डॉक्टर से जानिए डायबिटीज के मरीजों को रोजा रखते समय किन बातों का रखना चाहिए ध्यान
डायबिटीज के मरीज अगर रमजान में रोजा रख रहे हैं, तो उन्हें कुछ बातों का जरूर ध्यान रखना चाहिए। सावधानी न बरतने से शुगर लेवल बिगड़ सकता है। ...और पढ़ें
-1771486123601_m.webp)
डायबिटीज के मरीज जरूर रखें इन बातों का ख्याल (Picture Courtesy: AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रमजान का पवित्र महीना इबादत और आत्म-संयम का समय है, लेकिन डायबिटीज से जूझ रहे मरीजों के लिए रोजा रखना एक बड़ी चुनौती हो सकता है। खान-पान के समय में बदलाव और लंबे समय तक भूखा रहने से ब्लड शुगर लेवल बिगड़ने का डर रहता है।
अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं और रोजा रखना चाहते हैं, तो डॉ. चारु दुआ (क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट, अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद) से जानिए कुछ जरूरी बातें, जिनपर ध्यान देना जरूरी है।
डॉक्टर से सलाह सबसे जरूरी
रोजा रखने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। आपकी शुगर की स्थिति के आधार पर डॉक्टर आपकी दवाओं की खुराक और समय में बदलाव कर सकते हैं, ताकि दिनभर शुगर लेवल स्थिर रहे। खुद से अपनी दवाओं की डोज या समय के साथ छेड़छाड़ न करें।
सेहरी न छोड़ें
सेहरी रोजे का सबसे अहम हिस्सा है, खासकर डायबिटीज के मरीजों के लिए। इस दौरान क्या खा रहे हैं, इस पर ध्यान दें-
- धीरे पचने वाले कार्बोहाइड्रेट- सेहरी में ओट्स, दलिया, ब्राउन राइस या मल्टीग्रेन रोटी जैसी चीजें शामिल करें। ये धीरे-धीरे ग्लूकोज रिलीज करते हैं और दिनभर शुगर लेवल को अचानक गिरने से बचाते हैं।
- प्रोटीन और फाइबर- अंडे, दालें और सब्जियां लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करती हैं।
इफ्तार में सावधानी बरतें
दिनभर की फास्टिंग के बाद अचानक बहुत सारा मीठा या तला-भुना खाना शुगर को तेजी से बढ़ा सकता है।
- खजूर सीमित मात्रा में खाएं- इफ्तार में सबसे पहले खजूर खाया जाता है। इस दौरान सिर्फ एक ही खजूर खाएं और खूब सारे पानी से करें। एक से ज्यादा खजूर खाने से बचें, क्योंकि इसमें शुगर ज्यादा होती है।
- तली चीजों से दूरी- समोसे, पकौड़े और चीनी वाले शरबत के बजाय ताजे फल, दही, और ग्रिल्ड या उबला हुआ खाना खाएं।
हाइड्रेशन का रखें खास ख्याल
इफ्तार के बाद अगली सुबह तक कम से कम 8 गिलास पानी पीने की कोशिश करें। कैफीन वाले ड्रिंक्स, जैसे- चाय या कॉफी से बचें, क्योंकि ये शरीर से पानी बाहर निकालते हैं और आपको डिहाइड्रेटेड महसूस करा सकते हैं। बिना चीनी वाले नींबू पानी या नारियल पानी भी अच्छे ऑप्शन हो सकते हैं।
खबरें और भी
ब्लड शुगर की नियमित जांच
डायबिटीज के मरीजों के लिए ब्लड शुगर लेवल चेक करना जरूरी है। अगर शुगर ज्यादा कम हो या बहुत बढ़ जाए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना बेहद जरूरी है।
फिजिकल एक्टिविटी और आराम
रोजे के दौरान बहुत हैवी एक्सरसाइज या फिजिकल एक्टिविटी न करें। साथ ही, दिन के समय ज्यादा धूप में निकलने से बचें ताकि पसीने के जरिए शरीर का पानी कम न हो।