क्या आपके पेट्स से भी फैल सकता है Hantavirus इन्फेक्शन? बचाव के लिए किन बातों का रखें ध्यान
हंतावायरस रोडेंट्स के जरिए फैलने वाला वायरस है। इसलिए पेट्स को लेकर सावधानी बरतनी जरूरी है। ...और पढ़ें

क्या कुत्ते-बिल्ली से भी फैल सकता हैं हंतावायरस? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हाल ही में अर्जेंटीना से अंटार्कटिका जा रहे एक क्रूज शिप पर हंतावायरस (Hantavirus) के इन्फेक्शन और मौतों की खबर ने दुनिया भर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। क्योंकि यह वायरस जानवरों से इंसानों में फैलता है, इसलिए लोगों के मन में डर बैठना स्वाभाविक है।
ऐसे में उन लोगों की चिंता सबसे ज्यादा बढ़ गई है जिनके घरों में पालतू जानवर हैं। हर पेट ओनर के मन में अब यही सवाल है कि क्या उनके प्यारे पेट्स भी इस जानलेवा वायरस को फैला सकते हैं? आइए इस सवाल का जवाब जानते हैं।
सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के अनुसार, कुत्ते और बिल्ली इंसानों में हंतावायरस नहीं फैलाते हैं। हालांकि, कुत्ते और बिल्लियां इस वायरस से संक्रमित हो सकते हैं, खासकर अगर वे संक्रमित जंगली चूहों का शिकार करें या उनके संपर्क में आएं।
हालांकि, गौर करने वाली बात यह है कि संक्रमित होने के बावजूद ये पालतू जानवर बीमार नहीं पड़ते और न ही इनमें कोई लक्षण दिखाई देते हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि वे अपने शरीर से इस वायरस को इंसानों में ट्रांसफर नहीं कर सकते।
खबरें और भी
किन जानवरों से सावधान रहने की जरूरत है?
भले ही पालतू जानवर सीधे वायरस न फैलाएं, लेकिन वे इन्फेक्शन का जोखिम बढ़ा सकते हैं। अगर आपकी बिल्ली या कुत्ता किसी संक्रमित चूहे को मारकर घर के अंदर ले आता है, तो उस चूहे के यूरिन, लार या मल के संपर्क में आने से इंसान संक्रमित हो सकते हैं।
छोटे जानवरों में है जोखिम
कई लोग अपने घरों में हैम्स्टर, खरगोश या पालतू चूहे रखते हैं। CDC के अनुसार, हंतावायरस मुख्य रूप से जंगली रोडेंट्स जैसे डियर माउस, व्हाइट-फुटेड माउस और कॉटन रैट से फैलता है। जो चूहे या छोटे जानवर पालतू दुकानों से खरीदे जाते हैं, उनमें आमतौर पर हंतावायरस नहीं होता।
हालांकि, अगर इन पालतू जानवरों को ऐसी जगह रखा जाए जहां जंगली चूहों का आना-जाना हो, तो इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही, जिस घर में 5 साल से कम उम्र के बच्चे हो, प्रेग्नेंट महिलाएं या कमजोर इम्युनिटी वाले लोग हों, उन्हें घर में रोडेंट्स रखने से बचना चाहिए।
इन्फेक्शन कैसे फैलता है?
हंतावायरस का इन्फेक्शन मुख्य रूप से इन्फेक्टेड रोडेंट के यूरिन, मल या लार से फैलता है। किसी संक्रमित जानवर के काटने या नोचने से भी यह वायरस फैल सकता है। इसके अलावा किसी दूषित सामग्री को छूने के बाद नाक, मुंह या आंखों को छूने से भी यह फैल सकता है।
बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
- चूहों के मूत्र, मल, लार या घोंसले के सीधे संपर्क में आने से बचें।
- घर, गैरेज या स्टोर रूम में मौजूद उन छेदों और दरारों को सील कर दें जहां से चूहे अंदर आ सकते हैं।
- अगर आपको चूहे की गंदगी साफ करनी है, तो वहां झाड़ू न लगाएं। ऐसा करने से वायरस हवा में उड़ सकता है और नाक के जरिए शरीर में प्रवेश कर सकता है। पहले उस जगह को ब्लीच या डिसइंफेक्टेंट से गीला करें और फिर सावधानी से साफ करें।
- अपने पेट्स के खाने और इंसानी खाने को एयरटाइट कंटेनर में रखें ताकि जंगली चूहे आकर्षित न हों।