दतिया उपचुनाव का इनाम: अवधेश नायक को प्रदेश कांग्रेस संगठन में मिली अहम जिम्मेदारी; 11 अगस्त को भोपाल में होगी बड़ी रणनीतिक बैठक
दतिया उपचुनाव में अहम भूमिका निभाने वाले अवधेश नायक को मध्य प्रदेश कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी 11 अगस्त को भोपाल में आगामी चुनावों ...और पढ़ें

अवधेश नायक (फाइल फोटो)
HighLights
अवधेश नायक मध्य प्रदेश कांग्रेस के महासचिव बने।
दतिया उपचुनाव में सक्रिय भूमिका का मिला इनाम।
11 अगस्त को भोपाल में महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक होगी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के लिए अहम भूमिका निभाने वाले अवधेश नायक को पार्टी ने बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंप दी है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की सहमति से नायक को प्रदेश कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया है। यह फैसला उस वादे की पूर्ति माना जा रहा है, जो उपचुनाव के दौरान पार्टी नेतृत्व ने उनसे किया था।
11 अगस्त को अहम बैठक
इधर, प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। 11 अगस्त को भोपाल में राजनीतिक मामलों की समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह समेत सभी प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति, संगठनात्मक विस्तार और भविष्य के राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
2023 में थामा था कांग्रेस का दामन
अवधेश नायक वर्ष 2023 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। राजनीतिक गलियारों में उनके दल बदल की वजह तत्कालीन मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मतभेद को माना गया था। कांग्रेस ने पहले उन्हें विधानसभा चुनाव का टिकट दिया था, लेकिन बाद में उनकी जगह राजेंद्र भारती को उम्मीदवार बनाया गया, जिन्होंने चुनाव जीत लिया था।
कांग्रेस के पक्ष में रहे सक्रिय
बाद में वित्तीय धोखाधड़ी के एक मामले में अदालत द्वारा राजेंद्र भारती को सजा सुनाए जाने के बाद उनकी सदस्यता समाप्त हो गई, जिससे दतिया सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा। इस उपचुनाव में अवधेश नायक ने कांग्रेस के पक्ष में सक्रिय भूमिका निभाई। भाजपा की हार के बाद उन्होंने पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर भी तीखा हमला बोला था।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- भाजपा की हार, जिला संगठन में बदलाव और फिर आशुतोष-नरोत्तम मुलाकात... दतिया में हार के बाद MP BJP में क्या पक रहा?
जीतू ने किया था वादा
उपचुनाव के दौरान उस समय राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई थीं, जब भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी अवधेश नायक से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस मुलाकात के बाद नायक ने कहा था कि उनके लिए "सभी विकल्प खुले हैं"। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने का भरोसा दिलाया था, जिसे अब प्रदेश महासचिव बनाकर पूरा कर दिया गया।