रेलयात्रियों को राहत : भोपाल मंडल की 10 ट्रेनों में जुड़ेंगे 3AC इकॉनॉमी कोच, जानिए कबसे लागू होगा बदलाव
भोपाल मंडल ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए 10 प्रमुख ट्रेनों में 3AC इकॉनॉमी कोच जोड़ने का फैसला किया है। यह बदलाव जून से चरणबद्ध तरीके से लागू होगा।

ट्रेनों में जुड़ेंगे एसी इकोनॉमी कोच (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। गर्मी के सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग और किफायती एसी यात्रा की जरूरत को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल ने एक अहम कदम उठाया है। मंडल से संचालित 10 प्रमुख ट्रेनों में कोच संरचना में बदलाव करते हुए अब 3-टियर एसी कोच की जगह 3AC इकॉनॉमी कोच लगाए जाएंगे। यह बदलाव आगामी जून से चरणबद्ध तरीके से लागू होगा।
सस्ती AC यात्रा पर फोकस
रेलवे का मानना है कि 3AC इकॉनॉमी कोच के जुड़ने से ज्यादा यात्रियों को अपेक्षाकृत कम किराए में एसी में सफर करने की सुविधा मिल सकेगी। इससे ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट का दबाव भी कम होगा और लंबी दूरी की रेलगाड़ियों में सीट उपलब्धता बेहतर होगी।
इन ट्रेनों में होगा बदलाव
भोपाल मंडल की जिन ट्रेनों में यह सुविधा शुरू की जा रही है, उनमें रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन, रानी कमलापति–रीवा, भोपाल–सिंगरौली, भोपाल-धनबाद और भोपाल–चोपन रूट की ट्रेनें शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों में जून के मध्य से अलग-अलग तारीखों में नया कोच जोड़ा जाएगा।
इन तारीखों से मिलेगी सुविधा
- 15 जून से रानी कमलापति–रीवा एक्सप्रेस
- 16 जून से रीवा–रानी कमलापति एक्सप्रेस
- 17 जून से रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस
- 20 जून से हजरत निजामुद्दीन–रानी कमलापति व भोपाल–सिंगरौली एक्सप्रेस
- 21 से 24 जून के बीच चोपन और धनबाद रूट की ट्रेनों में भी बदलाव लागू होगा
यात्रियों को यह फायदा
नई व्यवस्था से यात्रियों को सस्ते किराए में एसी यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही कोचों की संख्या संतुलित होने से भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी और सफर अधिक आरामदायक होगा।
