विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP टूरिज्म के छुपे हुए खजाने! खजुराहो के अलावा इन ऐतिहासिक जगहों को एक्सप्लोर करना न भूलें

Published: Mon, 08 Jun 2026 05:40 PM (IST)

मध्य प्रदेश कई वजहों से बेहद खास है। अपने खानपान के अलावा यहां मौजूद ऐतिहासिक इमारतें दुनियाभर में पर्यटकों को अपनी ओर आर्कषित करती है।

क्यों खास है एमपी (Picture Credit- AI Generated)

क्यों खास है एमपी (Picture Credit- AI Generated)

HighLights

  1. मध्य प्रदेश अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है

  2. यहां कई ऐतिहासिक जगह मौजूद हैं

  3. यहां पर यूनेस्को की 3 हेरिटेज साइट्स हैं

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हिन्दुस्तान का दिल ‘मध्य प्रदेश’ अपने खानपान और संस्कृति के अलावा अपने कुछ ऐसी जगहों के लिए भी मशहूर है, जहां सदियों पुरानी आस्था और भक्ति की कहानियां सुनाती देती हैं। यह राज्य सिर्फ अपनी प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि अपनी गहरी धार्मिक और आध्यात्मिक जड़ों के लिए भी जाना जाता है। 

यहां की आबोहवा में एक अलग ही तरह का सुकून महसूस होता है। अगर आप बड़े शहरों की चकाचौंध और भीड़भाड़ से दूर शांति के कुछ पल बिताना चाहते हों, या फिर भारत के प्राचीन इतिहास को समझना चाहते हों, मध्य प्रदेश हर एक मौके के लिए बिल्कुल परफेक्ट है। 

यहां की असली पहचान इसके यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हैं, जो दुनियाभर से लोगों को अपनी ओर खींचते हैं। आइए, जानते हैं खूबसूरत और एतिहासिक जगहों के बारे में- 

खजुराहो मोन्यूमेंट्स

चंदेल राजाओं द्वारा 10वीं और 12वीं सदी में बनाए गए ये मंदिर हिंदू और जैन धर्म की आस्था का एक बेहद खूबसूरत संगम हैं। खजुराहो में आप सिर्फ ईंट-पत्थर से बनी इमारत नहीं देखते, बल्कि नागर शैली की वास्तुकला को महसूस करते हैं। 

यहां की दीवारों पर उकेरी गई जटिल मूर्तियां सिखाती हैं कि जीवन का उत्सव मनाना भी एक तरह की पूजा है। यह जगह कई लोगों के बीच आस्था और वास्तुकला का बेजोड़ नमूना है।

सांची स्तूपा 

भोपाल के पास मौजूद सांची, दुनियाभर में शांति और अहिंसा का एक प्रमुख केंद्र है। यह भारत का सबसे पुराना बौद्ध तीर्थस्थल है। यहां के विशाल स्तूपों, भव्य तोरण (प्रवेश द्वार) और अखंड स्तंभों को देख भगवान बुद्ध के उपदेशों की पवित्रता का सीधा एहसास होता है। तीसरी सदी ईसा पूर्व से लेकर 12वीं सदी तक विकसित हुई यह जगह शांति की तलाश करने वालों के लिए बहुत बड़ा प्रेरणा स्रोत है।

भीमबेटका की चित्रकलाएं 

विंध्य पर्वतमाला में स्थित भीमबेटका हमें आदिमानव की शुरुआती जीवन-शैली और उनके प्रकृति से जुड़े विश्वासों से जोड़ती है। पुरापाषाण और मध्यपाषाण काल की इन 750 से ज्यादा गुफाओं में बनी ये चित्रकलाएं उस समय के मानव जीवन की अनूठी झलक दिखाती हैं।

यह भी हैं देखने लायक धरोहर

मध्य प्रदेश की यह आध्यात्मिक और ऐतिहासिक यात्रा यहीं खत्म नहीं होती। यहां और भी कई ऐसी जगह हैं, जो यूनेस्को की लिस्ट में शामिल होने की कतार में हैं। इनमें मां नर्मदा के तट पर स्थित भेड़ाघाट और लमेटाघाट, मांडू और धमनार शामिल हैं। भगवान राम की पवित्र नगरी ओरछा, चंदेरी, ग्वालियर का किला और बुरहानपुर का खूनी भंडारा भी बहुत अहम हैं। 

इसके साथ ही चंबल की रॉक कला, सतपुड़ा रिजर्व, मंडला का प्राचीन महादेव मंदिर, भोजपुर का गोंड स्मारक, सांची का गुप्त मंदिर, अशोक शिलालेख, ओरछा का राजा महल और मितावली का रहस्यमयी चौसठ योगिनी मंदिर भी इस राज्य को ऐतिहासिक और शानदार बनाते हैं।