MP में अवैध शराब से मौतों के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सागर-देवास के कलेक्टर-एसपी को हटाया
मध्य प्रदेश सरकार ने अवैध शराब से हुई मौतों के बाद सागर और देवास जिलों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया ...और पढ़ें

देवास व सागर के कलेक्टर व एसपी को हटाया गया।
HighLights
अवैध शराब से मौतों के बाद MP में फेरबदल।
सागर-देवास के कलेक्टर और SP हटाए गए।
नए अधिकारियों को मिली जिलों की जिम्मेदारी।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में अवैध शराब से हुई मौतों के मामलों के बाद सरकार ने मंगलवार को सागर और देवास जिलों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। दोनों जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को हटाकर नए अधिकारियों की पदस्थापना की गई है। सागर में दिलीप कुमार यादव को कलेक्टर और संजीव कुमार सिन्हा को पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है। वहीं, देवास की जिम्मेदारी नेहा मीना को कलेक्टर और आदित्य मिश्रा को पुलिस अधीक्षक के रूप में सौंपी गई है।
यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब सागर में जहरीली शराब से प्रशासन के अनुसार 20 लोगों की मौत और देवास के चंदाना व बिंजाना गांवों में शराब से हुई मौतों को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठ रहे थे। दोनों मामलों में जिम्मेदारी तय करने और अवैध शराब के नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
सागर में करीब एक महीने बाद बदले कलेक्टर और SP
सागर में जहरीली शराब से मौतों के बाद कलेक्टर प्रतिमा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया को हटाने की मांग उठ रही थी। सरकार ने अब प्रतिमा पाल को कलेक्टर पद से हटाकर प्रबंध संचालक, पर्यटन निगम पदस्थ किया है। उनकी जगह दिलीप कुमार यादव को सागर कलेक्टर बनाया गया है।
वहीं, एसपी अनुराग सुजानिया को पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) पदस्थ किया गया है। उनकी जगह संजीव कुमार सिन्हा सागर के नए एसपी होंगे।
सुजानिया इससे पहले मुरैना में भी एसपी रहते हुए जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले के दौरान चर्चा में आए थे। उस घटना में 24 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद उन्हें वहां से भी हटाया गया था।
देवास में भी कलेक्टर और SP बदले
देवास जिले के चंदाना और बिंजाना गांवों में शराब से हुई मौतों के मामले के बाद सरकार ने कलेक्टर ऋतुराज और एसपी पुनीत गहलोत को भी हटा दिया है। ऋतुराज को उप सचिव पद पर भेजा गया है, जबकि पुनीत गहलोत को पुलिस मुख्यालय में AIG पदस्थ किया गया है।
देवास में अब नेहा मीना कलेक्टर और आदित्य मिश्रा पुलिस अधीक्षक होंगे। आदित्य मिश्रा इससे पहले बालाघाट में एसपी के रूप में पदस्थ थे। सरकार के इस फैसले को दोनों जिलों में अवैध शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासनिक स्तर पर किए गए बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से की थी बात
देवास में प्रभावित परिवारों से मुलाकात के बाद सोमवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फोन पर बातचीत की थी। इस मामले में पुलिस ने अवैध शराब से जुड़े आरोपों में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
दोनों जिलों में हुई मौतों के बाद अब प्रशासन और पुलिस के सामने अवैध शराब की आपूर्ति पर अंकुश लगाने, जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की चुनौती है।
यह भी पढ़ें- भोपाल के VIP इलाके में चंदन चोरी: IAS अधिकारी के बंगले से पेड़ काटकर ले गए चोर; बाजू में DGP का बंगला
भागीरथपुरा मामले के बाद हटाए गए थे दिलीप यादव
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से हुई मौतों के बाद शासन ने नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव और अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को पद से हटाया था। रोहित सिसोनिया को 13 अक्टूबर को रायसेन पदस्थ किया गया था। इसके बाद दिलीप कुमार यादव, जो राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक थे, को अब सागर कलेक्टर बनाया गया है।
इधर, सिवनी कलेक्टर नेहा मीना को देवास की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिवनी में उनके स्थान पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की उप सचिव अंजू अरुण कुमार को कलेक्टर बनाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।