यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 01, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एक महीने तक प्याज-लहसुन खाना छोड़ देंगे आप, तो क्या शरीर में भी नजर आएंगे कुछ बदलाव?
तड़के से लेकर ग्रेवी तक लगभग हर डिश में प्याज और लहसुन का इस्तेमाल होता है। ऐसे में क्या होगा अगर आप एक महीने तक प्याज और लहसुन खाना पूरी तरह छोड़ दें ...और पढ़ें

HighLights
- नवरात्र के दिनों में कई लोग प्याज-लहसुन से दूरी बना लेते हैं।
- प्याज-लहसुन को डाइट से बाहर करने पर सेहत में कई बदलाव आते हैं।
- प्याज-लहसुन छोड़ने का असर कई तरह से आपकी सेहत पर पड़ता है।
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपने कभी सोचा है कि अगर आप एक महीने तक प्याज और लहसुन से पूरी तरह दूरी बना लें, तो आपके शरीर में क्या बदलाव आएंगे (Effects of Avoiding Onion And Garlic)? हम में से ज्यादातर लोग रोजमर्रा के खाने में प्याज-लहसुन का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कुछ लोग धार्मिक या सेहत से जुड़ी किन्हीं वजहों के चलते इन्हें पूरी तरह से त्याग देते हैं।
कई लोग मानते हैं कि प्याज-लहसुन छोड़ने से शरीर और दिमाग शुद्ध और शांत रहता है, जबकि कुछ का कहना है कि इससे पाचन और इम्युनिटी कमजोर हो सकती है। ऐसे में, असलियत क्या है? क्या वाकई प्याज-लहसुन छोड़ने से सेहत पर कोई बड़ा असर पड़ता है (Effects of quitting onion and garlic) या यह सिर्फ एक मिथक है? आइए विस्तार से इस आर्टिकल में जानते हैं।

शरीर में बढ़ सकती है गर्मी
लहसुन और प्याज में कूलिंग इफेक्ट होता है, यानी ये शरीर की गर्मी को कंट्रोल रखते हैं। अगर आप इन्हें अचानक छोड़ देते हैं, तो आपके शरीर में गर्मी बढ़ सकती है, जिससे सिरदर्द, मुंह में छाले और त्वचा पर दाने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
क्या करें?
शरीर की गर्मी को बैलेंस करने के लिए आप पुदीना, दही और सौंफ को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
डाइजेशन से जुड़ी समस्याएं
लहसुन और प्याज में नेचुरल एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो पाचन को सुधारने और गैस, कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्याओं को कम करने में मदद करते हैं। इन्हें छोड़ने से कुछ लोगों को पेट फूलने (Bloating) और अपच की समस्या हो सकती है।
खबरें और भी
क्या करें?
पाचन तंत्र को सही रखने के लिए अदरक, जीरा पानी और त्रिफला को डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।
हार्ट हेल्थ पर असर
लहसुन को नेचुरल ब्लड थिनर माना जाता है, जो कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने और दिल की बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद करता है। इसे छोड़ने से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और दिल से जुड़ी समस्याओं का खतरा थोड़ा बढ़ सकता है।
क्या करें?
हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाए रखने के लिए आप ओमेगा-3 फैटी एसिड (अलसी के बीज, अखरोट, मछली) और हरी पत्तेदार सब्जियों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- जर्जर हड्डियों में भी जान फूंक सकता है खसखस वाला दूध, रोजाना पीने पर शरीर को मिलते हैं 8 फायदे
बॉडी डिटॉक्स पर असर
लहसुन और प्याज डिटॉक्सिफाइंग फूड्स में आते हैं, जो शरीर से हानिकारक टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करते हैं। इन्हें अचानक छोड़ देने से शरीर में टॉक्सिन्स जमा हो सकते हैं, जिससे थकान, सुस्ती और स्किन प्रॉब्लम्स हो सकती हैं।
क्या करें?
डिटॉक्सिफिकेशन के लिए नींबू पानी, ग्रीन टी और नारियल पानी को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
इम्युनिटी हो सकती है कमजोर
लहसुन को नेचुरल एंटीबायोटिक कहा जाता है, जो शरीर को इन्फेक्शन और बैक्टीरिया से बचाने में मदद करता है। प्याज भी विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं। इन्हें छोड़ने से आपकी बीमारियों से लड़ने की क्षमता थोड़ी कमजोर हो सकती है।
क्या करें?
इम्युनिटी को मजबूत करने के लिए आंवला, हल्दी वाला दूध और ताजी सब्जियां अपनी डाइट में शामिल करें।
मुंह की बदबू से राहत
लहसुन और प्याज खाने के बाद मुंह से तेज गंध आती है, क्योंकि इनमें सल्फर कंपाउंड्स होते हैं। अगर आप इन्हें खाना छोड़ देंगे, तो सांसों की बदबू (Bad Breath) की समस्या कम हो सकती है, जिससे मुंह में ज्यादा फ्रेशनेस महसूस होती है।
क्या करें?
माउथ फ्रेशनर के लिए सौंफ और इलायची का इस्तेमाल कर सकते हैं।
मानसिक शांति बढ़ सकती है
आयुर्वेद में कहा जाता है कि प्याज और लहसुन तामसिक भोजन की श्रेणी में आते हैं, यानी ये मन को अशांत और बेचैन कर सकते हैं। कई लोग मानते हैं कि इन्हें छोड़ने से मानसिक शांति बढ़ती है, ध्यान केंद्रित करना आसान होता है और तनाव कम होता है।
क्या करें?
योग और मेडिटेशन को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
प्याज-लहसुन छोड़ना चाहिए या नहीं?
अगर आप प्याज और लहसुन धार्मिक या व्यक्तिगत कारणों से छोड़ना चाहते हैं, तो इसके लिए बैलेंस डाइट बहुत जरूरी है। शरीर को सभी जरूरी पोषक तत्व मिलते रहें, इसके लिए दूसरे हेल्दी फूड्स को अपनी डाइट में शामिल करें।
हालांकि, अगर आप सिर्फ यह सोचकर छोड़ रहे हैं कि यह पूरी तरह से नुकसानदायक है, तो जान लीजिए कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। प्याज और लहसुन आपकी सेहत को कई फायदे पहुंचाते हैं और इन्हें संतुलित मात्रा में खाना सेहत के लिए हमेशा बेहतर माना जाता है।
यह भी पढ़ें- शरीर की जिद्दी चर्बी को तेजी से पिघला सकती है लौंग, बस 5 तरीकों से करना होगा इस्तेमाल
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।