मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव: 18 जून को मतदान, 1 जून से नामांकन शुरू, कांग्रेस को क्रॉस-वोटिंग का डर
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित हो गया है, मतदान 18 जून को होगा और नामांकन 1 जून से शुरू होंगे। भाजपा को दो सीटें म ...और पढ़ें

एमपी में तीन राज्य सभा सीटों के लिए चुनाव की घोषणा (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव का कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि प्रदेश में जून में रिक्त होने वाली तीन सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद उसी दिन मतगणना होगी और परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
दो सीट भाजपा, एक कांग्रेस के पास
चुनाव प्रक्रिया के तहत एक जून से नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे, जबकि आठ जून नामांकन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इस बार जिन तीन सीटों पर चुनाव होना है, उनमें भाजपा के केंद्रीय मंत्री जार्ज कुरियन, भाजपा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की सीटें शामिल हैं, जिनका कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।
दिग्विजय सिंह का यह राज्यसभा में लगातार दूसरा कार्यकाल रहा है। वहीं, जार्ज कुरियन अगस्त 2024 में हुए उपचुनाव में राज्यसभा पहुंचे थे। वे केंद्रीय मंत्री बनने के बाद रिक्त हुई सीट पर निर्वाचित हुए थे।
58 वोट से तय होगी जीत की राह
मध्य प्रदेश विधानसभा की कुल सदस्य संख्या 230 है, लेकिन दतिया के पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद वर्तमान प्रभावी संख्या 229 रह गई है। राज्यसभा चुनाव के निर्धारित गणित के अनुसार एक उम्मीदवार को जीत के लिए 58 मतों की आवश्यकता होगी।
वर्तमान विधानसभा समीकरणों पर नजर डालें तो भाजपा के पास 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 64 सदस्य हैं। एक सीट भारत आदिवासी पार्टी के पास है और एक सीट फिलहाल रिक्त है। इस गणित के आधार पर भाजपा का दो सीटों पर जीतना लगभग तय माना जा रहा है।
खबरें और भी
कांग्रेस को सता रही क्रॉस वोटिंग की चिंता
राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की चिंता अपने विधायकों को लेकर बढ़ती दिखाई दे रही है। पार्टी के विधायक दल की संख्या को लेकर पहले से ही कुछ अनिश्चितताएं बनी हुई हैं। बीना विधायक निर्मला सप्रे के खिलाफ दलबदल कानून के तहत मामला न्यायालय में लंबित है, वहीं विजयपुर से विधायक मुकेश मल्होत्रा के निर्वाचन को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण उन्हें मतदान का अधिकार नहीं मिला है।
ऐसी स्थिति में कांग्रेस की प्रभावी संख्या घटकर 62 के आसपास मानी जा रही है। पार्टी को आशंका है कि यदि कुछ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की या समर्थन में बदलाव हुआ तो राज्यसभा की एकमात्र संभावित सीट भी मुश्किल में पड़ सकती है।
यह है चुनाव कार्यक्रम
- अधिसूचना जारी होने की तारीख - 1 जून
- नामांकन पत्र भरने की आखिरी तारीख - 8 जून
- नामांकन पत्रों की जांच - 9 जून
- नामांकन पत्र वापस लेने की तारीख - 11 जून
- मतदान की तारीख - 18 जून (सुबह नौ से शाम चार बजे)
- मतगणना की तारीख - 18 जून