5 माह से वेतन नहीं, अब सड़कों पर उतरेंगे MP के 30 हजार स्वास्थ्य कर्मी, 4 मई से चरणबद्ध आंदोलन का एलान
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग और एनएचएम से जुड़े 30 हजार आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी वेतन न मिलने और अधिकारों की अनदेखी के खिलाफ 4 मई से चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।

एमपी में स्वास्थ्यकर्मी आर-पार के मूड में (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से जुड़े करीब 30 हजार आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने वेतन संकट और अधिकारों की अनदेखी के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। कर्मचारियों ने 4 मई से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है।
आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारी
कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 5-6 महीनों से उन्हें नियमित वेतन नहीं मिल रहा, जिससे आर्थिक हालात बिगड़ते जा रहे हैं। अल्प वेतन के साथ वेतन विसंगतियां, एनपीएस, स्वास्थ्य बीमा, अवकाश और महंगाई भत्ते जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी उन्हें वंचित रखा जा रहा है। स्थिति यह है कि कई कर्मचारियों के सामने परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई तक संकट में आ गई है।
आंदोलन की बनाई रूपरेखा
आंदोलन की रूपरेखा के तहत 4 मई को सभी जिला मुख्यालयों पर राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 18 मई को सीएमएचओ कार्यालयों में प्रमुख सचिव के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। वहीं 25 मई से भोपाल में उपमुख्यमंत्री के बंगले के सामने अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित
कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। उनका कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते अब वे आंदोलन के लिए मजबूर हैं।
यह भी पढ़ें- रेलयात्रियों को राहत : भोपाल मंडल की 10 ट्रेनों में जुड़ेंगे 3AC इकॉनॉमी कोच, जानिए कबसे लागू होगा बदलाव
इस संभावित आंदोलन से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है, जिससे सरकार पर दबाव भी बढ़ सकता है।
