Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    RGPV में प्रश्नपत्र चोरी से मचा हड़कंप, ऐनवक्त पर टली परीक्षा; जीतू पटवारी बोले- 'भाजपा के राज में छात्रों के भविष्य की हो रही चोरी'

    Updated: Sat, 04 Jul 2026 03:01 PM (IST)

    भोपाल के आरजीपीवी में प्रश्नपत्र चोरी होने से पीजी चौथे सेमेस्टर की परीक्षा स्थगित करनी पड़ी, जिससे 240 छात्र प्रभावित हुए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ ए ...और पढ़ें

    प्रश्नपत्र चोरी के विरोध में एबीवीपी ने आरजीपीवी में किया प्रदर्शन।

    प्रश्नपत्र चोरी के विरोध में एबीवीपी ने आरजीपीवी में किया प्रदर्शन।

    HighLights

    1. कुलपति ने परीक्षा नियंत्रक से तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण।

    2. प्रश्नपत्र चोरी होने से 240 छात्रों को बिना परीक्षा दिए लौटना पड़ा।

    3. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना।

    डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी में स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) में गोपनीय प्रश्नपत्र चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (UTD) की परीक्षा शाखा से नौ विषयों के प्रश्नपत्रों के नौ सीलबंद बंडल गायब मिलने के बाद शुक्रवार को होने वाली पीजी चौथे सेमेस्टर (AIML) की परीक्षा अंतिम समय में स्थगित करनी पड़ी। घटना से विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है, जबकि करीब 240 विद्यार्थियों को बिना परीक्षा दिए लौटना पड़ा।

    विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को गंभीर मानते हुए कुलपति प्रो. आलोक शर्मा ने परीक्षा नियंत्रक (पीजी परीक्षा) अर्चना तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।

    परीक्षा से ठीक पहले छात्रों को मिली स्थगन की सूचना

    शुक्रवार सुबह 11 बजे परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले विद्यार्थियों को स्थगन की सूचना दे दी गई। जानकारी के अनुसार, स्कूल ऑफ बायोमॉलिक्यूलर टेक्नोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी की परीक्षा शाखा से आगामी परीक्षाओं के नौ विषयों के प्रश्नपत्र गायब पाए गए।

    ताला सलामत, खिड़की तोड़कर वारदात

    सुबह करीब 9:30 बजे जब परीक्षा शाखा के अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो मुख्य चैनल गेट पर ताला लगा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कई अलमारियों में से केवल एक अलमारी खुली मिली, जिसमें रखे गोपनीय प्रश्नपत्र गायब थे। जांच के दौरान एक खिड़की टूटी हुई मिली, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर उसी रास्ते अंदर घुसे। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को बुलाया।

    खबरें और भी

    कुलपति ने मांगा स्पष्टीकरण

    कुलपति प्रो. आलोक शर्मा ने परीक्षा नियंत्रक को जारी नोटिस में कहा कि प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करना परीक्षा शाखा की जिम्मेदारी थी। इस घटना से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है, इसलिए तीन दिन के भीतर विस्तृत स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जाए।

    एबीवीपी का प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

    घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। परिषद ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेने में देरी की और आंदोलन के बाद ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। एबीवीपी ने प्रश्नपत्र चोरी के दोषियों के साथ-साथ परीक्षा व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की है।

    इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोपनीय प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रखरखाव, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा प्रोटोकॉल की प्रभावशीलता को लेकर अब कई सवाल उठ रहे हैं।

    कांग्रेस ने सरकार को घेरा

    मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा- मध्य प्रदेश में वोट चोरी, सीट चोरी के बाद अब भाजपा के राज में परीक्षा के प्रश्नपत्र भी चोरी हो रहे हैं। भोपाल स्थित RGPV यूनिवर्सिटी में होने वाली परीक्षा से ठीक पहले गोपनीय प्रश्नपत्रों के 9 सीलबंद लिफाफे चोरी हो गए। परीक्षा कक्ष का ताला टूटा मिला और छात्रों के प्रश्नपत्र गायब पाए गए। मोहन यादव जी के राज में सिर्फ पेपर नहीं, छात्रों का भविष्य चोरी हो रहा है।

    यह भी पढ़ें- भोपाल में नोटिस के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्थाएं, Unacademy और Durrani कोचिंग क्लासेस सील

    पुलिस जांच में जुटी

    गांधी नगर थाना प्रभारी ब्रजेंद्र मर्सकोले के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रबंधन की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चोरी, सुरक्षा में चूक और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

    यह मामला गंभीर है। विवि की ओर से पुलिस थाना में FIR दर्ज करा दी गई है। साथ ही परीक्षा नियंत्रक को नोटिस जारी किया गया है।
    - प्रो. आलोक शर्मा, कुलपति, आरजीपीवी