पहले विदिशा, अब मैहर... उफनता नाला पार कर स्कूल आने-जाने पर मजबूर हैं बच्चे; वायरल वीडियो ने खोली व्यवस्था की पोल
मैहर जिले के सोनवारी गांव में स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर उफनता नाला पार कर स्कूल जाने को मजबूर ...और पढ़ें

उफनते नाले को पार करते स्कूली बच्चे। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
मैहर के सोनवारी गांव में बच्चे उफनता नाला पार कर रहे।
स्कूल आने-जाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे मासूम।
ग्रामीणों की पुल-सड़क की मांग वर्षों से अनसुनी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के विदिशा के बाद अब मैहर जिले से भी चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहे एक वीडियो में स्कूली बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर उफनता नाला पार करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो मैहर जिले के ग्राम सोनवारी का है। यहां सरलानगर में अल्ट्राटेक का सीमेंट प्लांट है।
चट्टानों के सहारे पार कर रहे उफनता नाला
बारिश में घाटी से पानी तेजी से बहता हुआ नीचे आ रहा है। ऐसे में बच्चे स्कूल आने-जाने के लिए चट्टानों पर पैर रखकर एक-दूसरे का हाथ थामकर उफनता नाला पार कर रहे हैं।
वर्षों से पुल-सड़क की मांग, नहीं मिली राहत
ग्राम पंचायत सोनवारी के मोदीनगर व आदिवासी बस्ती के ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। बारिश के दिनों में उफनते नाले को पार करना यहां के निवासियों की मजबूरी बन चुका है। सोनवारी की सरपंच कृष्णाबाई उमाकांत उपाध्याय ने 2024 और 2025 में जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंपा, लेकिन प्रशासन की नींद नहीं खुली।
यह भी पढ़ें- 'स्कूल चलो' की जल्दी में जोखिम भरी उछाल: विदिशा में स्टाप डैम से उफनती नदी को पार कर पाठशाला जा रहे बच्चे
ग्रामीण राघवेंद्र ने बताया कि चार वर्षों से ग्राम पंचायत, जिला प्रशासन और सीमेंट कंपनी के सीएसआर विभाग को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं। सीएसआर मद से रपटा और सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं हो पाई है।
प्रशासन का नहीं मिला पक्ष
इस संबंध में जब मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी से संपर्क किया गया, तो बात नहीं हो पाई। इससे पहले मैहर की ग्राम भदनपुर का भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें स्कूल से घर लौटते समय पांच वर्षीय मासूम तेज बहाव में बहने लगा था, जिसे ग्रामीणों ने बचा लिया था।
