भोपाल के गोविंदपुरा में दिनदहाड़े बदमाशों का तांडव, फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग, संचालक व रिश्तेदारों पर किया जानलेवा हमला
भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में एक पेपर फैक्ट्री पर बदमाशों ने हमला किया। फायरिंग कर संचालक और उसके परिजनों को डंडों व तलवारों से घायल किया, ...और पढ़ें

बदमाशों ने फैक्ट्री संचालक पर किया हमला (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बदमाशों के एक गिरोह ने पेपर फैक्ट्री में घुसकर न केवल फायरिंग की, बल्कि संचालक और उसके परिजनों पर डंडों व तलवारों से जानलेवा हमला भी कर दिया। वारदात के बाद आरोपित दो एसयूवी में सवार होकर फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस के अनुसार, मौके से दो गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं। देर रात अशोका गार्डन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यापारी बनकर आया, फिर किया हमला
फैक्ट्री संचालक 39 वर्षीय अंकित गुप्ता, जो सिंधी कॉलोनी के शांति नगर में रहते हैं, ने बताया कि उनकी ‘सोनी इंडस्ट्रीज’ नामक पेपर फैक्ट्री में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे एक युवक खुद को फुटकर व्यापारी बताकर पहुंचा। उसने करीब 30 हजार रुपये का माल लिया, लेकिन भुगतान के दौरान विवाद खड़ा कर दिया। युवक ने खुद को “गोपाल पाटिल” का आदमी बताते हुए धमकी दी और वहां से चला गया।
कुछ ही देर बाद आधा दर्जन से अधिक बदमाश फैक्ट्री में घुस आए और ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
तीन घायल, एक की हालत गंभीर
हमले में अंकित के चाचा चंद्रप्रकाश दुबे को सबसे गंभीर चोटें आई हैं। उनके हाथ, पेट और पीठ पर गहरे घाव बताए जा रहे हैं। इसके अलावा अंकित और उनके चचेरे भाई अमित को भी गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें- MP में 70 हजार शिक्षकों को TET की तैयारी कराएगी सरकार, मई में शुरू होगी ऑनलाइन कोचिंग
हमलावरों ने लिया ‘गोपाल पाटिल’ का नाम
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर लगातार “गोपाल पाटिल” का नाम लेकर धमका रहे थे। साथ ही घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं, आरोप है कि शुरुआती प्रतिक्रिया धीमी रही, जिससे आरोपी आसानी से फरार हो गए।
खबरें और भी
पुलिस का यह तर्क
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।