Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अगर आम जगहों से ऊब गया है मन, तो North Korea की ट्रिप में मिलेगा असली थ्रिल; पढ़ें पूरी ट्रैवल गाइड

    Updated: Wed, 10 Jun 2026 10:06 AM (GMT+05:30)

    अगर आपको 'अनोखी' जगहों की सैर करना पसंद है, तो उत्तर कोरिया आपके लिए एक परफेक्ट थ्रिलर साबित हो सकता है। ...और पढ़ें

    पासपोर्ट पर नहीं लगेगी मोहर, जेब में नहीं चलेगी लोकल करेंसी! (Image Source: Magnific)

    पासपोर्ट पर नहीं लगेगी मोहर, जेब में नहीं चलेगी लोकल करेंसी! (Image Source: Magnific) 

    HighLights

    1. गाइडेड टूर अनिवार्य, अकेले घूमने की सख्त मनाही

    2. वीजा कार्ड मिलता है, पासपोर्ट पर मोहर नहीं लगती

    3. स्थानीय मुद्रा नहीं, केवल विदेशी करेंसी का उपयोग

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप आम टूरिस्ट डेस्टिनेशन्स से बोर हो चुके हैं और किसी बेहद अनोखी जगह की तलाश में हैं, तो उत्तर कोरिया आपके लिए एक परफेक्ट थ्रिलर साबित हो सकता है। इसे दुनिया भर में Hermit Kingdom कहा जाता है क्योंकि यह बाकी दुनिया से पूरी तरह कटा हुआ है।

    अपनी रहस्यमयी दुनिया, शांत घाटियों, ऊंचे पहाड़ों और मशहूर 'नाम्पो पेट्रोल क्लैम्स' के लिए पहचाना जाने वाला यह देश अब एडवेंचर लवर टूरिस्ट्स को लुभा रहा है। हालांकि, ध्यान रहे कि यहां जाना और घूमना आम देशों जैसा बिल्कुल नहीं है। इस देश की सरहद में कदम रखने से पहले आपको कुछ बेहद कड़े नियमों की जानकारी होनी चाहिए।

    North korean

    (Image Source: Magnific) 

    उत्तर कोरिया जाने से पहले जान लें ये सख्त नियम

    यहां के कानून दुनिया में सबसे अलग और सख्त हैं। एक भी गलती आपको भारी मुसीबत में डाल सकती है:

    • अकेले घूमने की सख्त मनाही: आप अपनी मर्जी से सोलो ट्रिप प्लान नहीं कर सकते। आपका किसी अधिकृत टूर ऑपरेटर के अप्रूव्ड 'गाइडेड टूर' का हिस्सा होना अनिवार्य है।
    • पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर बैन: एक विदेशी नागरिक के तौर पर आप न तो वहां गाड़ी चला सकते हैं और न ही किसी स्थानीय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं।
    • गाइड होगा आपका साया: देश के अंदर आपको हमेशा अपने अप्रूव्ड टूर गाइड के साथ ही रहना होगा। अकेले सड़क पर टहलने या घूमने की कोई इजाजत नहीं है।
    • तस्वीरें लेने से पहले पूछें: फोटोग्राफी पर कड़ी पाबंदियां हैं। किसी भी इंसान, स्मारक, सेना या यहां तक कि गरीब बस्तियों की फोटो या वीडियो लेने से पहले आपको अपने गाइड से परमिशन लेनी ही होगी।
    • स्थानीय लोगों से दूरी: बिना अनुमति वहां के आम नागरिकों से बातचीत करना, करेंसी बदलना या किसी ऐसी दुकान से सामान खरीदना जो विदेशियों के लिए तय नहीं है, पूरी तरह गैरकानूनी है। इसके लिए आपको जुर्माना, हिरासत या जेल भी हो सकती है।
    • सरकार की आलोचना पड़ेगी भारी: देश या वहां के नेताओं के खिलाफ बोला गया एक भी शब्द आपको सीधा जेल पहुंचा सकता है। आपको तय किए गए क्षेत्रों में ही रहना होगा और सभी प्रोटोकॉल मानने होंगे।

