भोपाल में एम्स व पीपुल्स यूनिवर्सिटी को सायनाइड बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप, जांच में निकली अफवाह
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड के साथ व्यापक तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों की जांच के बाद धमकी फर्जी निकली, कोई सं ...और पढ़ें

धमकी के बाद पीपुल्स यूनवर्सिटी परिसर में मची अफरा-तफरी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में सोमवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एम्स भोपाल और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला। मेल में दावा किया गया कि दोनों परिसरों में सायनाइड ज़हर से लैस बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करेंगे, और 11 बजे तक डॉक्टरों व छात्रों को बाहर निकालने की चेतावनी दी गई।

ई-मेल में यह लिखा
धमकी भरे इस संदेश में धार्मिक नारे का उल्लेख भी किया गया, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई। मेल भेजने वाले ने बेहद डरावनी भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा कि आपके कॉलेज में सायनाइड पाइजन वाले बम रखे गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे ब्लास्ट करेंगे। सुबह 11 बजे तक डाक्टरों और स्टूडेंट्स को निकाल लें। अल्लाह हू अकबर।
धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत यूनिवर्सिटी परिसर को खाली कराया गया। टीम ने क्लासरूम, हॉस्टल, पार्किंग और संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की। परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही को पूरी तरह कम कर दिया गया।
संबंधित थानों की टीमें बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचीं। एम्स परिसर में बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी के नेतृत्व में सघन तलाशी अभियान चला, जबकि पीपुल्स यूनिवर्सिटी में निशातपुरा टीआई मनोज पटवा और उनकी टीम ने पूरे कैंपस को खंगाला।
खबरें और भी
कई घंटे चली जांच के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। प्राथमिक जांच में धमकी पूरी तरह फर्जी पाई गई। इसके बाद सबने राहत की सांस ली।
पुलिस ने ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस के आधार पर जांच तेज कर दी है। साइबर सेल को भी मामले में जोड़ा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। ई-मेल आइडी और आइपी एड्रेस के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की टीम भेजने वाले का सुराग लगाने में जुटी है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
गौरतलब है कि पीपुल्स यूनिवर्सिटी में सायनाइड बम प्लांट करने का धमकी भरा ई-मेल एक पखवाड़े में दूसरी बार आया है। इससे पहले 19 फरवरी को भी पीपुल्स मेडिकल कॉलेज को इसी तरह तरह का ई-मेल भेजकर सायनाइड बम ब्लास्ट करने की धमकी दी गई थी। तब भी व्यापक तलाशी के बावजूद कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली थी। तब इसे किसी की शरारत माना जा रहा था, लेकिन होली के त्योहार से पहले दोबारा मिली धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है।