विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदा में स्कूल की रसोई में भभका गैस सिलिंडर, कांग्रेस विधायक ने जान जोखिम में डाल बुझाई आग; 265 बच्चे सुरक्षित

Updated: Sun, 23 Aug 2026 01:57 AM (IST)

हरदा के खुदिया गांव में एक स्कूल की रसोई में मध्याह्न भोजन बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लग गई। कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाई और सिलिंडर को बाहर निकाला, हालांकि इस दौरान उनकी हथेली झुलस गई।

स्कूल की रसोई में सिलिंडर में भड़की आग, विधायक ने आग बुझाई और सिलिंडर बाहर लेकर आए। इस दौरान उनकी हथेली जल गई।

स्कूल की रसोई में सिलिंडर में भड़की आग, विधायक ने आग बुझाई और सिलिंडर बाहर लेकर आए। इस दौरान उनकी हथेली जल गई।

HighLights

  1. हरदा स्कूल की रसोई में गैस सिलिंडर में भड़की आग।

  2. विधायक अभिजीत शाह ने जान जोखिम में डाल आग बुझाई।

  3. 265 बच्चों की जान बची, विधायक की हथेली झुलसी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के हरदा जिले में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। खुदिया गांव की एकीकृत प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला की रसोई में मध्याह्न भोजन बनाते समय गैस सिलिंडर में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। उस समय विद्यालय में करीब 265 बच्चे मौजूद थे।

घटना की सूचना मिलते ही टिमरनी से कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह, जो उस समय अपने गृहग्राम खुदिया में ही थे, तत्त्काल स्कूल पहुंचे। रसोई में धधक रहे सिलिंडर को देखकर उन्होंने बिना देर किए अंदर प्रवेश किया और पानी व टाट की बोरी की मदद से आग बुझा दी। इसके बाद सिलिंडर को रसोई से बाहर निकालकर ले आए। इस दौरान विधायक की दाहिनी हथेली भी जल गई।

आग की लपटों के बीच रसोई में घुसे विधायक

बताया गया कि शनिवार को स्कूल की रसोई में मध्याह्न भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलिंडर में आग लग गई। करीब 15 से 20 मिनट तक आग की लपटें उठती रहीं। रसोई में मौजूद भोजन बनाने वाली महिलाएं और स्कूल स्टाफ घबरा गए।

घटना के समय विधायक अभिजीत शाह अपने घर पर थे। जानकारी मिलते ही वे अग्निशमन यंत्र लेकर तुरंत स्कूल पहुंचे। वहां पहुंचत ही उन्होंने आग बुझाने के लिए रसोई के बाहर रखा पानी से भरा स्टील का बर्तन उठाया और अंदर चले गए।

उन्होंने पहले सिलिंडर पर पानी डाला और फिर टाट की बोरी डालकर आग पर काबू पाया। इसके बाद उन्होंने सिलिंडर को रसोई से बाहर निकाल दिया।

सिलिंडर बाहर निकालते समय झुलसी हथेली

आग की वजह से गैस सिलिंडर काफी गर्म हो चुका था। उसे रसोई से बाहर लाते समय विधायक के दाहिने हाथ की हथेली झुलस गई। घटना के बाद उन्होंने प्राथमिक तौर पर अपने हाथ पर नमक लगाया।

विधायक शाह ने कहा कि उस वक्त उन्हें अपनी सुरक्षा का ख्याल नहीं आया। उनके सामने सिर्फ स्कूल के बच्चे थे और उनके मन में यही था कि किसी बच्चे को नुकसान नहीं होना चाहिए।

यह भी पढ़ें- भोपाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा: बालक की हत्या के बाद अंडकोष बेचने हत्यारों ने ईरानी गैंग से किया था संपर्क; पुलिस ने क्राइम सीन कराया रीक्रिएट

स्कूल में नहीं था अग्निशमन यंत्र

हादसे के समय स्कूल में करीब 265 बच्चे मौजूद थे। यदि आग की चपेट में आया सिलिंडर फट जाता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। समय रहते सिलिंडर को रसोई से बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया।

बताया गया कि विद्यालय में अग्निशमन यंत्र नहीं था। घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रबंधन और प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं।

गैस सिलिंडर बाहर आने और आग बुझने के बाद स्कूल में मौजूद बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। सभी 265 बच्चे सुरक्षित हैं।