    Travel to North Korea

    (Image Source: Magnific)

    उत्तर कोरिया के वीजा से जुड़ी जरूरी बातें

    उत्तर कोरिया का वीजा हासिल करना भी अपने आप में एक अलग प्रक्रिया है:

    • डायरेक्ट अप्लाई नहीं कर सकते: आप खुद वीजा के लिए आवेदन नहीं कर सकते। यह 'कोर्यो टूर्स' या 'अकबर ट्रैवल' जैसी किसी अधिकृत ट्रैवल एजेंसी के जरिए ही किया जा सकता है।
    • दस्तावेज क्या चाहिए: कम से कम 6 महीने की वैलिडिटी और 3 खाली पन्नों वाला पासपोर्ट। अपने देश वापस लौटने या किसी अन्य देश जाने की फ्लाइट की टिकट और होटल बुकिंग का पूरा प्रूफ।
    • प्रोसेस और फीस: उत्तर कोरिया आमतौर पर 'सिंगल एंट्री वीजा' देता है, जिसे मिलने में 15 से 20 वर्किंग डेज लगते हैं। टूरिस्ट और बिजनेस वीजा की फीस 50 अमेरिकी डॉलर है।
    • पासपोर्ट पर नहीं लगती मोहर: सबसे दिलचस्प बात यह है कि उत्तर कोरिया का वीजा आपके पासपोर्ट पर नहीं लगता, बल्कि आपको एक अलग 'वीजा कार्ड' दिया जाता है। देश में आने या जाने पर आपके पासपोर्ट पर कोई स्टैम्प नहीं लगाया जाएगा।

    आपके काम नहीं आएगी लोकल करेंसी

    उत्तर कोरिया की स्थानीय मुद्रा 'नॉर्थ कोरियन वॉन' है। वैसे तो 1 भारतीय रुपये की कीमत 9.42 KPW के बराबर है, लेकिन एक पर्यटक के तौर पर आप इसे छू भी नहीं सकते।

    खबरें और भी

    • आपको अपनी यात्रा के दौरान केवल अमेरिकी डॉलर, चीनी युआन या यूरो का ही इस्तेमाल करना होगा।
    • देश में न तो कोई ATM है और न ही बैंकिंग की अच्छी सुविधाएं।
    • आप न तो उत्तर कोरियाई मुद्रा लेकर देश में दाखिल हो सकते हैं और न ही उसे बाहर ले जा सकते हैं।

    north Korea

    (Image Source: Magnific)

    भारत से कैसे पहुंचे उत्तर कोरिया?

    भारत से उत्तर कोरिया के लिए सीधे उड़ान भरने की कोई सुविधा नहीं है।

    • सबसे बढ़िया रूट: भारत के प्रमुख शहरों (जैसे दिल्ली, मुंबई या बेंगलुरु) से पहले चीन के बीजिंग शहर के लिए फ्लाइट लें। वहां से आप प्योंगयांग के लिए उड़ान भर सकते हैं। 'एयर चाइना' इस रूट पर सबसे ज्यादा चलती है और मुंबई से प्योंगयांग का एक तरफ का किराया 51,000 रुपये से शुरू होता है।
    • दूसरा हवाई रास्ता: आप सिंगापुर या बैंकॉक होकर भी जा सकते हैं, लेकिन यह चीन वाले रास्ते से ज्यादा महंगा पड़ेगा।
    • ट्रेन का सफर: अगर आप चाहें तो बीजिंग से प्योंगयांग के लिए ट्रेन भी ले सकते हैं, जो करीब 25 घंटे का सफर तय करती है।
    • ध्यान दें: भले ही दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया पड़ोसी हैं, लेकिन आप दक्षिण कोरिया से सीमा पार करके यहां नहीं आ सकते।

    उत्तर कोरिया में कहां रुकेंगे आप?

