सिंगरौली में बैंक डकैती के बाद MP पुलिस का बड़ा कदम, पूरे प्रदेश में पहली बार होगा बैंकों का सुरक्षा ऑडिट
यह पहली बार है जब पुलिस सीसीटीवी, सुरक्षा गार्ड और अलार्म सहित बैंक सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक मूल्यांकन करेगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

सिंगरौली में बैंक डकैती के बाद सक्रिय हुई पुलिस।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, भोपाल। पिछले सप्ताह सिंगरौली जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में डकैती के बाद पुलिस प्रदेश के सभी बैंकों का सुरक्षा ऑडिट कराने जा रही है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने इंदौर और भोपाल के पुलिस आयुक्त और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है। इसमें मुख्य रूप से यह देखा जाएगा कि बैंकों में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड, अलार्म आदि की व्यवस्था किस स्तर की है। इसमें सुधार की क्या आवश्यकता है। कमी का विश्लेषण करते हुए सभी बैंकों को सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने के लिए कहा जाएगा।
डीजीपी की सक्रियता के बाद कार्रवाई
बता दें, इस वारदात के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीजीपी कैलाश मकवाणा भी हेलीकाप्टर से सिंगरौली पहुंचे थे। तब उन्होंने सुरक्षा प्रबंध के बारे में भी बैंक और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली थी, इसी कड़ी में अब सभी सरकारी और निजी बैंकों का ऑडिट कराया जा रहा है।
यह पहली बार है जब पुलिस बैंकों का सुरक्षा ऑडिट करने जा रही है। इसके पहले एक साथ सभी बैंकों में सुरक्षा प्रबंध का ऑडिट एक साथ कभी नहीं हुआ।
ऑडिट में यह देखा जाएगा
- सीसीटीवी कैमरे कितने लगे हैं। उनसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्र कवर हो रहे हैं या नहीं।
- इन कैमरों की गुणवत्ता कैसी है। बैंकों के आसपास के क्षेत्रों में कहां-कहां कैमरे लगे हैं।
- सुरक्षा गार्ड अलग-अलग पाली में कितने लगे हैं। वे मानकों के अनुसार हैं या नहीं। उनके पास हथियार हैं या नहीं।
- बैंकों में लगे अलार्म का भी परीक्षण किया जाएगा। इसमें देखा जाएगा कि वे काम कर रहे हैं या नहीं। इसके पहले टेस्टिंग कब की गई थी।
- अन्य सुरक्षा प्रबंधों की जांच की जाएगी।
ऑडिट में सामने आने वाली कमियों का विश्लेषण कर बैंकों को जरूरी सुधार के निर्देश दिए जाएंगे। पुलिस का मानना है कि इस पहल से भविष्य में इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगेगा और बैंकिंग सुरक्षा और मजबूत होगी।
