छिंदवाड़ा में चलती ट्रेन दो हिस्सों में बंटी, तीन डिब्बे हुए अलग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, टला बड़ा हादसा
छिंदवाड़ा जंक्शन पर मंगलवार सुबह सिवनी-बैतूल स्पेशल पैसेंजर ट्रेन के तीन डिब्बे इंजन से अलग हो गए। स्टेशन से कुछ दूरी पर हुई इस घटना से यात्रियों में ...और पढ़ें

मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य करते तकनीकी रेलकर्मी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। छिंदवाड़ा जंक्शन से होकर गुजरने वाली सिवनी–बैतूल स्पेशल पैसेंजर ट्रेन मंगलवार सुबह एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। ट्रेन जैसे ही सुबह करीब 8 बजे छिंदवाड़ा स्टेशन से बैतूल के लिए रवाना होकर रफ्तार पकड़ रही थी, तभी स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित चार फाटक के पास तेज आवाज के साथ यात्रियों से भरे तीन डिब्बे इंजन से अलग हो गए।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
अचानक हुई इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने जोरदार झटके महसूस होने की बात कही, वहीं तेज आवाज के चलते कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए। एहतियातन बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन से उतर आए और डिब्बे अलग होने की वजह जानने के लिए ट्रैक के किनारे जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि यह घटना कुछ दूरी आगे या अधिक गति में होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सौभाग्य से ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल एम्स में सुरक्षा पर सवाल, लिफ्ट में महिला के गले से मंगलसूत्र छीनकर बदमाश फरार, वारदात सीसीटीवी में कैद
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर रेलवे के करीब एक दर्जन तकनीकी कर्मचारी, इंजीनियरिंग और ऑपरेशन स्टाफ पहुंचा और स्थिति को संभाला।
कपलिंग में आई खराबी
प्राथमिक जांच में कपलिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। कर्मचारियों ने तत्काल सुधार कार्य शुरू किया और सुरक्षा जांच के बाद डिब्बों को दोबारा जोड़ा गया। करीब आधे घंटे तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। मरम्मत और जांच पूरी होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना करने की अनुमति दी, जिसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य बैतूल की ओर रवाना हुई।