    पर्यटकों को केवल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त होटलों या हॉस्टल में ही ठहरने की इजाजत है। यहां रुकने का खर्च औसतन 50 से 100 अमेरिकी डॉलर प्रति रात आता है। स्विमिंग पूल, कराओके रूम या सौना जैसी सुविधाओं के लिए अलग से पैसे देने पड़ते हैं। बता दें, प्योंगयांग से लगभग 160 किलोमीटर दूर स्थित 228 कमरों वाला 6-स्टार 'ह्यांगसान होटल' देश का सबसे महंगा होटल माना जाता है।

    उत्तर कोरिया में क्या-क्या देखें?

    • राजधानी प्योंगयांग के अंदर: किम इल सुंग स्क्वायर, कुमसुसान पैलेस ऑफ द सन, मानसुदे ग्रैंड मॉन्यूमेंट्स, शानदार प्योंगयांग मेट्रो, वर्कर्स पार्टी फाउंडेशन मॉन्यूमेंट, चोलिमा स्टैच्यू, रुंगराडो मे डे स्टेडियम, मानग्योंगदे नेटिव हाउस, आर्च ऑफ ट्रायम्फ और प्योंगयांग फोकलोर पार्क।
    • अन्य खास जगहें: पनमुनजोम, नाम्पो, केसोंग, कंक्रीट वॉल, वेस्ट सी बैराज, माउंट पेक्टू, हमहंग और डोंग्रिम टाउन।

    उत्तर कोरिया में क्या खाएं?

    अगर आप वहां के खाने का असली मजा लेना चाहते हैं, तो इन डिशेज को जरूर चखें:

    • किम्ची: मसालेदार पत्तागोभी से बनने वाली यह डिश इतनी मशहूर है कि इसे संयुक्त राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किया गया है।
    • नेन्गम्योन: प्योंगयांग का सबसे आम खाना। यह एक साफ शोरबे में परोसा जाने वाला ठंडा नूडल है। इसी की एक और स्वादिष्ट वैरायटी 'हो नेन्गम्योन' भी है।
    • ड्यूबुबाप: चावल की स्टफिंग वाले तले हुए टोफू के टुकड़े।
    • नाम्पो पेट्रोल क्लैम्स: सीपियों पर पेट्रोल छिड़क कर उन्हें आग पर सेंका जाता है। इसे स्थानीय शराब 'सोजू' के साथ परोसा जाता है।
    • सूप और अन्य डिश: ताएदोंग नदी की 'ग्रे मुलेट सूप', एक बर्तन में पकने वाली 'प्योंगयांग ओन्बन' और बैल के हिस्सों से बनी जिलेटिन डिश 'ऑक्स ट्रोटर एस्पिक'।

    north korea spring

    (Image Source: Magnific) 

    उत्तर कोरिया घूमने का सही समय

    वसंत या पतझड़ का मौसम उत्तर कोरिया घूमने के लिए सबसे बेहतरीन माना जाता है, क्योंकि इस दौरान मौसम काफी खुशनुमा रहता है।

    अपनी मर्जी से नहीं कटवा सकते बाल

    इस देश की कुछ बातें वाकई आपको हैरान कर देंगी:

    • तय हेयरस्टाइल: आप अपनी मर्जी से बाल नहीं कटवा सकते। सरकार ने नागरिकों के लिए केवल 28 तरह के हेयरस्टाइल को ही मंजूरी दी है, जिसमें 14 पुरुषों के लिए और 14 महिलाओं के लिए हैं।
    • जींस और कपड़ों पर रोक: देश के अंदर रिप्ड जींस, स्किनी जींस और नीली जींस पहनना सख्त मना है। इसके साथ ही ब्रांड लोगो वाले कपड़े भी बैन हैं।

    यह भी पढ़ें- उत्तर कोरिया में महिलाओं का 'लाल लिप्सटिक' लगाना है बैन, हैरान कर देंगे वहां के सख्त कानून

    यह भी पढ़ें- दुनिया का ऐसा देश जहां विदेशी फिल्में और टेलीविजन सीरियल देखने पर मिलती है मौत की सजा