Aggarwal | Oncologist (@dranchaloncologist)

    लगातार थकान जो आराम करने पर भी ठीक न हो

    अगर आपको बिना किसी कारण के लगातार थकान महसूस होती है और आराम करने के बाद भी इसमें सुधार नहीं होता, तो यह एक चेतावनी हो सकती है। यह थकान सामान्य थकान से अलग होती है और रोजमर्रा के काम करने में भी दिक्कत पैदा कर सकती है।

    शरीर के किसी भी हिस्से में लगातार दर्द

    शरीर के किसी भी हिस्से में बिना किसी चोट के अगर लगातार दर्द बना रहता है, तो इसे हल्के में न लें। यह दर्द हड्डियों, मांसपेशियों या पेट में हो सकता है। अगर यह दर्द लंबे समय तक रहता है, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

    खबरें और भी

    त्वचा या तिल में बदलाव

    अपनी त्वचा पर नए तिल, गांठ, या किसी भी तरह के बदलाव पर ध्यान दें। अगर किसी पुराने तिल का आकार, रंग या रूप बदल रहा है, या उसमें से खून निकल रहा है, तो यह स्किन कैंसर का संकेत हो सकता है।

    बिना वजह वेट लॉस या भूख में कमी

    अगर बिना किसी डाइट या कोशिश के अचानक आपका वजन कम होने लगा है, तो यह चिंता का विषय है। इसके अलावा, भूख में कमी या खाने की इच्छा न होना भी एक गंभीर संकेत हो सकता है।

    शरीर में कहीं भी गांठ या सूजन

    अपने शरीर के अलग-अलग हिस्सों जैसे गर्दन, बगल या स्तनों में किसी भी तरह की गांठ या सूजन को महसूस करें। अगर आपको कोई नई गांठ महसूस होती है या कोई पुरानी गांठ बड़ी हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

    लंबे समय तक खांसी या आवाज में बदलाव

    अगर आपको लंबे समय से खांसी है जो किसी भी दवा से ठीक नहीं हो रही है, या आपकी आवाज में भारीपन या कर्कशता आ गई है, तो यह फेफड़ों या गले के कैंसर का संकेत हो सकता है।

    याद रखें, हमारा शरीर हमेशा हमें कुछ न कुछ बताने की कोशिश करता है। इन छोटे-मोटे संकेतों को नजरअंदाज न करें। समय पर पहचान और सही इलाज से कई जान बचाई जा सकती हैं। अगर आपको ऊपर दिए गए किसी भी संकेत का एहसास होता है, तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें।

    यह भी पढ़ें- 30 से कम उम्र के पुरुषों में बढ़ रहे हैं प्रोस्टेट कैंसर के मामले, क्या है इसकी वजह और शुरुआती लक्षण

    यह भी पढ़ें- शरीर को फिट रखने के साथ Cancer से भी बचाएंगी 2 खास एक्सरसाइज, वैज्ञानिकों की चौंकाने वाली खोज