न फ्लाइट और न पैसेंजर्स... फिर भी देश का बेस्ट एयरपोर्ट बना खजुराहो, अब सर्वे पर ही उठने लगे सवाल
खजुराहो एयरपोर्ट को AAI के नवीनतम कस्टमर सैटिस्फैक्शन इंडेक्स में देश का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट चुना गया है। हैरानी की बात यह है कि जुलाई-अगस्त में यहां ...और पढ़ें

खजुराहो एयरपोर्ट बना सर्वश्रेष्ठ तो उठे सवाल। (फाइल फोटो।)
HighLights
खजुराहो एयरपोर्ट AAI सर्वे में देश का सर्वश्रेष्ठ घोषित।
जुलाई-अगस्त में कोई वाणिज्यिक उड़ान संचालित नहीं हुई।
सर्वे प्रक्रिया और उसके मानकों पर गंभीर प्रश्नचिह्न।
डिजिटल डेस्क, खजुराहो। मध्यप्रदेश का खजुराहो एयरपोर्ट एक अनोखी वजह से चर्चा में है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के नवीनतम कस्टमर सैटिस्फैक्शन इंडेक्स (CSI) में इसे देश का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट चुना गया है।
हैरानी की बात यह है कि जुलाई और अगस्त के दौरान यहां एक भी कमर्शियल उड़ान संचालित नहीं हो रही है। इस स्थिति ने एविएशन सेक्टर में सर्वे की प्रक्रिया और उसके मानकों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
रनवे पर पसरा सन्नाटा लेकिन सर्वे में नंबर वन
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की द्विवार्षिक ग्राहक संतुष्टि सर्वे रिपोर्ट में खजुराहो एयरपोर्ट ने कई व्यस्त और बड़े हवाई अड्डों को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, एक जुलाई से यहां दिल्ली और वाराणसी के लिए संचालित होने वाली दोनों नियमित कमर्शियल उड़ानें बंद हैं। एयरपोर्ट का रनवे इन दिनों पूरी तरह शांत है।
खजुराहो एयरपोर्ट के निदेशक संतोष सिंह के अनुसार, फिलहाल दिल्ली और वाराणसी के लिए कोई उड़ान संचालित नहीं हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अक्टूबर से दोनों रूटों पर सेवाएं दोबारा शुरू हो सकती हैं। हालांकि, उड़ानें बंद होने के कारणों पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
33 मानकों पर मिला सर्वश्रेष्ठ दर्जा
एएआई का कस्टमर सैटिस्फैक्शन इंडेक्स स्वतंत्र एजेंसियों द्वारा कराए गए सर्वे पर आधारित होता है। इसमें यात्रियों से ग्राउंड ट्रांसपोर्ट, पार्किंग, वाई-फाई, खानपान, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं समेत 33 प्रमुख मानकों पर फीडबैक लिया जाता है। इन्हीं मानकों के आधार पर खजुराहो एयरपोर्ट को देश में सबसे बेहतर ग्राहक अनुभव देने वाला एयरपोर्ट माना गया है, जबकि फिलहाल वहां कोई नियमित यात्री उड़ान संचालित नहीं हो रही है।