त्विषा केस: जेल में गिरिबाला सिंह की बैरक सुरक्षा प्रभारी बदली, अतिरिक्त सुविधाओं पर उठे सवाल
त्विषा शर्मा की मौत के मामले में भोपाल सेंट्रल जेल में आरोपित बेटे समर्थ सिंह के साथ कैद हैं पूर्व जज गिरिबाला सिंह। डीआईजी की रिपोर्ट पर दो के खिलाफ ...और पढ़ें

पूर्व जज गिरिबाला सिंह को दो हफ्ते की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मॉडल एवं एक्टर त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में सेंट्रल जेल में कैद सेवानिवृत्त जिला जज गिरिबाला सिंह की बैरक की सुरक्षा प्रभारी की जिम्मेदारी से डिप्टी जेलर जया यादव को हटा दिया गया है। उनकी जगह पर एक मैट्रन को यहां सुरक्षा प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
इस कार्रवाई को गिरिबाला को अतिरिक्त सुविधाएं पहुंचाने के विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि डिप्टी जेलर जया यादव ने गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ सिंह को लेकर जेल प्रशासन की अतिरिक्त नरमी पर आपत्ति दर्ज कराई थी।
डीआईजी ने निरीक्षण कर सौंपी रिपोर्ट
इस बीच, यह भी सामने आया है कि शुक्रवार को जेल डीआईजी संजय पांडेय ने सेंट्रल जेल का औचक निरीक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट महानिदेशक वरुण कपूर को दी है। इसमें गिरिबाला के लिए नियमों की अनदेखी कर अतिरिक्त सुविधाएं मुहैया कराने का जिक्र है। सूत्रों का कहना है कि इस रिपोर्ट के आधार पर दो अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है।
इनमें से एक अधिकारी का तबादला किया जा रहा है, जिनकी जगह सागर जेल से एक अधिकारी को भोपाल लाने पर विचार चल रहा है, जबकि दूसरे अधिकारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इस संबंध में जल्द ही कारागार मुख्यालय से आदेश जारी होने की बात बताई गई है।
खबरें और भी
12 मई को हुई थी त्विषा की मौत
त्विषा शर्मा की मौत 12 मई की शाम भोपाल शहर में कटारा हिल्स स्थित उनकी ससुराल में हुई थी। पति अधिवक्ता समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह ने इसे आत्महत्या बताया, लेकिन मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया। स्थानीय पुलिस के रवैये से नाराज मायके वालों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की, उसके बाद जांच सीबीआई को सौंप दी गई। सीबीआई ने गिरिबाला और समर्थ को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पांच दिनों तक पूछताछ की। दो जून को दोनों को दो हफ्ते की न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
आरोपपत्र की तैयारी में सीबीआई
सीबीआई का पूरा फोकस कोर्ट में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करने पर है। इसके लिए पुरानी सभी रिपोर्ट और बयानों का बारीकी से अवलोकन किया जा रहा है, ताकि मामले के सारे वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य मजबूती से कोर्ट के सामने रखे जा सकें। अधिकारियों का दावा है कि चार्जशीट तैयार करने का काम जारी है और इसे जल्द ही कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा।