मुश्किल वक्त में भी नहीं टूटेगा हौसला, बस लाइफ में शामिल करें ये छोटा-सा बदलाव
खुशी के पीछे भागने के बजाय, जिंदगी में 'मकसद' ढूंढना सच्ची संतुष्टि देता है। ...और पढ़ें

खुशियों के पीछे भागना छोड़ें: जानें जिंदगी को असल में खूबसूरत बनाने का राज (Image Source: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हम सब अपनी जिंदगी में क्या चाहते हैं? अगर किसी से भी यह सवाल पूछा जाए, तो ज्यादातर लोगों का जवाब एक ही होगा- "ढेर सारी खुशियां।" बचपन से लेकर बड़े होने तक, हमारी हर भागदौड़ सिर्फ खुश रहने के लिए होती है। अच्छी नौकरी, नया फोन, बड़ा घर या एक शानदार छुट्टी- हमें लगता है कि ये चीजें हमें खुश कर देंगी, लेकिन जरा दिल पर हाथ रखकर सोचिए, क्या वो खुशी हमेशा हमारे पास टिकती है?

(Image Source: Freepik)
सब कुछ पाकर भी क्यों गायब हो जाती है खुशी?
सच तो यह है कि खुशी एक खूबसूरत तितली की तरह है। आप जितना उसे पकड़ने के लिए उसके पीछे भागेंगे, वह उतना ही आपसे दूर उड़ जाएगी। हम अक्सर खुद से कहते हैं कि "बस मुझे वो एक चीज मिल जाए, फिर तो मेरी लाइफ सेट है, मैं बहुत खुश रहूंगा", लेकिन जब वो चीज मिल जाती है, तो कुछ ही दिनों में हमारी वो खुशी गायब हो जाती है। फिर हम किसी नई चीज के पीछे भागने लगते हैं। यह एक कभी न खत्म होने वाली रेस है, जो हमें सिर्फ थकाती है।
कहां है जिंदगी का असली सुकून?
दुनिया के कई महान विचारकों और मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि जिंदगी तब बेहतर नहीं होती जब हम 'खुशी' के पीछे भागते हैं। इसके बजाय, जिंदगी तब बेहतरीन और शांत बनती है जब हम जीवन में 'मकसद' या 'अर्थ' की तलाश करते हैं।
अब आप सोच रहे होंगे कि जिंदगी में 'मकसद' होने का क्या मतलब है? इसका मतलब बहुत आसान है। इसका मतलब है ऐसा काम करना जो आपके दिल को गहराई से सुकून दे, और जो सिर्फ आपके लिए नहीं, बल्कि आपके आस-पास के लोगों के लिए भी मायने रखे। यह कोई बहुत बड़ा काम होना जरूरी नहीं है। यह कुछ भी हो सकता है- जैसे अपने बच्चों या माता-पिता का प्यार से ख्याल रखना, कोई नई कला सीखना, अपने काम को पूरी ईमानदारी से करना, या किसी ऐसे इंसान की मदद करना जिसे आपकी जरूरत है।
खबरें और भी

(Image Source: Freepik)
ढूंढें जिंदगी का असली मीनिंग
जब आपकी जिंदगी का कोई साफ मकसद होता है, तो मुश्किल समय भी आपको आसानी से तोड़ नहीं पाता। खुशियां तो मौसम की तरह होती हैं- कभी धूप है, तो कभी छांव... लेकिन आपके जीवन का मकसद एक मजबूत पेड़ की जड़ों की तरह होता है, जो आंधी-तूफान में भी आपको जमीन से मजबूती से जोड़े रखता है। जब आप कोई ऐसा काम करते हैं जिसका कोई अर्थ हो, तो रात को सोते समय आपको एक अजीब सी संतुष्टि मिलती है, जो किसी भी महंगी चीज को खरीदने से कहीं बढ़कर है।
इसलिए, आज से खुशियों के पीछे बेतहाशा भागना बंद करें। अपनी ऊर्जा इस बात पर लगाएं कि आप आज के दिन को, अपने काम को, और अपने रिश्तों को कैसे मीनिंगफुल बना सकते हैं। जब आप ऐसा करना शुरू करेंगे, तो आप हैरान रह जाएंगे। आप पाएंगे कि जिस 'खुशी' को आप पागलों की तरह ढूंढ रहे थे, वह बिना बुलाए खुद-ब-खुद आपके साथ-साथ चलने लगी है।