'शो कैंसिल, पैसे गायब..?' ग्वालियर में सिंगर अदनान सामी पर 17.62 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, कोर्ट पहुंचा मामला
ग्वालियर में एक इवेंट कंपनी की डायरेक्टर ने गायक अदनान सामी और उनकी टीम पर म्यूजिक शो रद्द करने के बाद 17.62 लाख रुपये का एडवांस वापस न करने का आरोप लगाया है।

गायक अदनान सामी (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। प्रसिद्ध गायक अदनान सामी और उनकी टीम पर ग्वालियर में म्यूजिक शो रद्द करने के बाद एडवांस राशि वापस न करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में शहर की एक इवेंट कंपनी की डायरेक्टर लावण्या सक्सेना ने सत्र न्यायालय में याचिका दायर कर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
33 लाख में तय हुआ था शो
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में ‘मदहोश’ नाम से ग्वालियर में म्यूजिक शो आयोजित करने के लिए अदनान सामी और उनकी टीम से 33 लाख रुपये में करार हुआ था। लावण्या सक्सेना और उनके पति वरुण सक्सेना ने 17.62 लाख रुपये एडवांस के रूप में ट्रांसफर किए।
पहले शो की तारीख 27 सितंबर 2022 तय हुई, जिसे बाद में 30 अक्टूबर कर दिया गया। लेकिन इसके बाद कथित तौर पर सिंगर और उनकी टीम ने कार्यक्रम करने से इंकार कर दिया।
रिफंड का वादा, लेकिन नहीं लौटा पैसा
आरोप है कि टीम के मैनेजर तुषार चौहान और अरुण जैन ने एक लाख रुपये काटकर बाकी रकम लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कई बार संपर्क करने के बावजूद पैसे वापस नहीं किए गए।
पुलिस से लेकर कोर्ट तक पहुंचा मामला
पीड़िता ने पहले थाना इंदरगंज, फिर एसपी और आईजी कार्यालय में शिकायत की, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई। इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष आवेदन दिया गया, जिसे खारिज कर दिया गया। अब इस फैसले को चुनौती देते हुए सत्र न्यायालय में पुनरीक्षण याचिका दाखिल की गई है।
यह भी पढ़ें- '12 लाख की लूट का फर्जी ड्रामा फेल' : भिंड में महिला ने रची झूठी कहानी, पुलिस ने खोला राज
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता का कहना है कि पुलिस रिपोर्ट में भी एडवांस राशि लेने की पुष्टि हुई है, इसके बावजूद एफआईआर दर्ज न होना सवाल खड़े करता है।
कार्रवाई की मांग
याचिका में सत्र न्यायालय से निचली अदालत का आदेश निरस्त कर अदनान सामी, तुषार चौहान और अरुण जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने की मांग की गई है।

