भोपाल में सरेराह खूनी वारदात: हथौड़े से प्रेमिका पर ताबड़तोड़ वार, भीड़ घिरते ही खुद को चाकू मार खत्म किया जीवन
राजधानी भोपाल के पिपलानी इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर सरेराह हथौड़े से हमला कर गंभीर रूप ...और पढ़ें

घटनास्थल पर पड़ताल करती पुलिस (वीडियो ग्रैब)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित सोनागिरी इलाके में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना ने लोगों को दहला दिया। एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर बीच सड़क हथौड़े से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद जब स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने खुद पर भी चाकू से प्रहार किए। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण आरोपित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
पत्नी का हो चुका निधन
पुलिस के मुताबिक 60 क्वार्टर झुग्गी, पिपलानी निवासी 50 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया निजी वाहन चालक था। उसकी पहली पत्नी की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी थी और उसके पांच बच्चे हैं। पिछले कुछ समय से वह सतनामी नगर निवासी 42 वर्षीय कल्पना भारती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। कल्पना अपने पति से अलग रहकर घरों में काम करती थी।
घर पर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद कल्पना काम पर जाने के लिए निकली। इसी दौरान लक्ष्मण हथौड़ा छिपाकर उसके पीछे-पीछे पहुंच गया।
सिर पर हथौड़े से प्रहार
सुबह करीब 11 बजे रिलायंस डिजिटल शोरूम के पीछे उसने कल्पना को रोककर अचानक उसके सिर पर हथौड़े से कई वार कर दिए। हमले में महिला लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने पकड़ना चाहा तो खुद को मारा चाकू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आसपास मौजूद लोगों ने आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन खुद को घिरता देख उसने जेब से चाकू निकाल लिया और अपने गले व पेट पर वार कर लिए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
महिला अस्पताल में भर्ती
घायल महिला को तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की पिपलानी थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से हथौड़ा और चाकू जब्त कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- भोपाल वेस्टर्न बायपास विवाद: IAS-IPS अधिकारियों की जमीन खरीद पर उठे गंभीर सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग
शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतक लक्ष्मण प्रसाद अपनी महिला मित्र के चरित्र पर शक करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार सुबह भी इसी बात पर झगड़ा होने की जानकारी मिली है। जिसके बाद महिला पर हथौड़े से जानलेवा हमला किया और बाद में खुद पर चाकू से वार कर आत्महत्या कर ली। महिला का उपचार जारी है। मामले में जांच की जा रही है।
- गौतम सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, भोपाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।