विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आधार कार्ड नहीं मिल रहा और नंबर भी याद नहीं? घर बैठे 2 मिनट में ऐसे करें डाउनलोड, नहीं रुकेगा आपका काम

Published: Mon, 07 Sep 2026 01:20 PM (IST)

अगर आपका आधार कार्ड खो गया है और आपको नंबर भी याद नहीं, तो UIDAI पोर्टल या हेल्पलाइन के जरिए इसे आसानी से वापस पाया जा सकता है।

आधार कार्ड खो गया और नंबर भी याद नहीं? ऐसे घर बैठे दोबारा करें डाउनलोड (Image Source: AI-Generated)

आधार कार्ड खो गया और नंबर भी याद नहीं? ऐसे घर बैठे दोबारा करें डाउनलोड (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बैंक का काम हो या सरकारी योजना का लाभ उठाना हो, आधार कार्ड हर जगह मांगा जाता है। हालांकि, अगर यह अहम दस्तावेज कहीं गिर जाए और आपको अपना आधार नंबर तक याद न हो, तो घबराहट होना स्वाभाविक है।

अच्छी खबर यह है कि UIDAI ने ऐसी स्थिति के लिए बेहद आसान तरीके बनाए हैं। आप बिना आधार नंबर के भी अपना ई-आधार या पीवीसी कार्ड वापस पा सकते हैं। आइए जानते हैं इससे जुड़ी पूरी प्रक्रिया।

जब मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा हो

अगर आपका मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी आपके आधार के साथ लिंक है, तो आप अपने स्मार्टफोन या लैपटॉप से ही इसे वापस पा सकते हैं:

  • UIDAI के पोर्टल (myaadhaar.uidai.gov.in) पर जाएं और होमपेज पर "Retrieve Lost or Forgotten EID/UID" विकल्प चुनें।
  • यहां 'Aadhaar Number (UID)' वाले बॉक्स को सेलेक्ट करें।
  • अपना पूरा नाम और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल दर्ज करें।
  • स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरें और 'Send OTP' पर क्लिक कर दें।
  • फोन पर मिला ओटीपी डालते ही, आपका 12 अंकों का आधार नंबर मैसेज के जरिए तुरंत आपको मिल जाएगा।

ई-आधार पीडीएफ कैसे डाउनलोड करें?

नंबर मिलने के बाद पोर्टल के होमपेज पर आएं और "Download Aadhaar" पर क्लिक करें। अपना आधार नंबर, कैप्चा और ओटीपी डालते ही ई-आधार की पीडीएफ फाइल आपके डिवाइस में डाउनलोड हो जाएगी।

पासवर्ड कैसे खोलें: आपकी पीडीएफ फाइल सुरक्षा के लिए लॉक होती है। इसे खोलने के लिए अपने नाम के शुरुआती 4 अक्षर और जन्म का साल लिखें। उदाहरण के लिए, अगर आपका नाम Nikhil Pawar है और जन्म का साल 2000 है, तो आपका पासवर्ड NIKH2000 होगा।

अगर मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, तो क्या करें?

पुराना नंबर बंद हो जाने या नंबर लिंक न होने की स्थिति में आपके पास दो ऑप्शन हैं:

  • हेल्पलाइन पर कॉल करें: UIDAI के टोल-फ्री नंबर 1947 पर फोन मिलाएं। कस्टमर केयर प्रतिनिधि को अपना नाम, जन्मतिथि और रजिस्टर्ड पता बताएं। जानकारी सही पाए जाने पर वे आपको आपका आधार नंबर या एनरोलमेंट आईडी बता देंगे।
  • नजदीकी आधार केंद्र जाएं: अपने पास के किसी भी 'आधार सेवा केंद्र' पर जाएं। ऑपरेटर को अपनी बेसिक जानकारी दें। वह आपके बायोमेट्रिक से आपकी पहचान पक्की करेगा। इसके बाद आप ₹30 का शुल्क देकर अपने आधार का प्रिंट आउट वहीं से ले सकते हैं।

सीधे घर मंगवाएं आधार पीवीसी कार्ड

अगर आप वाटरप्रूफ और टिकाऊ प्लास्टिक (PVC) कार्ड चाहते हैं, तो इसे स्पीड पोस्ट से घर मंगवाने की सुविधा भी उपलब्ध है:

  • MyAadhaar पोर्टल पर जाएं और "Order Aadhaar PVC Card" पर क्लिक करें।
  • अपना आधार नंबर भरें।
  • अगर मोबाइल लिंक नहीं है, तो "My Mobile number is not registered" बॉक्स पर टिक करें और कोई भी ऐसा नया नंबर डाल दें जो अभी चालू हो।
  • उस नए नंबर पर आए ओटीपी को डालें और ₹50 की ऑनलाइन फीस जमा कर दें।
  • पेमेंट पूरा होने के कुछ ही दिनों के भीतर यह पीवीसी कार्ड सीधे आपके पते पर डिलीवर कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- कहीं गलत तरीके से इस्तेमाल तो नहीं हो रहा आपका Aadhaar? ऐसे चेक करें पूरी हिस्ट्री और तुरंत करें लॉक

यह भी पढ़ें- आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट करने का सबसे आसान तरीका, लगेगी सिर्फ 75 रुपये फीस