कैंची धाम ट्रिप को बनाना है और भी खास? दर्शन के बाद करें आस-पास की इन खूबसूरत जगहों को एक्सप्लोर
उत्तराखंड में स्थित नीम करोली बाबा का कैंची धाम लाखों श्रद्धालुओं का आस्था केंद्र है। यहां आस-पास और भी खूबसूरत जगहें हैं।

कैंची धाम घूमने जाने का है प्लान (Picture Courtesy: Instagram)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तराखंड में बसा कैंची धाम लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। फिल्म 'हनुमान अंश' की रिलीज के बाद लोग नीम करोली बाबा के इस पवित्र धाम के दर्शन करना चाह रहे हैं। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु आते और उन्हें यहां एक खास शांति का एहसास होता है।
खूबसूरत वादियों के बीच बसा ये धाम अध्यात्मिक शांति के साथ-साथ प्रकृति के करीब होने का भी एहसास करवाता है। अगर आप भी कैंची धाम जाने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां दर्शन करने के बाद आप आस-पास की भी कई जगहों पर घूमने जा सकते हैं। ये जगहें भी बेहद खूबसूरत हैं और वेकेशन को और भी शानदार बना देंगी। आइए जानें कैंची धाम के बाद और आस-पास की किन जगहों पर घूमने जा सकते हैं।
नैनीताल
कैंची धाम से नैनीताल लगभग 17 किलो मीटर दूर है। यहां आप खूबसूरत पहाड़ियों से घिरी नैनी झील में बोटिंग का मजा ले सकते हैं। इसके अलावा, नैना देवी मंदिर में दर्शन के लिए जा सकते हैं, मॉल रोड घूम सकते हैं, स्नो व्यू पॉइन्ट से खूबसूरत नजारे देख सकते हैं और लोकल मार्केट से शॉपिंग कर सकते हैं। नैनीताल की खूबसूरती आपका दिल जीत लेगी।
भीमताल
भीमताल कैंची धाम से लगभग 20 कि.मी. की दूरी पर है। अगर नैनीताल आपके लिए भीड़भाड़ वाला इलाका है, तो आप भीमताल आ सकते हैं। यहां भीमताल झील देख सकते हैं और बोटिंग कर सकते हैं। इसके अलावा, भीमेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन कर सकते हैं।
मुक्तेश्वर
मुक्तेश्वर कैंची धाम से लगभग 45 कि.मी. दूर है और समुद्र तल से लगभग 7,500 फीट की ऊंचाई पर है। हिमालय की बर्फिली चोटियों और सेब के बागानों के लिए ये जगह जानी जाती है। यहां का सदियों पुराना मुक्तेश्वर धाम भगवान शंकर को समर्पित है। आप इस मंदिर के दर्शन करने आ सकते हैं। इसके अलावा, चौली की जाली में रॉक क्लाइंबिंग कर सकते हैं और हिमालय की खूबसूरत वादियों का दीदार कर सकते हैं।
अल्मोड़ा
अल्मोड़ा भी कैंची धाम से लगभग 45 कि.मी. दूर है। ये जगह अपनी कला और संस्कृति के लिए जानी जाती है। यहां कसार देवी मंदिर के दर्शन कर सकते हैं और गोलू देवता की मंदिर में मन्नत की घंटियों का गूंजता स्वर आपके मन को शांति से भर देगा।
