'दूसरे के गाने सुने तो मर्डर...', कुमार सानू के जबरा फैन को हुआ 'वहम', तीन बार खुदकुशी की कोशिश, सिंगर ने मनोचिकित्सक से मांगी मदद
जबलपुर में एक प्रशंसक ने 'साइकोटिक डेल्यूजन' के कारण तीन बार आत्महत्या का प्रयास किया, उसे लगा कि दूसरे गायक के गाने सुनने पर कुमार सानू के प्रशंसक उस ...और पढ़ें

जबरा फैन प्रमोद मांझी और गायक कुमार शानू।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। सिर्फ फिल्मी पर्दे पर ही नहीं, असल जिंदगी में भी प्रशंसकों की दीवानगी जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसा ही चौंकाने वाला मामला जबलपुर में सामने आया है, जहां बॉलीवुड सिंगर कुमार सानू के एक प्रशंसक ने इस वहम में जान देने की कोशिश की कि दूसरे गायक का गाना सुनने पर सानू के फैंस उसे मार डालेंगे।
छपरा (बिहार) जिले के ग्राम डुमरी निवासी प्रमोद मांझी (35) ने पहले ट्रेन से कूदने, फिर स्टेशन पर गला काटने और अंत में अस्पताल की दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
मनोचिकित्सक से फोन पर की चर्चा
मामला चर्चा में आने के बाद बुधवार को खुद पार्श्व गायक कुमार सानू ने भोपाल के मशहूर मनोचिकित्सक डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी से अपने फैन की हालत को लेकर चर्चा की। डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी ने दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन नईदुनिया को बताया कि कुमार सानू का फोन मेरे पास आया था। उन्होंने युवक के स्वजन से भी बात की है। प्रमोद के पिता फागू मांझी को फोन कर सानू ने आर्थिक मदद का आश्वासन दिया और प्रमोद के जल्द ठीक होने की कामना की।
क्या है 'साइकोटिक डेल्यूजन'?
जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डाक्टरों के मुताबिक, प्रमोद 'साइकोटिक डेल्यूजन' नामक मानसिक बीमारी से जूझ रहा है। इसमें व्यक्ति वास्तविकता और कल्पना के बीच का अंतर भूल जाता है। प्रमोद को लगता था कि उसने रील्स पर दूसरे गायकों के गाने सुनकर कुमार सानू के साथ धोखा किया है और अब सानू के करोड़ों प्रशंसक उसे ढूंढकर सजा देंगे।
मनोचिकित्सक डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी के अनुसार, सोशल मीडिया ट्रोलिंग और ग्रुप प्रेशर के कारण कई बार कमजोर मन के लोग इस तरह के भ्रम का शिकार हो जाते हैं। डोपामिन स्तर बढ़ने से व्यक्ति को अपना वहम 100 प्रतिशत सच लगने लगता है। फिलहाल युवक का इलाज जारी है, हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे बिहार ले गए हैं।
खबरें और भी
तीन बार मौत से सामना
पहली कोशिश : 10 जनवरी को नागपुर से लौटते समय चलती ट्रेन से कूदने का प्रयास किया।
दूसरी कोशिश : जबलपुर स्टेशन के टायलेट में ब्लेड से गला और कलाई काट ली।
तीसरी कोशिश : अस्पताल में भर्ती होने के अगले दिन प्रथम तल से नीचे छलांग लगा दी।